IND vs NZ: हठी पिच पर नहीं होते चमत्कार, पाटा विकेट की वजह से भारत की WTC की उम्मीद हुई धूमिल
वेलिंग्टन में भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट मैच बेसिन रिजर्व की पाटा पिच के कारण ड्रॉ पर समाप्त हुआ, जिससे भारत की जीत की उम्मीदें टूट गईं।

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो: BCCI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अभिषेक त्रिपाठी, वेलिंग्टन। अगस्त में कोलंबो के एसएससी मैदान की पाटा पिच पर भारतीय गेंदबाजों का जो हाल हुआ था, वैसा ही सोमवार को बेसिन रिजर्व की हठी पिच पर हुआ। भारत दोनों मैचों में प्रचंड मुद्रा में होने के बावजूद जीत नहीं दर्ज कर पाया। ये दो ड्रॉ उसे कई साल तक डराते रहेंगे लेकिन इस हठी पिच पर चमत्कार होना लगभग नामुमकिन था।
दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले को जीतने के लिए भारत को आखिरी दिन आठ बढ़िया गेंदों की जरूरत थी लेकिन वह भी हो न सका। भारत ने दूसरी पारी में 120 और दोनों पारियों में कुल 241 ओवर फेंके। जब शुभमन गिल को लगा कि इस पाटा पिच पर बचे हुए पांच विकेट नहीं मिलेंगे तो उन्होंने विपक्षी टीम से हाथ मिलाकर मैच को ड्रॉ करने पर सहमति जता दी। इस ड्रॉ के बाद भारतीय टीम के लगातार दूसरी बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की उम्मीद धूमिल हो चुकी है।
बेहद खराब पिच
हो सकता है कि भारत के किसी शहर, गांव या कस्बे में बैठकर आपको लगे कि न्यूजीलैंड की 15 मिमी घास वाली पिच पर शुभमन गिल की टीम 20 विकेट नहीं ले पाए। हो सके कुछ क्रिकेट के प्रकांड विद्वान इस बात पर कोच गौतम गंभीर की रणनीति की आलोचना करने में पसीना बहाने लगें लेकिन यहां मैदान में बैठकर यहां की परिस्थितियों को देखने के बाद मैं साफ-साफ कह सकता हूं कि इस मैच का परिणाम सिर्फ और सिर्फ बेसिन रिजर्व की अब तक की सबसे खराब पिच के कारण नहीं निकल सका है।
भारत ने बनाए 720 रन
भारत ने यहां टॉस जीता, पहले सत्र की परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए न्यूजीलैंड के पांच विकेट 70 रन पर लिए। उनको 368 रन पर ऑलआउट किया। 720 रन पर अपनी पहली पारी घोषित करके 352 रनों की बढ़त ली। करीब 135 ओवर में 10 विकेट लेकर जीत हासिल करनी थी लेकिन पिच से कोई मदद नहीं मिलने के कारण 120 ओवर के बाद ही हाथ खड़े करने पड़े। हालांकि इस मैच से भारत को चार अंक मिल गए हैं।
तेज गेंदबाजों के लिए मुश्किल परिस्थितियां
पहले दिन के पहले सत्र के बाद इस पिच की नमी खत्म हो गई। कई बार रोलिंग किए जाने के बावजूद इसमें मौजूद घास ने ऊपरी सतह को जोड़े रखा जिससे पिच पर क्रैक भी नहीं आए। न्यूजीलैंड की पिचों पर शुरुआती नमी के कारण गेंद सतह पर हल्के गड्ढे बना देती है। धूप पड़ने के बाद उसमें गेंद का उछाल असमान हो जाता है लेकिन यहां ऐसा भी नहीं हुआ। इस पिच पर बाउंस भी नहीं मिल रहा था जिसने गेंदबाजों की कमर तोड़ दी।
यही कारण था कि तेज गेंदबाज पर भी विकेटकीपर विकेट से सटकर खड़ा था और स्लिप कार्डन की जगह गिल ने शॉर्ट एक्स्ट्रा कवर या शॉर्ट मिडविकेट पर क्षेत्ररक्षक लगाए। यही कारण था कि भारतीय गेंदबाजों ने सिर्फ स्टंप को निशाना बनाने पर ध्यान दिया। हालांकि पिच धीमी होने के कारण बल्लेबाजों को खेलने के लिए ज्यादा समय मिल रहा था जिससे विकेट लेने की वह संभावना भी कम हो गई।
क्यों हाथ मिलाए
भारतीय गेंदबाज गेंदबाजी करते-करते थक चुके थे। उन्हें तीन दिन बाद दूसरा टेस्ट भी खेलना है और वेलिंगटन में जीत की कोई संभावना नहीं दिख रही थी। अगर भारतीय टीम 15 मिनट और गेंदबाजी करती तो वह इस दशक में अपने सबसे ज्यादा 245.3 ओवर के रिकॉर्ड को पार कर जाते। भारत ने 2023 में अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध सपाट पिच में इतने ओवर फेंके थे।
भारत को इस मैच को जीतने के लिए आखिरी दिन आठ विकेट की जरूरत थी। चौथे दिन भारत ने दो विकेट लिए थे और पांचवें दिन उसने शुरुआती कुछ ओवरों में तीन विकेट ले लिए जिससे लगा कि मामला बन जाएगा। वॉशिंगटन सुंदर ने हवा में गेंद को ड्रिफ्ट कराकर डेवोन कॉन्वे को तो प्रसिद्ध कृष्णा ने रचिन रवींद्र को बाहर भेजा। दूसरी नई गेंद आने से ठीक पहले अंशुल कंबोज ने बड़ी चतुराई से टॉम ब्लंडेल का बाहरी किनारा निकलवा लिया।
डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने गाड़ा खूंटा
इसके बाद डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स 43 ओवर तक खूंटा गाड़कर बल्लेबाजी करते रहे। मिचेल 186 और फिलिप्स 126 गेंदों तक आउट नहीं हुए। चाय के ब्रेक से ठीक पहले आठ मेडन ओवर हुए और ब्रेक के बाद लगातार 43 डॉट गेंदें डाली गईं। मिचेल और फिलिप्स हर गेंद को ब्लॉक करते रहे।
जसप्रीत बुमराह की कम गेंदबाजी
निश्चित तौर पर भारतीय प्रशंसकों को लग रहा होगा कि बुमराह ने पांचवें दिन सिर्फ 11 ओवर क्यों फेंके। उन्होंने तीन, तीन, तीन और दो ओवर के चार स्पैल फेंके। वह भारत के सबसे बड़े गेंदबाज हैं, ऐसे में क्या उन्हें आखिरी दिन और ज्यादा जोर नहीं लगाना चाहिए था? हालांकि यहां पर गिल को यह देखना था कि वह सबकुछ इस हठी पिच पर झोंक दें या अगले मैच के लिए भारतीय गेंदबाजों को बचाकर रखें।
2024-25 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम प्रबंधन ने बुमराह का इतना इस्तेमाल किया कि था कि उसका खामियाजा हमें पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर भुगतना पड़ा था। पीठ के स्ट्रेस फ्रैक्चर से उबरने के बाद वह इंग्लैंड में केवल पांच में से तीन टेस्ट मैच ही खेल पाए थे। कुल मिलाकर वेलिंगटन में भारत के हाथ खाली रहे, अब क्राइस्टचर्च की बारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।