डरबन टेस्ट में भी ऑस्ट्रेलिया ने की थी बॉल टैम्परिंग, दिग्गज खिलाड़ी के दावे से मचा हड़कंप
साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2018 में खेली गई टेस्ट सीरीज में बॉल टैम्परिंग का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। साउथ अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी ने अब बड़ा खुलासा किया है।

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम (P.C- X)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। सैंडपेपरगेट विवाद पर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट में आए भूचाल के बीच साउथ अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी एबी डीविलियर्स ने बड़ा दावा किया है। एबी डीविलियर्स ने कहा है कि 2018 में खेली गई सीरीज के पहले टेस्ट मैच में भी ऑस्ट्रेलिया ने बॉल टैम्परिंग की थी। पहला टेस्ट मैच डरबन में खेला गया था। केपटाउन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया टीम पर बॉल टैम्परिंग का आरोप लगा था, जिसे लेकर पिछले कुछ दिनों से फिर से हंगामा मचा है।
उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा के जरिए यह विवाद फिर से शुरू हुआ। इसके बाद कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने भी बयान जारी कर कई अहम खुलासे किए हैं।
सीरीज की शुरुआत से हो रही थी बॉल टैम्परिंग: एबी डीविलियर्स
अपने पॉडकास्ट पर डीविलियर्स ने कहा है कि ऑस्ट्रेलिया सीरीज की शुरुआत से ही किसी न किसी तरह से बॉल टैम्परिंग कर रहा था। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत डरबन से हुई थी। उन्होंने कहा कि डरबन में हम पहला टेस्ट मैच हार गए थे, जहां गेंद बहुत ही अजीब समय पर रिवर्स होने लगी थी, इतनी जल्दी गेंद का रिवर्स होना बहुत असामान्य बात है।
ऑस्ट्रेलिया को गलती माननी चाहिए: डीविलियर्स
डीविलियर्स ने कहा, मैंने वहां काफी क्रिकेट खेला है, इसलिए उन्होंने वहां जो भी किया हो, चाहे सैंडपेपर का इस्तेमाल किया हो या किसी कील का, मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, सच तो यह है कि वे पकड़े गए और सबको पता चल गया। साउथ अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी ने कहा कि खासकर गेंदबाजों को तो पता ही होगा, क्योंकि गेंद अपने आप रिवर्स नहीं होने लगती, यह ऑस्ट्रेलिया के लिए उनका पहला टेस्ट मैच तो था नहीं, इसलिए उन्हें बस सामने आकर यह मान लेना चाहिए कि 'दोस्तों, हमसे गलती हुई थी।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने खिलाड़ियों को बनाया बलि का बकरा: डीविलियर्स
डीविलियर्स ने कहा कि वह कभी भी उस हद तक नहीं गए, जितना कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने किया था। उन्होंने कहा, मैं खुद को एकदम परफेक्ट इंसान नहीं बता रहा हूं,हम सभी गेंद को रिवर्स कराने की कोशिश करते हैं, मगर सब नियमों के दायरे में रहकर होना चाहिए। डिविलियर्स ने 2018 की घटना को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के शुरुआती रवैये की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि उन्होंने खिलाड़ियों को बलि का बकरा बना दिया और बैनक्रॉफ्ट,वॉर्नर तथा स्टीव स्मिथ को दी गई सजाएं पूरी तरह से बेतुकी थीं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्वतंत्र फोरम बनाने का किया है ऐलान
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया सैंडपेपरगेट विवाद पर एक स्वतंत्र मंच बनाने की प्रक्रिया में है, जहां 2018 के उस दौरे से जुड़े लोग अपनी बात रख सकेंगे। हालांकि इसमें शामिल होने के लिए किसी पर कोई दबाव नहीं होगा। इस मंच का नेतृत्व कौन करेगा और इसके नियम क्या होंगे, यह इस हफ्ते तय होने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।