विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs NZ: पाटा पिच, खराब गेंद और लार के इस्तेमाल पर फट पड़े शुभमन गिल, न्यूजीलैंड के साथ इंग्लैंड को भी लपेटा

By Abhishek TripathiEdited By: Praveen Kumar Mishra
Published: Mon, 23 Nov 2026 10:50 PM (IST)

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ड्रॉ टेस्ट के बाद पिच, खराब कूकाबुरा गेंद और लार के इस्तेमाल पर प्रतिबंध को लेकर अपनी निराशा व्यक्त की। 

शुभमन गिल

शुभमन गिल

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

अभिषेक त्रिपाठी, वेलिंग्टन। न्यूजीलैंड की पाटा पिच में अपने गेंदबाजों को परेशान होते देखने के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल लगभग फट ही पड़े। उन्होंने यहां की पिच, खराब कूकाबुरा गेंद और टीमों को गेंद पर लार लगाने की फिर से अनुमति मिलने के मुद्दे को बड़े करीने से उठाया।

मैच के बाद गिल ने कहा कि मुझे लगता है कि गेंद का बहुत बड़ा रोल होता है। यहां इस्तेमाल हुई कूकाबुरा गेंद 25-30 ओवर के बाद ही बहुत नरम हो गई थी। मुझे लगता है कि दूसरी टीम ने भी इस बारे में शिकायत की थी। हमने पिछले साल इंग्लैंड में भी ऐसा ही देखा था। वहां शुरुआती तीन-चार मैचों में ड्यूक्स गेंद बहुत जल्दी नरम हो रही थी। पता नहीं गेंदों की क्वालिटी खराब हो गई है या कोई और बात है।

शुभमन गिल ने गेंद को लेकर उठाए सवाल

ऐसी परिस्थितियों में जब पिच से कोई मदद न मिल रही हो और ऊपर से गेंद भी नरम हो जाए तो गेंदबाजों के लिए विकेट लेना बहुत मुश्किल हो जाता है। बल्ले के किनारे से लगकर गेंद विकेटकीपर तक नहीं पहुंच रही थी। अगर पिच पर ज्यादा मूवमेंट न हो तो फिर आपके पास सिर्फ एलबीडब्ल्यू या बोल्ड करने का ही मौका बचता है इसलिए मुझे लगता है कि गेंदों की क्वालिटी बेहतर होनी चाहिए। इसके अलावा मुझे समझ नहीं आता कि हमें अभी तक गेंद को चमकाने की अनुमति क्यों नहीं दी गई है।

हम कोविड के दौर से काफी आगे निकल चुके हैं। पहले एक नियम था कि गेंद को चमकाने के लिए उस पर लार नहीं लगाई जा सकती। अब सात-आठ साल हो गए हैं, फिर भी मुझे समझ नहीं आता कि वे इसकी अनुमति क्यों नहीं दे रहे हैं। मुझे लगता है कि यह भी एक बड़ा कारण है।

अब हमें ड्रॉ की आदत नहीं: गिल

इस पिच पर ड्रॉ से निराशा के बाद दैनिक जागरण के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर पहले कोई टीम पांच टेस्ट मैचों की सीरीज खेलती थी तो अक्सर दो मैच ड्रॉ हो जाते थे। पहले ऐसा होना आम बात थी, लेकिन अब ऐसा कम ही होता है इसलिए हमें ड्रॉ की आदत नहीं है और यही वजह है कि हमें ज्यादा निराशा होती है। मुझे नहीं लगता कि पिच से कोई खास मदद मिल रही थी। हो सकता है कि एक-दो गेंदें नीची रहीं हों, लेकिन विकेट में कोई गति नहीं थी इसलिए जो गेंदें नीची भी रहीं, वे इतनी तेज नहीं थीं कि बल्लेबाज को छका सकें।

सिराज को नहीं खिलाने के निर्णय का बचाव

गिल ने कहा कि मुझे लगता है कि इस मैच के लिए हमारे पास जो सबसे बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण था, हम उसी के साथ खेले। सिराज एक शानदार खिलाड़ी और बेहतरीन गेंदबाज हैं, जिन्होंने भारत के लिए बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। सबसे बड़ी बात यह है कि वह मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। भारत के लिए खेलने से पहले से ही हम बहुत अच्छे दोस्त रहे हैं इसलिए उन्हें बाहर रखना मेरे लिए भी एक बहुत मुश्किल फैसला था लेकिन कभी-कभी आपको देखना पड़ता है कि कौन से गेंदबाज फॉर्म में हैं और कौन सबसे अच्छी गेंदबाजी कर रहा है।

मैंने इस बारे में बात की थी। मैच से पहले ही मैंने उसे बता दिया था कि वह इस मैच में नहीं खेल रहा है। मुझे नहीं पता कि वह इस बात से सहमत था या नहीं, लेकिन उसने बात समझ ली। वह समझ गया कि इसके पीछे क्या तर्क था। वह समझ गया कि हमने उसकी जगह किसी और को क्यों चुना। मुझे लगता है कि हर खिलाड़ी के करियर या जिंदगी में एक ऐसा दौर आता है, जब वह हमेशा अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ स्तर पर नहीं रह सकता। मुझे लगता है कि वह इस बात को समझते हैं और जब तक कोई खिलाड़ी कड़ी मेहनत करने और वापसी करने के लिए तैयार रहता है, तो यह हमारे लिए हमेशा एक सकारात्मक संकेत होता है। वह ऐसे खिलाड़ियों में से हैं जो हमेशा वापसी करना चाहते हैं और टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं।

कोई विकल्प नहीं था

आखिरी घंटे की शुरुआत में भारत ने डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स से हाथ मिला लिया, यानी टेस्ट जल्दी खत्म करने पर सहमति जता दी। इस निर्णय पर गिल ने कहा कि देखिए हमारे सभी तेज गेंदबाजों ने इस मैच में लगभग 50-50 ओवर गेंदबाजी की थी। अगर पिच से कोई मदद मिल रही होती या हमें या गेंदबाजों को ऐसा लगता कि वे बल्लेबाज को आउट कर सकते हैं, या फिर कोई ठोस योजना होती तो मैं उनसे चार-पांच ओवर और करवा सकता था। मुझे लगता है कि हमने अपनी सोची हुई हर रणनीति को आजमाया और गेंदबाजों ने उसे अच्छे से लागू भी किया लेकिन पिच से कोई खास मदद नहीं मिल रही थी, और हमें लगा कि 10-15 ओवर और डालने से भी कोई फायदा नहीं होने वाला।

यह भी पढ़ें- SA vs BAN: साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए बांग्लादेश की टीम का एलान, लिटन दास होंगे कप्तान

यह भी पढ़ें- SA vs BAN: साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में बांग्लादेश का 'शर्मनाक' सरेंडर, 31 साल के इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा 'अजूबा'

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।