IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन में सीरीज सील करने उतरेगा भारत, बल्लेबाजी की कमियों को दूर करना चाहेगी टीम इंडिया
भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में सीरीज जीतने उतरेगा, साथ ही बल्लेबाजों की फॉर्म और टीम संयोजन के सवालों के जवाब भी तलाशेगा।

इंडिया वर्सेस न्यूजीलैंड

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। भारत के सामने न्यूजीलैंड के विरुद्ध तीसरे वनडे में सिर्फ सीरीज जीतने की चुनौती नहीं होगी, बल्कि कुछ अहम सवालों के जवाब तलाशने का भी मौका होगा। सबसे बड़ा सवाल अनुभवी रोहित शर्मा की फॉर्म को लेकर है, जिनका बल्ला शुरुआती दोनों मुकाबलों में शांत रहा है। वहीं कप्तान शुभमन गिल भी अब तक अपनी छाप नहीं छोड़ सके हैं।
विराट कोहली को छोड़ दें तो भारतीय बल्लेबाजी लय में नजर नहीं आई है। ऐसे में मंगलवार को हैमिल्टन के सिडन पार्क में होने वाले मुकाबले में भारत की कोशिश जीत के साथ सीरीज अपने नाम करने और बल्लेबाजों को परिस्थितियों से तालमेल बिठाने का मौका देने की होगी।
सीरीज में आगे है भारतीय टीम
पांच मैचों की सीरीज में भारत 2-0 से आगे है। पहले वनडे में ऑकलैंड में विराट ने शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी, जबकि दूसरे मुकाबले में भी उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया। लेकिन रोहित पहले मैच में खाता भी नहीं खोल सके थे और दूसरे में सिर्फ 23 रन बना पाए। 39 वर्षीय पूर्व कप्तान के लिए अब बड़ी पारी खेलना जरूरी हो गया है।
पिछले कुछ समय में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी का अंदाज बदला है। अब वह शुरुआत में संभलकर खेलते हैं और पैर जमने के बाद आक्रामक रुख अपनाते हैं। हालांकि न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में यह रणनीति अब तक उनके लिए ज्यादा सफल नहीं रही है।कप्तान गिल के लिए भी यह मुकाबला अहम है। वह सीरीज के आखिरी दो मैच नहीं खेलेंगे और वेलिंगटन में होने वाले पहले टेस्ट की तैयारी के लिए टेस्ट टीम से जुड़ेंगे। ऐसे में वह वनडे सीरीज जीत के साथ विदा लेना चाहेंगे। तीसरे वनडे में अच्छी पारी उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाएगी। आखिरी दो मुकाबलों में श्रेयस अय्यर टीम की कप्तानी करेंगे।
पांचवें नंबर पर उतर सकते हैं राहुल
टीम प्रबंधन के सामने बल्लेबाजी क्रम को लेकर भी एक विकल्प है। पिछले मैच में अक्षर पटेल को केएल राहुल से पहले पांचवें नंबर पर भेजा गया था। यह फैसला मध्यक्रम में बाएं हाथ का बल्लेबाज रखने के उद्देश्य से लिया गया था, लेकिन तेज गेंदबाजों के अनुकूल परिस्थितियों और असमान उछाल में अक्षर को परेशानी हुई। इसके उलट राहुल ने उपयोगी पारी खेलकर अपनी क्षमता दिखाई।
ऐसे में कोच गौतम गंभीर इस प्रयोग पर दोबारा विचार कर सकते हैं। राहुल के टेस्ट टीम से जुड़ने के कारण आखिरी दो मैचों में ईशान किशन विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। भारतीय तेज गेंदबाजों ने अब तक सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है।
तेज गेंदबाजों की शानदार गेंदबाजी
अर्शदीप सिंह, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़ और आकिब नबी ने मिलकर न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को लगातार दबाव में रखा है। हालांकि सिडन पार्क में भी ठंडे और नम मौसम के कारण तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की संभावना है। बारिश के कारण मुकाबले के प्रभावित होने की आशंका भी है। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों के लिए शुरुआती ओवरों में विकेट बचाना अहम होगा। मोहम्मद सिराज को इस मैच में खिलाने की संभावना कम है, क्योंकि टेस्ट सीरीज शुरू होने में ज्यादा समय नहीं बचा है।
भारत का स्क्वाड
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, अक्षर पटेल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह, ईशान किशन, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव।
न्यूजीलैंड का स्क्वाड
मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, काइल जैमीसन, निक केली, टॉम लाथम, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम साइफर्ट, नाथन स्मिथ, विल यंग।
यह भी पढ़ें- साउथ अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय टीम का एलान, मंधाना होंगी कप्तान; जेमिमा रोड्रिग्स की हुई वापसी
यह भी पढ़ें- SA vs ENG: साउथ अफ्रीका दौरे के लिए इंग्लैंड के टेस्ट स्क्वाड का एलान, इस 'खूंखार' स्पिनर को पहली बार मिला मौका
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।