विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से कोई समझौता नहीं', भारत आने के लिए तैयार नहीं बांग्‍लादेश; अपने फैसले पर अड़ा

Published: Wed, 07 Jan 2026 10:23 PM (IST)

टी-20 विश्व कप के मुकाबले को भारत से बाहर स्थानांतरित करने की बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) की मांग को फिलहाल ...और पढ़ें

कोलकाता और मुंबई में होने हैं बांग्‍लादेश के मैच।

कोलकाता और मुंबई में होने हैं बांग्‍लादेश के मैच।

HighLights

  1. बांग्लादेश ने की थी भारत से बाहर शिफ्ट करने की मांग

  2. भारत और श्रीलंका है टूर्नामेंट का मेजबान

  3. 7 फरवरी से 8 मार्च तक होगा विश्‍व कप

नई दिल्ली/ढाका, पीटीआई : बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर करने के बाद टी-20 विश्व कप के मुकाबले को भारत से बाहर स्थानांतरित करने की बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) की मांग को फिलहाल आईसीसी ने खारिज कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार, छह जनवरी को आईसीसी और बीसीबी के बीच बैठक हुई थी। इसमें आईसीसी की ओर से बीसीबी अधिकारियों को स्पष्ट रूप से बताया गया कि उसे भारत में बांग्लादेश की टीम की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस या विश्वसनीय इनपुट नहीं मिला है।

नहीं मानी गई बात

इस बीच, बीसीबी ने कहा कि आईसीसी भारत में होने वाले टी20 विश्व कप के दौरान बांग्लादेश टीम की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर उसके साथ करीबी सहयोग के लिए तैयार है, हालांकि अभी तक मैचों का स्थान बदलने की मांग को स्वीकार नहीं किया गया है।

विचार करना चाहिए 

बीसीबी ने आधिकारिक बयान में कहा, आईसीसी ने दोहराया है कि वह टूर्नामेंट में बांग्लादेश टीम की पूर्ण और निर्बाध भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उसने यह भी भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा योजना बनाते समय बीसीबी की ओर से दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। इसके बाद बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम और बांग्लादेश सरकार के प्रतिनिधि आसिफ नजरुल ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस की। दोनों ने भारत दौरे को लेकर अपनी असहजता को दोहराया, जिसमें नजरुल अधिक मुखर नजर आए।

खेलने लायक माहौल नहीं

उन्होंने कहा, हम आईसीसी को यह समझाने की कोशिश कर रहे हैं कि मौजूदा हालात में भारत में खेलने का माहौल हमारे लिए उपयुक्त नहीं है। बांग्लादेश की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, लेकिन हम विश्व कप खेलना जरूर चाहते हैं।

अमीनुल इस्लाम ने भारत-पाकिस्तान के 'हाइब्रिड माडल' का उदाहरण देते हुए कहा कि सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश के मैच भी तीसरे देश में कराए जा सकते हैं। उन्होंने कहा, जब चैंपियंस ट्रॉफी हुई थी तब भारत पाकिस्तान नहीं गया था और पिछले विश्व कप में पाकिस्तान भारत नहीं आया था। ऐसे में हमें उम्मीद है कि आईसीसी हमारी दलीलों पर सकारात्मक रुख अपनाएगा।

कोलकाता और मुंबई में होना है मैच

टी-20 विश्व कप में बांग्लादेश के चार ग्रुप मैचों से तीन कोलकाता और एक मुंबई में होना है। कोलकाता के ईडन गार्डेंस में उसे सात फरवरी को वेस्टइंडीज, नौ फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड से खेलना है। इसके बाद उसे 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल से मैच खेलना है।

दरअसल, कोलकाता नाइटराइडर्स ने बीसीसीआई के निर्देश पर मुस्तफिजुर को आइपीएल 2026 से बाहर कर दिया था, जिसके बाद बांग्लादेश की सरकार ने घोषणा की थी कि वह अपनी टीम को भारत नहीं भेजेगा। इतना ही नहीं बीसीबी ने आईसीसी ने मैचों को शिफ्ट करने की भी मांग की थी। मुस्तफिजुर को कोलकाता ने अबूधाबी में हुई मिनी नीलामी में 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। आईपीएल से रिलीज होने के बाद मुस्तफिजुर ने पीएसएल में खेलने का फैसला किया है।

आईसीसी से नहीं मिला अल्टीमेटम

बीसीबी ने यह भी साफ किया कि आईसीसी की ओर से कोई अल्टीमेटम नहीं दिया गया है। बोर्ड ने मीडिया में आई उन खबरों को खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि आईसीसी ने या तो तय कार्यक्रम के अनुसार खेलने या मैच गंवाने का विकल्प दिया है। अमीनुल इस्लाम ने कहा, यह पूरी तरह गलत और भ्रामक खबरें हैं। हम अभी भी आईसीसी के संपर्क में हैं और बातचीत जारी है।

यह भी पढ़ें- ICC के 'अल्टीमेटम' को BCB ने बताया अफवाह, T20 WC मैच शिफ्ट कराने पर सामने आया नया अपडेट

यह भी पढ़ें- T20 World Cup 2026: सुरक्षा का कोई 'रेड फ्लैग' नहीं… ICC ने बांग्लादेश की वेन्यू शिफ्ट की मांग की खारिज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।