कभी था भारत की अंडर-19 टीम का उपकप्तान, अब टीम इंडिया के खिलाफ ही उठाया बल्ला; ठोका शतक
हरप्रीत भाटिया ने एशिया कप राइजिंग स्टार्स में यूएई के लिए इंडिया-ए के खिलाफ शतक जड़ा। कभी भारत की अंडर-19 टीम के उपकप्तान रहे भाटिया ने 130 रनों की शानदार पारी खेली।

हरप्रीत भाटिया ने ठोका शतक

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशिया कप राइजिंग स्टार्स में इंडिया-ए का सामना आज यूएई से है। यूएई के कप्तान बासिल हमीद ने इस मैच में टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत तो अच्छी नहीं रही, लेकिन फिर हरप्रीत भाटिया ने पैर जमाए और शतक ठोका। हरप्रीत का जन्म भारत में ही हुआ था और वह भारत के लिए खेलना चाहते थे, लेकिन फिर किस्मत ने उन्हें यूएई पहुंचा दिया।
हरप्रीत ने इंडिया-ए के खिलाफ 144 गेंदों पर 130 रनों की पारी खेली और 12 चौकों के अलावा चार छक्के मारे। उनको कुछ दफा जीवनदान भी मिला जिसका उन्होंने फायदा उठाया। हरप्रीत के लिए यह शतक खास है क्योंकि यह भारत के खिलाफ आया है। हरप्रीत का जन्म मध्य प्रदेश के दुर्ग शहर में हुआ था।
अंडर-19 टीम का रहे हिस्सा
मध्य प्रदेश के लिए उन्होंने अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू भी किया था और भारत की अंडर-19 टीम के उपकप्तान भी रहे थे। इस खिलाड़ी ने अपने अनुभव का फायदा उठाया और 120 गेंदों पर शतक जमाया। वह साल 2009 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारत की अंडर-19 टीम के उप-कप्तान थे। उन्होंने साल 2008-09 में हुई कूच विहार ट्रॉफी में सात मैचों में 709 रन बना अपनी प्रतिभा दिखा दी थी। इसी कारण उन्हें इस साल बेस्ट अंडर-19 प्लेयर का अवॉर्ड भी मिला था। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्होंने 52.40 की औसत से 262 रन बनाए थे।
वह 2010 में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का भी हिस्सा थे। इसी टीम में केएल राहुल और मयंक अग्रवाल भी थे। अंडर-19 टीम में दम दिखाने के बाद तीन नवंबर 2009 को मध्य प्रदेश के लिए हरियाणा के खिलाफ अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। बाद में वह छत्तीसगढ़ चले गए और वहां से खेले।
आईपीएल भी खेले
2010 में हरप्रीत को आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने खरीदा था और मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्होंने अपना डेब्यू भी किया था। इसके बाद वह पुणे वॉरियर्स में भी खेले। 2011 और 2012 में वह इस टीम के लिए तीन मैच खेले। 2017 में वह आरसीबी में बतौर रिप्लेसमेंट आए, लेकिन खेल नहीं पाए। 2023 में वह पंजाब किंग्स में आ गए और अगले सीजन तक रहे। पंजाब के लिए उन्होंने कुल पांच मैच खेले थे।
SEVENTH HEAVEN FOR HARPREET! 🤩 A gritty turnaround capped off with his seventh List A ton 👏 Watch India A vs UAE in the #DPWorldAsiaCupRisingStarsMens2026, LIVE NOW on Sony Sports Network TV channels & Sony LIV. #SonySportsNetwork #SonyLIV #INDvUAE https://t.co/B3pJcg40u0
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) November 24, 2026
पहुंच गए यूएई
भारत के घरेलू क्रिकेट में लंबा समय बिताने के बाद हरप्रीत यूएई चले गए और उन्हें 2026 में उन्हें वहां की नागरिकता भी मिल गई। इसी साल अप्रैल में उन्होंने यूएई के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया और इसी महीने वनडे डेब्यू भी किया।
यह भी पढ़ें- IND-A vs UAE: पाकिस्तान से मिली हार के बाद भारत पर बाहर होने का खतरा, यूएई के खिलाफ मुकाबले को कैसे देखें लाइव?
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।