77 साल का सूखा खत्म, Ranji Trophy में भारतीय बल्लेबाज ने ठोक दिए 400 रन; अपने करियर के दूसरे ही मैच में किया कमाल
भारतीय बल्लेबाज चिन्मय सुथार ने अपने दूसरे ही रणजी ट्रॉफी मैच में 77 साल से चले आ रहे सूखे को ...और पढ़ें

चिन्मय सुथार ने किया कमाल
HighLights
भारतीय बल्लेबाज ने ठोके 400 रन
मिजोरम के बल्लेबाज ने खत्म किया 77 साल का सूखा
दूसरे ही मैच में रच दिया इतिहास
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टेस्ट जैसे फॉर्मेट में जब कोई 400 रनों की बात करता है तो सभी के जेहन में वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा का नाम आता है। हालांकि, अब एक भारतीय बल्लेबाज ने भी यह काम कर दिया है। भारत के मुख्य घरेलू टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन के दूसरे राउंड में मिजोरम के एक बल्लेबाज ने 400 रन बनाए हैं।
उन्होंने यह रिकॉर्ड पारी नागालैंड के खिलाफ खेली है। उनकी पारी के दम पर मिजोरम ने अपनी पहली पारी नौ विकेट के नुकसान पर 581 रनों पर घोषित कर दी। मिजोरम के लिए जिस बल्लेबाज ने 400 का आंकड़ा छुआ है उसका नाम है चिन्मय सुथार।
अकेले लड़ा बल्लेबाज
देखा जाए तो इस पारी में चिन्मय अकेले लड़े और अपनी टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। इस बात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि टीम के 581 रनों में से 400 रन अकेले चिन्मय के हैं। उन्होंने अपनी पारी में 517 गेंदों का सामना करते हुए 46 चौके और सात छक्के मारे। उनके अलावा जेहू एंडरसन ने 151 गेंदों पर 69 रनों की पारी खेली। मनेंदर सिंह ने 27 रनों का योगदान दिया।
टीम का स्कोरकार्ड देखा जाए तो बाकी बल्लेबाजों के लिए 50 के आसपास जाना भी मुश्किल हो रहा था, लेकिन वहीं चिन्मय ने लड़ाई लड़ते हुए 400 रन ठोक डाले। उन्होंने 77.36 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए।
77 साल का सूखा खत्म
इसी के साथ चिन्मय ने 77 साल का सूखा खत्म कर दिया है। वह 400 रन बनाने वाले भारत के दूसरे बल्लेबाज हैं। उनसे पहले यह काम भाऊसाहब बाबासाहब निम्बाल्कर ने साल 1948-49 में किया था। उन्होंने महाराष्ट्र की तरफ से खेलते हुए काठियावाड के खिलाफ नाबाद 443 रनों की पारी् खेली थी। उनके बाद कोई और भारतीय बल्लेबाज रणजी ट्रॉफी में यह स्कोर नहीं बना पाया था, लेकिन 77 साल बाद चिन्मय ने यह काम कर दिखाया।
चिन्मय का यह सिर्फ दूसरा फर्स्ट क्लास मैच है। रणजी ट्ऱॉफी के इसी सीजन में उन्होंने अपना डेब्यू किया था। पहले मैच में वह मणिपुर के खिलाफ उतरे थे। इस मैच की दूसरी पारी में वह शतक से चूक गए थे और 99 रन बनाकर आउट हुए थे।
