U19 वर्ल्ड कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का शिखर धवन का रिकार्ड टूटा, साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज ने मारी बाजी
धवन ने साल 2004 में अंडर 19 वर्ल्ड कप में एक शानदार रिकार्ड अपने नाम किया था। इस साल वो अंडर 19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा थे। इस सीजन में शिखर धवन ने भारत के लिए खेलते हुए 84.16 की औसत से कुल 505 रन बनाए थे।

नई दिल्ली, आनलाइन डेस्क। अंडर 19 वर्ल्ड कप 2022 में शिखर धवन का एक बड़ा रिकार्ड टूट गया और उन्हें पीछे छोड़ने में साउथ अफ्रीका अंडर 19 टीम के बल्लेबाज देवाल्ड ब्रेविस ने सफलता हासिल की। बेशक साउथ अफ्रीका की टीम इस सीजन में सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच पाई, लेकिन इस टीम के बल्लेबाज ब्रेविस ने जमकर कर रन बनाए और खूब सुर्खियां बटोरी। 18 साल के देवाल्ड ब्रेविस इस अंडर 19 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में पहले नंबर पर रहे।
देवाल्ड ब्रेविस ने तोड़ा शिखर धवन का रिकार्ड
भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनर बल्लेबाज शिखर धवन ने साल 2004 में अंडर 19 वर्ल्ड कप में एक शानदार रिकार्ड अपने नाम किया था। इस साल वो अंडर 19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा थे। इस सीजन में शिखर धवन ने भारत के लिए खेलते हुए 84.16 की औसत से कुल 505 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने तीन शतकीय और एक अर्धशतकीय पारी खेली थी। उन्हें इस सीजन में प्लेयर आफ द सीरीज का खिताब मिला था। हालांकि इस साल पाकिस्तान की टीम ने ये खिताब अपने नाम किया था।
अब शिखर धवन का रिकार्ड साउथ अफ्रीका अंडर 19 क्रिकेट टीम के खिलाड़ी ब्रेविस ने तोड़ दिया और अंडर 19 वर्ल्ड कप के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। अंडर 19 वर्ल्ड कप 2022 में ब्रेविस का रिकार्ड दमदार रहा और उन्होंने 6 मैचों की 6 पारियों में 84.33 की औसत से कुल 506 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 45 चौके और 18 छक्के भी लगाए। उन्होंने 2 शतक भी लगाया और उनका बेस्ट स्कोर 138 रन रहा था।
अंडर-19 विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने वाले टाप 5 बल्लेबाज-
506 रन - देवाल्ड ब्रेविस, 2022
505 रन - शिखर धवन, 2004
471 रन - ब्रेट विलियम्स, 1988
423 रन - कैमरून व्हाइट, 2002
421 रन - डोनोवन पैगन, 2002
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।