विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Suresh Raina Retirement: सुरेश रैना ने घरेलू क्रिकेट से लिया संन्यास, नहीं खेलेंगे IPL अन्य लीगों में खेलते आएंगे नजर

By Sanjay SavernEdited By:
Published: Tue, 06 Sep 2022 05:51 AM (IST)Updated: Tue, 06 Sep 2022 12:37 PM (IST)

Suresh Raina Retirement भारत के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना ने कहा कि मैं सबसे पहले 10 सितंबर से शुरू होने ...और पढ़ें

टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना (एपी फोटो)
टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना (एपी फोटो)

अभिषेक त्रिपाठी, नई दिल्ली। 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले मिस्टर आइपीएल सुरेश रैना अब आइपीएल और उत्तर प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट नहीं खेलेंगे। उन्होंने उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (यूपीसीए) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) को इस बारे में सूचित कर दिया है। एक तरह से कह सकते हैं कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बाद घरेलू क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया है। वह अब देश-विदेश की क्रिकेट लीग में खेलते नजर आएंगे, जैसे क्रिस गेल, कीरोन पोलार्ड आदि खिलाड़ी करते हैं। अब सुरेश रैना ने आधिकारिक तौर पर ट्वीट करके इसकी जानकारी दे दी है। 

205 आइपीएल मैचों में 5528 रन बनाने वाले रैना को चेन्नई सुपर किंग्स ने पिछले साल रिटेन नहीं किया था और खिलाडि़यों की नीलामी में भी बाकी टीमों ने उन्हें नहीं खरीदा था। रैना पिछले एक सप्तान से गाजियाबाद के आरपीएल क्रिकेट मैदान में अभ्यास कर रहे हैं। रैना ने दैनिक जागरण से कहा कि अभी मैं दो-तीन साल और क्रिकेट खेलना चाहता हूं। उत्तर प्रदेश में अब अच्छे लड़के आ गए हैं और उन्होंने टीम को अच्छे से संभाल लिया है। मैं यूपीसीए से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) ले लिया। बीसीसीआइ सचिव जय शाह और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को भी इस बारे में सूचित कर दिया। अब तक मेरा साथ देने के लिए मैं बीसीसीआइ और यूपीसीए का धन्यवाद देता हूं। अब मैं बाकी लीगों को खेलने के लिए स्वतंत्र हूं।

सुरेश रैना ने कहा कि मैं सबसे पहले 10 सितंबर से शुरू होने वाली रोड सेफ्टी व‌र्ल्ड सीरीज में खेलूंगा। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, यूएई की लीग वालों ने भी संपर्क किया है। जैसे ही चीजें साफ होंगी, उसके बारे में भी बताऊंगा। रैना ने भारत के लिए पांच शतक और 36 अर्धशतक के साथ 226 वनडे में 5615 न बनाए हैं। उन्होंने 18 टेस्ट मैचों में 768 रन बनाए हैं। उन्होंने भारत के लिए 78 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले हैं जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतकों की मदद से 1605 रन बनाए हैं।

सीएसके अगर चार बार आइपीएल चैंपियन बना है तो उसमें रैना का बहुत योगदान है। सीएसके की पैरेंट कंपनी इंडिया सीमेंट ने दक्षिण अफ्रीका में होने वाली टी-20 लीग के पहले संस्करण में टीम खरीदी है जिसका नाम जोबर्ग सुपर किंग्स है। पहले वो धौनी को भी इस लीग में खिलाना चाहते थे लेकिन बीसीसीआइ ने साफ मना किया था कि जो भारतीय खिलाड़ी आइपीएल या घरेलू क्रिकेट भी खेल रहा है वो अन्य लीग में नहीं खेल सकता है। धौनी फिलहाल अगले साल भी सीएसके की कप्तानी करेंगे और इस लीग में नहीं खेल पाएंगे। अगले साल छह जनवरी से 12 फरवरी तक प्रस्तावित इस लीग में रैना जोबर्ग सुपर किंग्स की तरफ से खेल सकते हैं। हाल में इसको लेकर उनकी और धौनी की बात भी हुई थी।