IND vs NZ: चौथे वनडे में रोहित शर्मा को मिलेगा नया ओपनिंग पार्टनर, गेंदबाजी अटैक में भी बदलाव तय; सीरीज जीत पर भारत की नजर
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का चौथा मुकाबला शुक्रवार को होगा। इस मैच में रोहित शर्मा नए ओपनिंग पार्टनर के साथ मैदान पर उतरेंगे।
-1794499450630_m.webp)
भारत-न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण, माउंट माउंगानुई। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच वनडे मैचों की सीरीज का कारवां पहुंच चुका है माउंट माउंगानुई, जिसे कीवियों का गढ़ माना जाता है। क्राइस्टचर्च और आकलैंड में जीत के बाद हैमिल्टन में तीसरा वनडे बारिश से रद होने के बाद अब भारतीय टीम बदले हुए संयोजन के साथ उतरेगी।
बदले संयोजन के साथ श्रेयस अय्यर की अगुआई वाले भारत के सामने जीत के साथ ही सीरीज जीतने की भी चुनौती होगी। शुभमन गिल और केएल राहुल के टेस्ट टीम से जुड़ने के कारण अंतिम एकादश में बदलाव तय हैं।
ऐसे में रुतुराज गायकवाड़ और ईशान किशन को बल्लेबाजी क्रम में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है, जबकि मोहम्मद सिराज की भी वापसी की उम्मीद है।
कौन करेगा रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग?
गिल की अनुपस्थिति में रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत कौन करेगा, यह सबसे बड़ा सवाल है। रुतुराज गायकवाड़ और ईशान किशन दोनों इस भूमिका के दावेदार हैं। हालांकि, टीम प्रबंधन के संकेतों से लगता है कि गायकवाड़ को आरंभिक बल्लेबाज के रूप में उतारा जा सकता है, जबकि ईशान मध्यक्रम में खेलेंगे। राहुल की गैरमौजूदगी में ईशान विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
वह चार साल पहले इसी भूमिका में दोहरा शतक जड़ चुके हैं। चोट के कारण टी-20 सीरीज के अधिकांश मुकाबलों से बाहर रहने के बाद अब उनके पास खुद को साबित करने का मौका होगा।
गायकवाड़ के लिए भी यह सीरीज में अपनी छाप छोड़ने का अच्छा अवसर है। पिछले चार वनडे मुकाबलों में उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक निकला है। हालांकि, पिछली पांच वनडे पारियों में वह मध्यक्रम में बल्लेबाजी कर चुके हैं।
रोहित से बड़ी पारी की उम्मीद
वहीं, रोहित शर्मा भी इस दौरे पर अब तक बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। वह पहले वनडे में शून्य और दूसरे में 23 रन बनाकर आउट हुए थे। ऐसे में उनसे भी बड़ी पारी की उम्मीद होगी। गिल की जगह श्रेयस अय्यर पहली बार वनडे में भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे।
शॉर्ट गेंदों के सामने उनकी परेशानी इस सीरीज में चर्चा का विषय रही है। ऐसे में कप्तानी के साथ बल्ले से बेहतर प्रदर्शन करना भी उनके लिए जरूरी होगा। भारतीय टीम का सपोर्ट स्टाफ भी दो हिस्सों में बंट चुका है।
मुख्य कोच गौतम गंभीर और स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले वनडे टीम के साथ हैं, जबकि बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक, गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल और क्षेत्ररक्षण कोच सुभदीप घोष टेस्ट टीम के साथ वेलिंगटन रवाना हुए हैं।
सिराज की वापसी
गेंदबाजी में अंशुल कंबोज की जगह मोहम्मद सिराज को मौका मिल सकता है। कंबोज टेस्ट टीम की तैयारियों के लिए वेलिंगटन रवाना हो चुके हैं। सिराज ने इस वनडे सीरीज में अब तक गेंदबाजी नहीं की है, लेकिन हाल ही में भारत ए की ओर से खेलते हुए चार विकेट लेकर उन्होंने अपनी लय का संकेत दिया था।
आकिब नबी और अर्शदीप सिंह अपनी जगह बरकरार रख सकते हैं। वहीं, टीम प्रबंधन गुरनूर बराड़ को भी टेस्ट टीम के साथ अभ्यास के लिए रोकने पर विचार कर रहा है। वह टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन न्यूजीलैंड के लंबे कद के तेज गेंदबाजों को देखते हुए भारतीय बल्लेबाजों को अभ्यास कराने में मदद कर सकते हैं।
चौथे वनडे के बाद उन्हें वनडे टीम से रिलीज करने पर फैसला हो सकता है।दूसरी ओर, न्यूजीलैंड भी कई प्रमुख खिलाड़ियों के बिना उतरेगा। टाम लाथम, डेरिल मिशेल, ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ और हेनरी निकोल्स टेस्ट की तैयारी के लिए वनडे टीम से बाहर हैं।
न्यूजीलैंड को घरेलू मैदान पर आखिरी बार वनडे सीरीज में भारत ने ही सात साल पहले हराया था। अब सीरीज बचाने के लिए उसके सामने बाकी दोनों मैच जीतने की चुनौती है।
भारत और न्यूजीलैंड का स्क्वाड
भारत : श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, इशान किशन, अक्षर पटेल, नमन धीर, रुतुराज गायकवाड़, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, कुमार कुशाग्र, यश ठाकुर, कुलदीप यादव।
न्यूजीलैंड : मिशेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलेन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्राफ्ट, मिच हे, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, निक हेली, ब्रेट रेंडल, टिम सीफर्ट, विल यंग।
यह भी पढ़ें- KKR ने पिछली बार करोड़ों देकर किया था बाहर, अब IPL ऑक्शन में फिर किस्मत आजमाएंगे मुस्तफिजुर; इस बार क्या होगा?
यह भी पढ़ें- PAK vs SL: बारिश ने बिगाड़ा चौथे दिन का खेल, आखिरी दिन नहीं हुआ चमत्कार तो ड्रॉ हो जाएगा मुकाबला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।