AFG vs BAN: हसन महमूद ने हैट्रिक लेकर मचा दिया बवाल, नाम किया बड़ा रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले बने पहले गेंदबाज
बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया, वह ऐसा करने वाले बांग्लादेश के पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं।

हसन महमूद ने रच दिया इतिहास

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे एक मात्र टेस्ट मैच के तीसरे दिन रविवार को हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया। महमूद ने अफगानिस्तान की पहली पारी में यह ऐतिहासिक कारनामा किया। महमूद के प्रहार के कारण ही अफगानिस्तान पहली पारी में 240 रनों पर ही ढेर हो गई।
इसी के साथ महमूद का नाम इतिहास में दर्ज हो गया। वह टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले अपने देश के पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले बांग्लादेश के किसी भी तेज गेंदबाज ने टेस्ट में हैट्रिक नहीं ली थी। बांग्लादेश के दो स्पिनर ही यह काम कर पाए थे। आलोक कपाली ने साल 2003 में पाकिस्तान के खिलाफ हैट्रिक ली थी। वहीं इसके 10 साल बाद सोहाग गाजी ने चटोग्राम में न्यूजीलैंड के खिलाफ यह काम किया था।
ऐसे ली हैट्रिक
83वां ओवर लेकर आए महमूद ने ओवर की दूसरी गेंद पर इस्मत आलम को पवेलियन भेजा। इसके अगली दो गेंदों पर उन्होंने कैस अहमद और जिया उर रहमान को पवेलियन भेज इतिहास रचा। इस्मत को महमूद ने बोल्ड किया। कैस को उन्होंने विकेटकीपर लिटन दास के हाथों कैच कराया। वहीं, रहमान को एलबीडब्ल्यू कर हैट्रिक पूरी की। महमूद ने इस पारी में 21 ओवरों में 55 रन देकर पांच विकेट झटके। उनके अलावा इबादत हुसैन ने चार विकेट लिए। एक विकेट मेहेदी हसन मिराज के हिस्से आया।
रहमत शाह ने जमाया शतक
अफगानिस्तान के लिए इस पारी में रहमत शाह ने शतक जमाया। उन्होंने 216 गेंदों पर 10 चौके और दो छक्कों की मदद से 105 रनों की नाबाद पारी खेली। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज अब्दुल मलिक ने 62 रनों का योगदान दिया। इन दोनों के अलावा कोई और बल्लेबाज अर्धशतक नहीं जमा सका।
