भुवनेश्वर कुमार की 4 साल बाद भारतीय T20I टीम में हुई वापसी, 2027 वनडे वर्ल्ड कप भी है लक्ष्य?
भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड दौरे पर पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज के लिए 36 साल के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर ...और पढ़ें

भुवनेश्वर कुमार (Pic Credit - X)
HighLights
भुवनेश्वर कुमार को भारतीय टी20 टीम में मिली जगह
भुवनेश्वर कुमार की चार साल बाद हुई राष्ट्रीय टीम में वापसी
भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल 2026 में झटके थे 28 विकेट
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। 36 साल के भुवनेश्वर कुमार की चार साल बाद भारतीय टी20 टीम में वापसी हुई। भुवी को न्यूजीलैंड दौरे पर पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया।
भुवी की टीम इंडिया में वापसी की मांग पिछले तीन महीने से तेज हुई थी। उन्होंने आईपीएल 2026 में 28 विकेट चटकाए और पर्पल कैप की रेस में दूसरे नंबर पर रहे। इंग्लैंड दौरे पर जब हर्षित राणा चोटिल हुए तो भुवी के नाम की चर्चा ने जोर पकड़ा।
आईपीएल बना वापसी का जरिया
पता हो कि भुवी ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच 2022 में न्यूजीलैंड के नेपियर में खेला था। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट जनवरी 2018 और आखिरी वनडे जनवरी 2022 में खेला था। घरेलू क्रिकेट में भुवी ने खुद को सैयद मुश्ताक अली टी20 और आईपीएल तक सीमित रखा था।
हां, आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दो खिताब दिलाने में भुवनेश्वर कुमार ने अहम भूमिका निभाई। मगर तब भारतीय टीम में उनकी वापसी दूर की कौड़ी लग रही थी।
भुवी पर बड़ी जिम्मेदारी
भारतीय टीम प्रबंधन उम्मीद कर रहा है कि भुवनेश्वर कुमार की वापसी सिर्फ टी20 प्रारूप तक सीमित नहीं रहे। भारत के पास दिग्गज तेज गेंदबाजों की कमी साफ दिख रही है। ऐसे में बातचीत की संभावना है कि भुवी 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए खुद को तैयार करें। देखने वाली बात यह होगी कि भुवी गेंद से किस प्रकार अपनी शैली दिखाएंगे।
एकमात्र सवाल इस बात का रहेगा कि उनका शरीर वनडे क्रिकेट का भार झेलने को तैयार है? भुवनेश्वर कुमार ने विजय हजारे ट्रॉफी तीन साल पहले यानी 2023 में खेला था। अब अगर 2027 वनडे वर्ल्ड कप में भुवी को खेलते देखना है तो उनकी फिटनेस का आकलन करना होगा कि उनका शरीर अतिरिक्त भार झेलने को तैयार है या नहीं।
भुवी भी चाहते हैं खेलना
भुवनेश्वर कुमार ने कुछ समय पहले जतिन सप्रू के यूट्यूब चैनल पर शिरकत की थी। तब उन्होंने कहा था, '100 प्रतिशत वर्ल्ड कप खेलना चाहता हूं। कोई भी खेल हो, आप वर्ल्ड कप खेलने की भावना को हरा नहीं सकते हैं। मेरा शरीर तैयार है। मेरे घर में फिजियो और ट्रेनर हैं। इस पल तो मैं तैयार हूं। मैं ट्रेनिंग कर रहा हूं, लेकिन 50 ओवर वर्ल्ड कप दिमाग में नहीं है। अगर चयन हुआ तो मैं खुश। अगर नहीं हुआ तो मैं निराश नहीं रहूंगा।'
गेंदबाज के रूप में काफी बदले भुवी
भारतीय क्रिकेट में यह ज्यादातर देखने को मिला कि टीम प्रबंधन चार साल बाद किसी तेज गेंदबाज के पास नहीं लौटा। मगर भुवी की बात अलग साबित हुई।
उन्होंने कहा था, 'मैं गेंदबाज के रूप में काफी बदला हूं। जब मैं आया था, तब ज्यादा गति नहीं थी। गति के बिना अंतिम ओवरों में सटीकटा बरकरार रख पाना संभव नहीं। मेरा हमेशा से मानना था कि गति बढ़ानी होगी, लेकिन पता नहीं था कि यह कैसे होगा। तो अब बड़ा फर्क गति का है। यह अनुभव के साथ आता है। इसमें बड़ा फर्क है कि पहले मैं क्या था और अब क्या हूं।'
