IND vs WI: ऐसा पहली बार हुआ है 15 सालों में! 2 महीने बाद प्लेइंग-11 में लौटे प्रिंस यादव ने बल्ले से कर दिया कमाल, अश्विन के बराबर पहुंचे
भारतीय क्रिकेट टीम ने इंदौर में खेले गए तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में वेस्टइंडीज को 14 रनों से हरा दिया। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में वेस्टइंडीज को 14 रनों से हरा दिया। टीम की इस जीत में अंत में बल्लेबाजी करने आए प्रिंस यादव के 13 रनों का अहम योगदान रहा। उनके इस योगदान की अहमियत को कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी बयां किया। प्रिंस ने जीत में तो रोल निभाया ही साथ ही उन्होंने 15 साल से चले आ रहे सूखे को खत्म कर दिया।
प्रिंस लगभग दो महीने बाद टी20 में भारत की प्लेइंग-11 में लौटे थे। वेस्टइंडीज के खिलाफ मैदान पर उतरने से पहले उन्होंने 25 जुलाई को जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच खेला था। इस मैच में उनसे गेंदबाजी में कमाल करने की उम्मीद थी, लेकिन वह बल्ले से एक बड़ा रिकॉर्ड बना गए।
यह है रिकॉर्ड
प्रिंस ने इस मैच में छह गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 13 रन बनाए। उन्होंने इसी के साथ एक अनोखा काम कर दिया। वह नंबर-10 या 11 पर बल्लेबाजी करते हुए कम से कम तीन बाउंड्री मारने वाले भारत के तीसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले यह काम एस श्रीसंत और रविचंद्रन अश्विन ने किया था। आखिरी बार अश्विन ने साल 2011 में ऐसा किया था। उसके 15 साल बाद प्रिंस ने इस काम को दोहराया है। अश्विन से पहले साल 2007 में श्रीसंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जोहान्सबर्ग में चार चौके मारे थे। वह इस मामले में नंबर-1 पर हैं। अश्विन ने कोलकाता में इंग्लैंड के खिलाफ तीन चौके मारे थे और प्रिंस ने उनकी बराबरी की है।
प्रिंस ने डीप मिडविकेट पर चौका मार अपना खाता खोला। दो गेंद बाद उन्होंने स्कूप करते हुए विकेटकीपर के सिर के ऊपर से चौका लिया। इसके बाद तीसरा चौका थर्डमैन पर आया। इस बार गेंद उनके बल्ले का मोटा किनारा लेकर गई थी।
ऐसा रहा मैच
प्रिंस के इन 13 रनों ने भारत को 223 रनों के स्कोर तक पहुंचाने में अहम रोल निभाया। उनसे पहले अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों पर 69 रनों की पारी खेली जिसमें छह चौके और पांच छक्के शामिल रहे। ईशान किशन ने 18 गेंदों पर 37 रन बनाए।
वेस्टइंडीज की टीम इस स्कोर के सामने पूरे ओवर खेलने के बाद सात विकेट खोकर 209 रन ही बना सकी थी। उसके लिए शिमरॉन हेटमायर ने 43 और कामिल पूरन ने 42 रनों का योगदान दिया।
यह भी पढ़ें- IND vs WI: हाथ आए मौके को गंवाने के बाद दर्द में हैं शाई होप, खिलाड़ियों को दे डाली नसीहत
यह भी पढ़ें- IND vs WI: जीत के बाद भी वेस्टइंडीज के डर में जी रहे हैं श्रेयस अय्यर, तीसरे मैच के बाद सामने आया खौफ
