विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DC Retained IPL 2027: सौरव गांगुली को दिल्‍ली कैपिटल्‍स के भाग्‍य के बदलने का भरोसा, फ्रेंचाइजी ने रिटेन किए 16 प्‍लेयर्स

Published: Tue, 17 Nov 2026 09:33 PM (IST)

दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने आईपीएल 2027 के लिए 16 खिलाड़‍ियों को रिटेन किया जबकि 9 प्‍लेयर्स को रिलीज कर दिया है। डीसी के पास 39.5 करोड़ रुपये का पर्स बचा है।

दिल्‍ली कैपिटल्‍स

दिल्‍ली कैपिटल्‍स

HighLights

  1. दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने 16 खिलाड़‍ियों को रिटेन किया

  2. दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने 9 खिलाड़‍ियों को रिलीज किया

  3. सौरव गांगुली ने दिल्‍ली कैपिटल्‍स के बेहतर प्रदर्शन की उम्‍मीद जताई

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने मंगलवार को आईपीएल 2027 के लिए अपने रिटेन और रिलीज खिलाड़‍ियों की लिस्‍ट जारी की। डीसी ने 16 खिलाड़‍ियों को रिटेन किया जबकि 9 खिलाड़‍ियों को रिलीज कर दिया। फ्रेंचाइजी को भरोसा है कि रिटेन किए गए खिलाड़‍ियों के दम पर टीम आगामी सीजन में दमदार प्रदर्शन करेगी।

दिल्‍ली कैपिटल्‍स के हेड कोच सौरव गांगुली ने आगामी सीजन में टीम के भाग्‍य बदलने का भरोसा जताया। उन्‍होंने साथ ही ऋषभ पंत की वापसी पर खुशी भी व्‍यक्‍त की। गांगुली ने बताया कि दो युवा खिलाड़‍ियों समीर रीजवी और आशुतोष शर्मा से आगामी सीजन में बेहतर प्रदर्शन की उम्‍मीद है।

सौरव गांगुली ने क्‍या कहा

सौरव गांगुली ने कहा, 'सभी चीजों का मिश्रण है। पिछले कुछ सालों का प्रदर्शन, फ्रेंचाइजी का विश्‍वास कि अगले दो सालों में क्‍या करना है। फ्रेंचाइजी की वैल्‍यू क्‍या है और आईपीएल में किस पर क्रिकेट मैच जिताने का विश्‍वास है। ऋषभ पंत को दिल्‍ली कैपिटल्‍स में वापस पाकर खुश हैं। वो गुणी खिलाड़ी हैं। मुझे विश्‍वास है कि आगामी सीजन में फ्रेंचाइजी का भाग्‍य बदलेगा।'

अक्षर की जगह कोई नहीं ले सकता

दिल्‍ली कैपिटल्‍स में कप्‍तान अक्षर पटेल का महत्‍व समझाते हुए गांगुली ने जियो स्‍टार से कहा, 'दिल्‍ली कैपिटल्‍स में अक्षर की कोई जगह नहीं ले सकता। हां, लोगों ने पूछा, लेकिन हम खिलाड़‍ियों के पास गए और जाना कि किसे रिलीज नहीं करना है। आईपीएल ट्रेड विंडो में चीजें आसानी से इसी तरह काम करती है। जब अक्षर और आशुतोष दोनों की बात आती है तो जवाब 'ना' है। ये दोनों हमारी टीम के महत्‍वपूर्ण खिलाड़ी हैं।'

दो खिलाड़‍ियों से बहुत उम्‍मीद

गांगुली ने साथ ही बताया कि टीम ने दो युवा खिलाड़‍ियों पर काफी निवेश किया है और उनसे आगामी सीजन में बेहतर प्रदर्शन की उम्‍मीद है। डीसी के हेड कोच ने कहा, 'समीर रीजवी युवा खिलाड़ी हैं, जिन पर नजरें रखें। उनका खेल काफी सुधरा है। फिर आशुतोष शर्मा, जिस पर काफी निर्भर हैं। डीसी ने इन दोनों युवाओं पर समय रहते निवेश किया और मुझे उम्‍मीद है कि इनका सफल सीजन होगा।'

कितना पर्स बचा

दिल्‍ली कैपिटल्‍स के पास आईपीएल 2027 मिनी नीलामी में खर्च करने के लिए 39.5 करोड़ रुपये का पर्स बचा है। दिल्‍ली को अपना स्‍क्‍वाड पूरा करने के लिए 9 खिलाड़‍ियों की जरुरत है, जिसमें 4 स्‍थान विदेशी खिलाड़‍ियों के हैं।

किसे किया रिलीज

दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने कुल 9 खिलाड़‍ियों को रिलीज किया। इनके नाम हैं- नितिश राणा, करुण नायर, पाथुम निसंका, साहिल परख, अजय मंडल, अभिषेक पोरेल, दुष्‍मंथ चमीरा, रेहान अहमद और मिचेल स्‍टार्क। स्‍टार्क पहले ही आईपीएल 2027 सीजन के लिए अपनी अनुपलब्‍धता के बारे में फ्रेंचाइजी और बीसीसीआई दोनों को सूचित कर चुके थे।

किसे किया रिटेन

आशुतोष शर्मा, आकिब डार, अक्षर पटेल, डेविड मिलर, केएल राहुल, काइल जैमिसन, लुंगी एनगिडी, माधव तिवारी, मुकेश कुमार, पृथ्‍वी शॉ, ऋषभ पंत, समीर रीजवी, टी विजय, ट्रिस्‍टन स्‍टब्‍स, विपराज निगम और जीशान अंसारी।

यह भी पढ़ें- IPL 2027: 10 टीमों ने की रिटेन खिलाड़‍ियों की घोषणा, एमएस धोनी का संन्‍यास और हार्दिक-अर्शदीप का ट्रेड रहा सबसे खास

यह भी पढ़ें- दिल्ली कैपिटल्स में कप्तानी को लेकर मचा घमासान, अक्षर पटेल ने फ्रेंचाइजी के लिए खड़ी की नई मुसीबत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।