लगातार चार गेंदों पर चार विकेट... जमशेद आलम ने टी-20 डेब्यू पर मचाया धमाल, खास लिस्ट में एंट्री
रेलवे के 23 साल के गेंदबाज जमशेद आलम ने सौराष्ट्र के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में डेब्यू किया। अपने डेब्यू मैच में उन्होंने बड़ी उपलब्धि हासिल की।

जमशेद आलम (P.C- X)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संक्षेप में पढ़ें
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। रेलवे के 23 साल के गेंदबाज जमशेद आलम ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपने डेब्यू मैच पर धमाल मचा दिया। जमशेद आलम ने टी-20 डेब्यू पर सौराष्ट्र के खिलाफ लगातार चार गेंदों पर चार विकेट चटकाए। ऐसा करने वाले वह तीसरे भारतीय गेंदबाज बने हैं। जमशेद आलम ने टी-20 डेब्यू पर फाइव विकेट हॉल भी हासिल किया। उनकी शानदार गेंदबाजी से रेलवे ने सौराष्ट्र के खिलाफ जीत दर्ज की।
यूपी टी-20 लीग और टी-20 मुंबई लीग खेल चुके जमशेद आलम को रेलवे की तरफ से पहली बार सीनियर टीम में खेलने का मौका मिला। सौराष्ट्र के खिलाफ अपना डेब्यू करते हुए जमेशद आलम ने अपने स्पेल के पहले ओवर में ही लगातार चार गेंदों पर चार विकेट चटकाए। सौराष्ट्र की पारी के चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने हार्विक देसाई, चौथी गेंद पर प्रेरक मांकड, पांचवीं गेंद पर रुचित अहीर और छठी गेंद पर सम्मर गज्जर को आउट किया।
तीसरी बार भारतीय गेंदबाज ने डेब्यू पर किया यह कारनामा
जमशेद आलम से पहले कर्नाटक के अभिमन्यु मिथुन ने नवंबर 2019 में हरियाणा के खिलाफ 20वें ओवर में लगातार चार विकेट लिए थे। विदर्भ के दर्शन नालकांडे ने भी नवंबर 2021 में कर्नाटक के खिलाफ भी चार गेंदों पर चार विकेट चटकाए थे। दर्शन नालकांडे ने भी 20वें ओवर में यह कारनामा किया था। जमशेद आलम ने अपने स्पेल के पहले ओवर में यह कारनामा किया। उन्होंने चार ओवर में 38 रन देकर पांच बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, पुरुषों के T20 क्रिकेट में अपने डेब्यू मैच में पांच विकेट लेने वाले छठे भारतीय भी बन गए हैं।
कौन हैं जमशेद आलम ?
जमशेद आलम ने यूपी T20 लीग में 'मेरठ मेवरिक्स' का प्रतिनिधित्व किया है। इसके अलावा वह रेलवे की ओर से घरेलू अंडर-23 प्रतियोगिता 'सीके नायडू ट्रॉफी' का भी हिस्सा रहे हैं। इस साल की शुरुआत में वह 'T20 मुंबई लीग' में 'आकाश टाइगर्स MWS' के लिए भी खेलते नजर आए थे।
इस मैच की बात करें तो रेलवे की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 182 रन बनाए थे। सौराष्ट्र की टीम इसके जवाब में आठ विकेट पर 153 रन ही बना सकी और मुकाबले को 29 रनों से गंवा दिया।