बाली में 4 दिन तक चलेगा ICC का महामंथन, WTC से लेकर बढ़ती T20 लीग और अफगान महिला क्रिकेटरों पर भी होगा फैसला
आईसीसी की बाली में चल रही चार दिवसीय बोर्ड बैठकों में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के आगामी चक्रों, 2028-35 की पुरुष प्रतियोगिताओं और बढ़ती टी20 लीगों पर चर्चा होगी।

ICC

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, बाली (इंडोनेशिया)। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की बुधवार से शुरू हुई बोर्ड की बैठकों में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2027-29 और 2029-31 चक्रों के लिए मैचों का प्रस्ताव रखा जाएगा, जबकि 2028-35 के बीच पुरुषों की प्रतियोगिताओं को मंजूरी के लिए भी पेश किया जाएगा।
आईसीसी की बैठकें चार दिन तक चलेंगी जिसमें विश्व क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था की आठ समितियों की बैठक होंगी। बुधवार से लेकर 15 नवंबर तक चलने वाली 2026 की बैठकों के अंतिम चरण में दुनिया भर से आईसीसी बोर्ड और समिति के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप को लेकर होगी चर्चा
आईसीसी ने कहा कि इन बैठकों में आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिए 2027-29 और 2029-31 चक्रों के लिए मुकाबलों का प्रस्ताव रखा जाएगा, जबकि 2028-35 के लिए आईसीसी की सभी प्रमुख पुरुष प्रतियोगिताओं के लिए समय-सीमा (विंडो) को मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा।
टी20 लीग को लेकर भी बात
इन बैठकों में फ्रेंचाइजी लीग रिव्यू ग्रुप और गवर्नेंस रिव्यू कमटी से मिलने वाली शुरुआती प्रतिक्रियाओं पर भी चर्चा होगी जिनका गठन इस वर्ष जुलाई में आईसीसी के वार्षिक सम्मेलन में किया गया था। आईसीसी ने कहा कि फ्रेंचाइजी लीग रिव्यू ग्रुप का उद्देश्य आईसीसी के मौजूदा नियमों और ढांचे को बेहतर बनाना है, जिससे कि फ्रेंचाइजी लीगों की बढ़ती संख्या से पैदा होने वाली नई चुनौतियों का सामना किया जा सके और इससे निपटने के लिए पारिस्थितिकी तंत्र (इकोसिस्टम) को अधिक सुरक्षित व मजबूत बनाया जा सके।
अफगानिस्तान की शरणार्थी महिला क्रिकेटरों को लेकर चर्चा
आईसीसी की गवर्नेंस रिव्यू कमेटी को आईसीसी के कामकाज की गहन समीक्षा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है और यह समिति अपनी शुरुआती सिफारिशें पेश करेगी। अफगानिस्तान की शरणार्थी महिला क्रिकेटरों के लिए गठित कार्यबल इससे जुड़े कार्यक्रम के आगे की गतिविधियों के बारे में आईसीसी बोर्ड के सामने अपनी सिफारिश से पेश करेगा।
जय शाह ने भी दी प्रतिक्रिया
आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह ने कहा कि आईसीसी बोर्ड और समिति की बैठकें खेल के वैश्विक शासी निकाय के रूप में आईसीसी की ताकत को दर्शाती हैं। दुनिया भर के सदस्यों का प्रतिनिधित्व करने वाले विभिन्न निदेशकों और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों का एक साथ बैठक करना हमारे खेल की भविष्य की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।