T20 World Cup 2026 को लेकर बैकफुट पर बांग्लादेश बोर्ड, मैचों का स्थान बदलने के लिए BCB ने फिर लिखा लेटर
टी-20 विश्व कप की शुरुआत सात फरवरी से होनी है और बांग्लादेश को चार मुकाबले खेलने हैं, जिनमें तीन कोलकाता ...और पढ़ें

भारत में नहीं खेलना चाहता बांग्लादेश।
HighLights
आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के पहले पत्र को कर दिया था खारिज
भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होना है टी20 विश्व कप 2026
बांग्लादेश टीम ने भारत आने से किया है मना
नई दिल्ली, पीटीआई: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को एक बार फिर औपचारिक पत्र भेजते हुए टी-20 विश्व कप के दौरान भारत की यात्रा को लेकर अपनी सुरक्षा चिंताओं को स्पष्ट किया और अपने मैचों के लिए श्रीलंका को वैकल्पिक स्थल बनाए जाने की मांग दोहराई।
टी-20 विश्व कप की शुरुआत सात फरवरी से होनी है और बांग्लादेश को चार मुकाबले खेलने हैं, जिनमें तीन कोलकाता और एक मुंबई में निर्धारित है। बीसीबी ने भारत की यात्रा से इन्कार कर दिया है, खासकर तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बीसीसीआई के निर्देश पर रिलीज किए जाने के बाद।
बीसीसीआई ने इस फैसले को चारों ओर हो रहे कुछ घटनाक्रमों का हवाला देकर सही ठहराया था। क्रिकेट बोर्ड से जुड़े एक सूत्र ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ नजरुल से चर्चा के बाद बीसीबी ने एक बार फिर आईसीसी को पत्र भेजा है। आईसीसी ने सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के बारे में स्पष्ट जानकारी मांगी थी, जिसे बीसीबी ने साझा किया है।
हालांकि, पत्र में उठाए गए बिंदुओं का खुलासा नहीं किया गया। यह घटनाक्रम बीसीबी और आईसीसी के बीच बांग्लादेश की भागीदारी को लेकर चल रही लगातार बातचीत के बीच सामने आया है। आईसीसी अब तक इस मामले पर चुप्पी साधे हुए है और ढाका स्थित बोर्ड द्वारा जताई जा रही सुरक्षा आशंकाओं की वास्तविक प्रकृति पर स्पष्टता चाहता है।
माना जा रहा है कि इस मुद्दे पर बीसीबी के भीतर भी मतभेद हैं। बोर्ड का एक वर्ग नजरुल के सख्त रुख का समर्थन कर रहा है, जबकि दूसरा वर्ग आइसीसी और भारतीय अधिकारियों के साथ संवाद के रास्ते खुले रखने के पक्ष में है। यह समूह भारत में बांग्लादेश टीम की मौजूदगी के दौरान पुख्ता और भरोसेमंद सुरक्षा इंतजामों की जरूरत पर जोर दे रहा है।
