सैंडपेपर गेट के बाद भी ऑस्ट्रेलियाई टीम में हुई थी बॉल टेम्परिंग की कोशिश! सामने आई हैरान करने वाली रिपोर्ट
केपटाउन में 2018 के सैंडपेपर गेट विवाद के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ दुबई टेस्ट में फिर से बॉल टेम्परिंग की कोशिश की थी।

बॉल टेम्परिंग विवाद में फंसी थी ऑस्ट्रेलियाई टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। साल 2018 में ऑस्ट्रेलियाई टीम जब साउथ अफ्रीका के दौरे पर थी तब केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में बॉल टेम्परिंग का मामला सामने आया था। इस मामले ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को हिला दिया था और पूरे विश्व में इसकी चर्चा हुई थी, लेकिन इस काले अध्याय के बाद भी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी माने नहीं थे और कुछ ही महीनों बाद बॉल टेम्परिंग की दोबारा कोशिश की गई थी।
केपटाउन में खेले गए टेस्ट मैच में कैमरन बैनक्रॉफ्ट को गेंद को सैंडपेपर के रगड़ते हुए कैमरे में कैद किया गया था। इसके बाद खुलासा हुआ था कि ऑस्ट्रेलियाई टीम बॉल टेम्परिंग कर रही है और इसी कारण टीम के तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर पर एक-एक साल का बैन लगा था। वहीं, बैनक्रॉफ्ट पर नौ साल का प्रतिबंध लगाया गया था।
दोबारा हुई थी कोशिश
इसके कुछ ही महीनों बाद पाकिस्तान के खिलाफ दुबई में खेले गए टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम में फिर से गेंद से छेड़छाड़ करने की कोशिश की गई थी, लेकिन टीम के कप्तान टिम पेन और कोच जस्टिन लैंगर के कारण ऐसा हो नहीं पाया था। ऑस्ट्रेलियाई न्यूज वेबसाइट SEN के रिपोर्टर जेरार्ड व्हॉटली ने अपनी रिपोर्ट में यह खुलासा किया है। व्हॉटली की रिपोर्ट के मुताबिक, टिम पेन और कोच लैंगर नहीं चाहते थे कि टीम दोबारा कोई विवाद में फंसे।
रिपोर्ट में बताया गया है कि पाकिस्तान के खिलाफ पहली पारी में जब ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को गेंद में मूवमेंट नहीं मिल रहा था तब एक खिलाड़ी ने कहा था, "मिंट किसके पास है आज। आज गेंद कौन बना रहा है?"
लेकिन ऐसा कहने पर टीम के एक अन्य साथी ने उस खिलाड़ी पर गुस्सा जाहिर किया था। हालांकि, एक सब्स्टिट्यूट को ड्रेसिंग रूम में मिंट लेने के लिए भेजा गया था। पेन को यह बात समझ में आ गई थी और उन्होंने खिलाड़ी को डांटा था और दोबारा मैदान पर न आने को कहा था।
लैंगर ने किया था गुस्सा
व्हॉटली की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला यहीं शांत नहीं हुआ था। दिन का खेल खत्म होने के बाद लैंगर ने उस खिलाड़ी को डांटा था। लैंगर ने ऑस्ट्रेलिया की बैगी ग्रीन कैप को खिलाड़ी की पीठ से साफ करते हुए उन्हें उसकी इज्जत बचाए रखने को कहा था। केपटाउन टेस्ट के बाद ऑस्ट्रेलियाई ड्रेसिंग रूम में साफ संदेश दिया गया था कि कोई भी अपने साथ मैदान पर मिंट नहीं ले जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।