ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप में पाकिस्तान को चैंपियन बनाने पर बवाल, फाइनल खेले बिना ही दे दिया खिताब; भारत ने दी चेतावनी
ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप में बिना फाइनल खेले ही पाकिस्तान को चैंपियन घोषित कर दिया गया, जिसके बाद बवाल मच गया है।

पाकिस्तान को चैंपियन घोषित करने पर बवाल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। ब्लाइंड क्रिकेट पुरुष एशिया कप का फाइनल वर्षा में रद होने के बावजूद पाकिस्तान को चैंपियन घोषित किए जाने से विवाद खड़ा हो गया है। इससे नाराज भारतीय टीम ने पुरस्कार वितरण समारोह का बहिष्कार किया और भविष्य में पाकिस्तान से कोई मैच नहीं खेलने की चेतावनी दी है।
क्रिकेट एसोसिएशन फार द ब्लाइंड इन इंडिया (कैबी) ने इस फैसले को खेल नियमों की गलत व्याख्या बताते हुए इसका कड़ा विरोध किया है। ढाका में शुक्रवार को फाइनल बारिश से धुल गया था, जिसके बाद बेहतर रनरेट के आधार पर पाकिस्तान को विजेता घोषित कर दिया गया।
भारत ने दी चेतावनी
भारतीय टीम और अधिकारियों का तर्क है कि फाइनल का फैसला नेट रन रेट से नहीं किया जा सकता और ऐसी स्थिति में दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिए था। कैबी के महासचिव शैलेंद्र ने कहा कि जब तक इस विवाद का समाधान नहीं होता, भारतीय ब्लाइंड क्रिकेट टीम भविष्य में पाकिस्तान से नहीं खेलेगी।
पाकिस्तान ने जबरन खुद को टूर्नामेंट का विजेता घोषित किया है। यह बेहद शर्मनाक है। जब वे मैदान पर नहीं जीत पाते तो इस तरह के हथकंडे अपनाते हैं। उन्होंने विश्व ब्लाइंड क्रिकेट परिषद (डब्ल्यूबीसीसी) के अध्यक्ष और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट परिषद के प्रमुख सुल्तान शाह की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिए
शैलेंद्र ने कहा कि नेट रन रेट का इस्तेमाल लीग चरण में अगले दौर के लिए क्वालीफाई करने वाली टीमों का फैसला करने के लिए होता है, न कि फाइनल का विजेता तय करने के लिए। यदि फाइनल के लिए रिजर्व डे नहीं है तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाना चाहिए।
विवाद तब बढ़ा जब रिपोर्ट के अनुसार डब्ल्यूबीसीसी अध्यक्ष सुल्तान शाह ने तकनीकी समिति के भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता घोषित करने के फैसले को पलट दिया। इसके बाद मैच रेफरी को पाकिस्तान को चैंपियन घोषित करने का निर्देश दिया गया।
भारतीय अधिकारियों का आरोप है कि टूर्नामेंट की खेल शर्तों में बदलाव की जानकारी टीमों को ठीक से नहीं दी गई थी और कप्तानों की बैठक में भी इस पर चर्चा नहीं हुई। भारतीय खिलाड़ियों ने कहा कि उन्हें अचानक बताया गया कि पाकिस्तान को बेहतर रन रेट के आधार पर विजेता घोषित किया जाएगा।
उन्होंने इस फैसले को नियमों के खिलाफ बताया। 2016 की चैंपियन भारतीय टीम ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि, बारिश के कारण खिताबी मुकाबला नहीं हो सका और अब इस फैसले ने दोनों देशों के बीच ब्लाइंड क्रिकेट संबंधों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।