मुंबई इंडियंस से अलग होने के बाद अब इस टीम से जुड़े महेला जयवर्धने, नए सीजन के लिए मिली नई जिम्मेदारी
हाल ही में मुंबई इंडियंस से विदा लेने वाले दिग्गज कोच श्रीलंका के महेला जयवर्धने को नई फ्रेंचाइजी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

महेला जयवर्धने को मिली बड़ी जिम्मेदारी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। लंबे समय तक मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रहने के बाद श्रीलंका के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाजों में शुमार महेला जयवर्धने अब नई टीम में नजर आएंगे। 2027 सीजन के लिए उन्हें नई फ्रेंचाइजी ने अपने साथ जोड़ा है। जयवर्धने अब विमंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के अगले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की जिम्मेदारी संभालेंगे।
दिल्ली ने उन्हें आने वाले सीजन के लिए अपना डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट नियुक्त किया है। पिछले आईपीएल तक वह मुंबई इंडियंस के साथ थे और टीम को सफलता दिलाने में उनका अहम रोल रहा है। हालांकि, अब वह दिल्ली को खिताब दिलाने की रणनीति बनाएंगे। वह कोच जोनाथान बैटी के साथ मिलकर काम करेंगे। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को इस बात का एलान किया।
पहले खिताब का इंतजार
दिल्ली कैपिटल्स को अपने पहले खिताब का इंतजार है। अभी तक खेले गए चार सीजनों में दिल्ली हर बार फाइनल में पहुंची है, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सकी है। जयर्वधने के आने के बाद टीम को उम्मीद होगी कि वह अपना खिताबी सूखा खत्म करेगी। श्रीलंका के पूर्व कप्तान के रहते हुए मुंबई इंडियंस ने 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल जीता था।
अपनी नियुक्ति पर जयवर्धने ने कहा, "मेरा ध्यान मौजूदा ताकत के दम पर टीम को तैयार करना, प्रदर्शन में निरंतरता लाना और इस बात को सुनिश्चित करना होगा कि हम लगातार खिताब जीतने के लिए बेहतर होते जाएं।"
A T20 World Cup winner. Our former Captain. And one of the legends of the game 🐅 Welcome back home, Mahela 💙❤️ https://t.co/6vr4E3u3Xc
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) November 20, 2026
दिल्ली फ्रेंचाइजी में हुई वापसी
यह जयवर्धने की दिल्ली फ्रेंचाइजी में एक तरह से वापसी है। वह 2012 और 2013 में आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेल चुके हैं। हालांकि, कोच और खिलाड़ी के तौर पर किसी टीम के साथ जुड़ने में काफी अंतर होता है और जयवर्धने इस बात को समझते हैं। बतौर कोच वह अपने आप को साबित कर चुके हैं, लेकिन एक ऐसी टीम को खिताब दिलाना जो हर बार जीत की दहलीज पर पहुंचकर मायूस हो जाती है, उनके कोचिंग करियर को नए आयाम दे सकता है।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ की तेज गेंदबाज नंदिनी का दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए चयन, WPL में हैट्रिक लेकर बना चुकी रिकॉर्ड
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।