Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    स्मृति मंधाना ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, अर्धशतकों की हैट्रिक लगाकर कर ली विराट कोहली की बराबरी

    स्मृति मंधाना ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के निर्णायक मैच में 47 गेंद पर 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 77 रन की पारी खेलकर इतिहास रच दिया। वह पहली महिला क्रिकेटर बनीं जिसके नाम 30 बार 50 से ज्यादा का स्कोर दर्ज है। मंधाना ने सूजी बेट्स को पीछे छोड़ा। बेट्स ने 29 बार टी20I में 50 या उससे ज्यादा का स्कोर बनाया है।

    By Umesh Kumar Edited By: Umesh Kumar Updated: Thu, 19 Dec 2024 11:47 PM (IST)
    Hero Image
    स्मृति मंधाना ने महिला टी20I में बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड। फोटो- BCCI

    स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वेस्टइंडीज के खिलाफ निर्णायक मुकाबले में स्मृति मंधाना ने अर्धशतक जड़कर वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। मंधाना ने टी20I में 30वीं बार 50 प्लस का स्कोर बनाने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गईं। मंधाना ने न्यूजीलैंड की दिग्गज सूजी बेट्स को पीछे छोड़ा, जिनके नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 50 या उससे ज्यादा के 29 स्कोर दर्ज हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यही नहीं मंधाना इसी अर्धशतक की बदौलत विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी की। दरअसल, एक टी20I सीरीज में लगातार तीन अर्धशतक लगाने के मामले में मंधाना दूसरी भारतीय खिलाड़ी बनीं। मंधाना से पहले साल 2016 में विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20I सीरीज में तीन लगातार फिफ्टी जड़ी थी। बाएं हाथ की बल्लेबाज ने मंधाना ने निर्णायक गेम में 47 गेंद पर 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 77 रन बनाए। इसके साथ ही कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

    स्मृति मंधाना द्वारा बनाए गए कुछ रिकॉर्ड इस प्रकार हैं:-

    • स्मृति मंधाना ने द्विपक्षीय टी20 सीरीज में किसी भारतीय महिला द्वारा सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने तीन मैचों में 64.33 की औसत से 193 रन बनाए। मंधाना ने मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने फरवरी 2018 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 192 रन बनाए थे।
    • स्मृति मंधाना ने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बनकर इतिहास रच दिया। इस साल 23 मैच में मंधाना ने 42.38 की औसत से 763 रन बनाए, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 77 रहा। उन्होंने श्रीलंकाई कप्तान चमारी अथापथु का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने इस साल 21 मैच में 720 रन बनाए थे।
    • स्मृति मंधाना ने एक कैलेंडर वर्ष में महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर बनाने का रिकॉर्ड बनाया। मंधाना ने 8 बार टी20I में अर्धशतक जड़ा है। उन्होंने मिताली राज को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 2018 में 7 बार 50 प्लस स्कोर बनाया था।
    • स्मृति मंधाना (30) ने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे ज्यादा 50 से ज्यादा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने दिग्गज सूजी बेट्स को पीछे छोड़ा, जिनके नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 50 या उससे ज्यादा के 29 स्कोर हैं।
    • स्मृति मंधाना ने वेस्टइंडीज के खिलाफ महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर बनाया। उन्होंने अपने खुद के 74 नाबाद स्कोर को पीछे छोड़ा जो उन्होंने जनवरी 2023 में ईस्ट लंदन में महिला टी20 विश्व कप के दौरान बनाया था। इस मैच में मंधाना ने 77 रन बनाए।
    • स्मृति मंधाना टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक कैलेंडर वर्ष में 100 या उससे अधिक चौके लगाने वाली पहली महिला बल्लेबाज बन गईं। मंधाना अभी तक 104 चौके जड़ चुकी हैं। उन्होंने हेली मैथ्यूज को पीछे छोड़ा, जिन्होंने पिछले साल 14 मैच में 99 चौके लगाए थे।

    यह भी पढे़ं- मंधाना और ऋचा के रिकॉर्ड अर्धशतकों की बदौलत भारत ने जीती सीरीज, खत्म किया पांच साल का सूखा