बांग्लादेश ने पहले ही दिन बनाया 300 से ज्यादा का स्कोर, अफगानिस्तान ने अंत में की दमदार वापसी
बांग्लादेश ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक आठ विकेट के नुकसान पर 317 रन बना लिए हैं।

अफगानिस्तान बनाम बांग्लादेश

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच शुक्रवार से एकमात्र टेस्ट अबु धाबी के शेख जय्यद स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस दौरान पहले दिन बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने जबरदस्त बल्लेबाजी की, जिस वजह से टीम एक अच्छे स्कोर तक पहुंच गई है। बांग्लादेश की तरफ से शादमान इस्माइल, तंजीद हसन तमीम और लिटन दास ने शानदार अर्धशतक ठोका।
बता दें कि बांग्लादेश के कप्तान नाजमुल हुसैन शांतो ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था। टीम के ओपनर्स ने कप्तान के फैसले को सही साबित करते हुए बांग्लादेश को शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए जबरदस्त शतकीय साझेदारी की।
शादमान-तंजीद ने अफगानिस्तान को विकेट के लिए तरसाया
बांग्लादेश के लिए ओपनिंग करने आए शादमान और तंजीद ने मिलकर लगभग 23 ओवर बल्लेबाजी की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 124 रनों की साझेदारी की। शादमान ने 111 गेंदों में सात चौकों की मदद से 67 रनों की पारी खेली।
शादमान के साथी खिलाड़ी तंजीद ने 71 गेंदों में 83 रनों की तेज तर्रार पारी खेली। तंजीद ने अपनी पारी के दौरान आठ चौके और चार छक्के लगाए। इस्मात आलम ने तंजीद को आउट कर इस खतरनाक साझेदारी को तोड़ा।
अफगानिस्तान ने की वापसी की कोशिश
तंजीद के पवेलियन लौटने के बाद शादमान ने मोमिनुल हक के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की। शादमान 67 रन बनाकर सलीम सफी का शिकार हो गए। बांग्लादेश का 221 रनों के स्कोर पर सिर्फ दो विकेट था। मगर इसके बाद चार रनों के अंदर बांग्लादेश ने तीन विकेट गंवा दिए। बांग्लादेश का स्कोर अचानक 225/5 हो गया।
बांग्लादेश अचानक मुश्किल में पड़ गया था. मगर लिटन दास और मेहदी हसन मिराज ने पारी को संभाला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी की। दास ने 53 रनों की पारी खेली, जबकि मिराज ने 24 रनों का योगदान दिया। दास, सफी का शिकार हुए। वहीं, मिराज को आलम ने पवेलियन का रास्ता दिखाया।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने आठ विकेट के नुकसान पर 317 रन बना लिए हैं। नयीम हसन 11 और तैजुल इस्लाम चार रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। अफगानिस्तान की तरफ से सबसे ज्यादा तीन विकेट मोहम्मद सलीम सफी ने लिए हैं।
वहीं, यामिन अहमदजई और इस्मात आलम को दो-दो सफलता मिली। अब अफगानिस्तान की नजर दूसरे दिन बांग्लादेश को जल्द से जल्द समेट कर बल्लेबाजी में कमाल करने पर होगी।
यह भी पढ़ें- IND vs WI 2nd T20 Live Score: वेस्टइंडीज की खराब शुरुआत, मयंक यादव ने दिलाई बैक टू बैक सफलता
यह भी पढ़ें- SA vs AUS: साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को झकझोरा, रेनशॉ-कमिंस ने बचाई लाज
