विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DDCA के 5 खिलाड़ी यो-यो टेस्ट में फेल फिर भी वीनू मांकड़ टीम में हुआ चयन

By Lokesh SharmaEdited By: Abhishek Upadhyay
Published: Sun, 04 Oct 2026 12:17 PM (IST)

डीडीसीए की वीनू मांकड़ अंडर-19 टीम के चयन पर सवाल उठे हैं, क्योंकि यो-यो टेस्ट में असफल रहे पांच खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया है।

डीडीसीए सवालों के घेरे में

डीडीसीए सवालों के घेरे में 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लोकेश शर्मा, जागरण, नई दिल्ली: दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) की वीनू मांकड़ अंडर-19 टीम के चयन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। 16 सदस्यीय टीम में ऐसे पांच खिलाड़ियों को जगह दी गई है, जो यो-यो फिटनेस टेस्ट में निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतर सके।

इससे भी अधिक चौंकाने वाली बात यह है कि टीम में शामिल आर्यन शर्मा का नाम यो-यो टेस्ट के लिए जारी 69 खिलाड़ियों की शार्टलिस्ट में भी नहीं था। ऐसे में चयन प्रक्रिया में फिटनेस टेस्ट और शार्टलिस्टिंग के मानकों को लेकर पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।

इन खिलाड़ियों को मिली जगह

वीनू मांकड़ अंडर-19 टीम में धन्या नकरा, उदय चावला, रुद्र देव यादव और पार्थ राज यो-यो टेस्ट में असफल रहे थे। इसके बावजूद इन्हें अंतिम टीम में शामिल किया गया है। वहीं आर्यन शर्मा को शॉर्टलिस्ट किए गए 69 खिलाड़ियों में जगह नहीं मिली थी, लेकिन वह 16 सदस्यीय टीम में शामिल हैं। ऐसे में सवाल है कि जब खिलाड़ियों के चयन के लिए फिटनेस टेस्ट और शॉर्टलिस्टिंग को आधार बनाया गया था तो बाद में किन मानकों के तहत इन खिलाड़ियों का चयन हुआ।

प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की अनदेखी

दूसरी ओर, तीन मैचों के ट्रायल में लगातार प्रभावी प्रदर्शन करने वाले मोहित कुमार को टीम में जगह नहीं दी गई। मोहित ने तीन ट्रायल मैचों में क्रमश: 75, 75 और 50 रन बनाए। वह अंडर-16 स्तर पर दिल्ली के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों में रहे हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि डीडीसीए की चयन प्रक्रिया में अंतिम चयन का वास्तविक मापदंड क्या है? यदि यो-यो टेस्ट अनिवार्य फिटनेस मानक है तो उसमें असफल खिलाड़ियों को किस आधार पर टीम में जगह दी गई और यदि चयन में अन्य मानदंड भी हैं तो उन्हें सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया। इससे खिलाड़ियों के भविष्य और चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। इस मामले में डीडीसीए के सचिव अशोक शर्मा से वाट्सएप और काल पर बात करने की कोशिश की गई लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।

यह भी पढ़ें- रणजी ट्रॉफी का सीजन शुरू होने में बचे केवल 10 दिन, 'भगवान भरोसे' दिल्‍ली क्रिकेट टीम का सेलेक्‍शन; कैसे जीत पाएंगे खिताब?

यह भी पढ़ें- फिक्सिंग की बातों को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स ने तोड़ी चुप्पी, बताया है क्या है असली सच