Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Year Ender 2022: सूर्यकुमार यादव ने मचाया धमाल, सर्वाधिक रन सहित इन रिकॉर्डों को किया अपने नाम

    By Sameer ThakurEdited By:
    Updated: Sun, 27 Nov 2022 04:21 PM (IST)

    Year Ender 2022 2022 का साल सूर्यकुमार यादव के लिए किसी सपने से कम नहीं रहा। उन्होंने इस साल में न केवल नंबर वन की कुर्सी हासिल की बल्कि सर्वाधिक रन बनाने सहित कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।

    Hero Image
    सूर्यकुमार यादव, T20I के नंबर वन बल्लेबाज (डिजाइन फोटो)

    नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। 2022 का साल किसी क्रिकेटर के लिए सबसे यादगार रहा तो वह है सूर्यकुमार यादव, जिन्होंने इस साल T20I में सबसे अधिक रन बनाए। साल के आखिरी टी20 मैच में केवल 13 रन बनाने वाले सूर्या ने इस साल 31 इनिंग में 46.56 की औसत और 187.43 की स्ट्राइक रेट से 1,164 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान दो शतक और 9 अर्धशतकीय पारी खेली।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसके अलावा इस साल सूर्यकुमार यादव के नाम कई रिकॉर्ड रहे, जिसने उनको हमेशा सुर्खियों में रखा। वह टी20 क्रिकेट में नंबर वन बनने की उपलब्धि हो या फिर एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक रन बनाने की, हर मामले में सूर्या ने साल 2022 में महफिल लूट ली तो आइए जानते हैं उन खास रिकॉर्डों के बारे में जो सूर्यकुमार यादव ने अपने नाम किए।

    2022 में T20I क्रिकेट में सर्वाधिक रन

    सूर्यकुमार यादव, 2022 में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने 31 मैच में 46.56 की औसत और 187.43 की स्ट्राइक रेट से 1,164 रन बनाए। यही कारण है कि वह वर्तमान में T20I क्रिकेट के नंबर वन बल्लेबाज हैं।

    एक कैलेंडर ईयर में दो T20I शतक

    इस साल सूर्यकुमार यादव ने दो T20I शतक लगाया और इस मामले में उन्होंने रोहित शर्मा की बराबरी कर ली। उन्होंने पहले नॉटिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ 117 रन और फिर माउंट माउंगनुई में न्यूजीलैंड के खिलाफ 111 रन की पारी खेली। रोहित शर्मा ने 2018 में यह रिकॉर्ड बनाया था।

    न्यूजीलैंड में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज

    सूर्यकुमार यादव ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे T20I मैच में 51 गेंद पर 111 रन की नाबाद पारी खेली थी। उन्होंने इस पारी में 11 चौके और 7 छक्के लगाए थे। इसके साथ ही वह पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए, जिन्होंने T20I क्रिकेट में न्यूजीलैंड में शतक लगाया।

    सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच जीतने वाले खिलाड़ी

    सूर्यकुमार ने इस साल 7वीं बार मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता है। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में 111 रन की पारी खेलने वाले सूर्या ने इस मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। कोहली ने 2016 में 6 बार मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया था, लेकिन सूर्यकुमार को इसके लिए 30 इनिंग लगे।

    सूर्या ने की केएल राहुल की बराबरी

    भारत की तरफ से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक रोहित शर्मा के नाम पर है और उन्होंने अब तक 4 सेंचुरी लगाई है, जबकि केएल राहुल ने दो बार ये कमाल किया है। अब सूर्यकुमार यादव ने अपना दूसरा टी20 शतक लगाया और केएल राहुल की बराबरी कर ली।

    भारत के लिए तीसरा सबसे तेज शतक

    न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में सूर्यकुमार यादव ने 111 रन की पारी खेली। उन्होंने केवल 49 गेंद पर अपना शतक पूरा किया। किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा यह तीसरा सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। पहले नंबर पर रोहित शर्मा और दूसरे नंबर पर केएल राहुल हैं। रोहित ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ जबकि राहुल ने 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ यह कारनामा किया था।

    एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक छक्के का रिकॉर्ड

    एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक 68 छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी सूर्या के नाम है। इस सूची में दूसरे नंबर पर मुहम्मद वसीम और तीसरे नंबर पर मोहम्मद रिजवान हैं। वसीम ने इसी साल 43 जबकि रिजवान ने 2021 में 42 छक्के लगाए थे।

    50 प्लस स्कोर करने के मामले में नंबर वन सूर्या

    2022 की बात करें तो 50 प्लस स्कोर करने के मामले में भी सूर्या नंबर वन पर रहे। उन्होंने 31 मैच में इस साल 11 बार 50 प्लस का स्कोर बनाया जो 2022 में T20I क्रिकेट में सर्वाधिक है। इस सूची में 10 50 प्लस स्कोर के साथ मोहम्मद रिजवान दूसरे नंबर पर हैं।

    आखिरी 5 ओवर में 50 प्लस रन बनाने वाले बल्लेबाज

    यह तीसरा मौका था, जब आखिरी 5 ओवर में सूर्यकुमार यादव ने 50 से भी ज्यादा रन बनाए। इस मामले में वह पहले नंबर पर हैं। इसके अलावा हार्दिक पांड्या ने 2 और विराट कोहली ने 1 बार यह काम किया था।

    माउंट माउंगनुई की पिच पर शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज

    सूर्यकुमार यादव, माउंट माउंगनुई की पिच पर शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बने। इससे पहले यह कारनामा इस मैदान पर केवल न्यूजीलैंड के दो बल्लेबाज कॉलिन मुनरो और ग्लेन फिलिप्स ने किया था। मुनरो ने इस मैदान पर दो शतक लगाए थे।

    T20I क्रिकेट में तीसरा सर्वाधिक स्कोर

    T20I क्रिकेट में सूर्यकुमाय यादव ने इस साल दो शतक लगाए और क्रिकेट के इस फॉर्मेट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में वह तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने। T20I क्रिकेट में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर विराट कोहली का है जिन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ 61 गेंद पर नाबाद 122 रन की पारी खेली थी। दूसरे नंबर पर रोहित हैं, जिनके नाम 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 118 रन की पारी है।

    अब इस साल भारत के लिए कोई भी T20I मैच नहीं है और अगले साल वनडे का वर्ल्ड कप होना है। इसको देखते हुए सूर्यकुमाय यादव अब वनडे में अपना ध्यान लगाएंगे और बतौर फैंस हम इसकी उम्मीद करते हैं कि वह T20I की तरह वनडे क्रिकेट में हिट साबित हो।