विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs NZ: सायं-सायं भरी जिंदगी में धायं-धायं करने के मूड से उतरेगी भारतीय टीम, टी20-वनडे के बाद टेस्ट सीरीज में फतह की तैयारी

By Abhishek TripathiEdited By: Praveen Kumar Mishra
Published: Wed, 18 Nov 2026 08:28 AM (IST)

भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में पहले टेस्ट के लिए तैयार है, जहां तेज हवाएं और हरी पिच चुनौती ...और पढ़ें

भारतीय क्रिकेट टीम

भारतीय क्रिकेट टीम

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

अभिषेक त्रिपाठी, वेलिंगटन। दुनिया के सबसे हवादार शहर में आपका स्वागत है... यहां की खिड़कियां अगर सायं सायं नहीं करें तो सोचिएगा कि ये सामान्य दिन नहीं है। इसी सायं-सायं भरी जिंदगी में भारतीय टीम गुरुवार को धायं-धायं करने के मूड से उतरेगी। यहां के बेसिन रिजर्व स्टेडियम में एक तरफ पहाड़ है तो दूसरी ओर खुला आसमान। यही कारण है कि यहां एक तरफ से तेज हवा आती है।

यहां के वेंस छोर से हवा साथ देती है जिससे तेज गेंदबाजों को मदद मिलती है लेकिन स्कोर बोर्ड छोर से यही हवा तेज गेंदबाजों को परेशान करती है। इधर से गेंदबाजों को रन अप लेने में दिक्कत होती है और गेंद पर कंट्रोल बनाने में भी परेशानी होती है। यही कारण है कि भारतीय गेंदबाजों ने यहां लगातार हवा के विरोध में गेंदबाजी करने का अभ्यास किया है।

गुरुवार से यहां दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला शुरू होगा। मेजबानों ने मेहमानों के लिए मेन्यु में हरी पिच को सजाकर रखा है। कप्तान शुभमन गिल ने भी मेन्यु का सही उपयोग करने का तरीका खोज लिया है।

चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगा भारत

गिल ने मंगलवार को कहा कि हम निश्चित रूप से चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरेंगे। हमारे सभी तेज गेंदबाजों ने इस दौरे पर अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसे में इनके बीच से चार तेज गेंदबाजों को चुनना हमारे लिए अच्छी चुनौती है। मालूम हो कि 3-2 से टी-20 और 3-1 से वनडे सीरीज जीतने वाली भारतीय टीम के लिए डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचने के लिए ये दोनों मैच जीतना बेहद जरूरी है।

जसप्रीत बुमराह की वापसी से भारतीय आक्रमण मजबूत हुआ है। गिल के संकेतों को मानें तो बुमराह के अलावा प्रसिद्ध कृष्णा, अंशुल कंबोज और आकाश दीप को अंतिम एकादश में मौका मिल सकता है। ऐसे में मोहम्मद सिराज को बाहर बैठना पड़ सकता है। श्रीलंका में कोलंबो टेस्ट में सिराज ने जिस तरह की गेंदबाजी की थी उससे टीम प्रबंधन उन पर अब तक विश्वास नहीं जता पा रहा है। गिल ने कहा कि हमने देखा है कि यहां तीसरे दिन से पिच सपाट हो जाती है और हमें ऐसे गेंदबाज की जरूरत है जो पिच पर गेंद को अच्छी तरह पटक सके। मालूम हो कि प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ ऐसी गेंदबाजी करने में सक्षम हैं।

पंत को लेकर दुविधा नहीं

भारतीय कप्तान गिल ने दैनिक जागरण की खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि विकेटकीपर ऋषभ पंत को लेकर कोई दुविधा नहीं है। उन्होंने 50 टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने दुनिया भर में रन बनाए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में शतक बनाया है। दैनिक जागरण ने पहले ही बताया था कि लगभग डेढ़ महीने से कोई मैच नहीं खेलने के बावजूद भारतीय टीम प्रबंधन फिट होकर आए पंत को यहां सीधे उतारने को तैयार है।

सैंटनर नहीं खेलेंगे

न्यूजीलैंड की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान और अनुभवी स्पिन ऑलराउंडर मिचेल सैंटनर टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। भारत के विरुद्ध पांचवें वनडे में उनके दाहिने हाथ में फ्रैक्चर हो गया था। सैंटनर की जगह दूसरे स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर डीन फॉक्सक्राफ्ट को टॉम लाथम की अगुआई वाली टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। फॉक्सक्राफ्ट ने मई में आयरलैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था।

खेल संबंधों के 100 वर्षों का जश्न

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय उच्चायोग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम और भारतीय कप्तान शुभमन गिल सहित दोनों क्रिकेट टीमें पहुंचीं। गिल से पूछा गया कि भारत में क्रिकेट के प्रति दीवानगी और उनसे की जा रही अपेक्षाओं को देखते हुए क्या उन्हें भारतीय टीम के कप्तान का पद प्रधानमंत्री जितना चुनौतीपूर्ण लगता है।

शुभमन गिल का बयान

गिल ने चुटकी लेते हुए कहा कि कुछ खास नहीं, बस जीतते रहना है। उनकी इस बात पर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े। 27 वर्षीय गिल से पूछा गया कि क्या उन्हें अपने से पहले के कप्तानों की विरासत प्रेरणादायक लगती है या फिर उससे कोई दबाव महसूस होता है तो उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि मुझ पर किसी तरह से अपेक्षाओं का कोई बोझ है। पहले के कप्तानों ने हमारा मार्ग प्रशस्त किया और अब उस रास्ते पर चलने व उनके अनुभवों को अपनाने की हमारी बारी है। हम बहुत भाग्यशाली रहे हैं कि हमारे पास विराट भाई, रोहित (शर्मा) और यहां तक कि गौतम भाई (गौतम गंभीर) जैसे खिलाड़ी हैं, जो बेहद अनुभवी हैं।

उन्होंने पूरी दुनिया में क्रिकेट खेली है और जबरदस्त सफलता हासिल की है इसलिए हम उनके अनुभवों को बहुत महत्व देते हैं। हमारे कई खिलाड़ियों को काफी बहुत पसंद है। वे न्यूजीलैंड के कई कैफे में जाते हैं और वहां उन्हें निश्चित रूप से थोड़ा अधिक सुकून मिलता है। हमें भी थोड़ा आराम करने का समय मिल जाता है, जिसमें हम सुकून से टहल सकते हैं।

टॉम लाथम का बयान

लाथम ने कहा कि हमने कुछ फुटेज देखे हैं, जिनसे पता चलता है कि पिछले 100 वर्षों में न्यूजीलैंड और भारत के बीच विभिन्न खेलों के जरिए एक बहुत ही खास रिश्ता रहा है इसलिए 100वें वर्ष में भारत के खिलाफ खेलना हमारे लिए वास्तव में खास है और उम्मीद है कि हम अगले 100 वर्षों में भी इसे जारी रखेंगे।

यह भी पढ़ें- RR Retained IPL 2027: मोहम्‍मद शमी नुकसान के साथ बने 'रॉयल', राजस्‍थान ने रिटेन किए 17 खिलाड़ी; 27.05 करोड़ रुपये बचे

यह भी पढ़ें- MI Retained IPL 2027: मुंबई इंडियंस ने रिटेन किए 16 प्‍लेयर्स, 32.6 करोड़ रुपये लेकर मिनी नीलामी में आएंगे पांच बार के चैंपियन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।