IND vs NZ: जैकब डफी ने तोड़ा शुभमन गिल का दिल, 'पहले शतक' से चूके भारतीय कप्तान; नहीं कर पाए बड़ा काम
भारतीय कप्तान शुभमन गिल वेलिंग्टन में खेले जा रहे टेस्ट मैच में शतक से चूक गए और 98 रनों पर बोल्ड हो गए। इसी के साथ गिल एक बड़ा काम भी नहीं कर पाए।
-1795242907856_m.webp)
शुभमन गिल शतक से चूके

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। केएल राहुल ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों का जमकर सामना किया और शतक जमाया। उनकी राह पर भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल भी चल रहे थे, लेकिन जैकब डफी ने उनके दिल के अरमान आंसूओं में बहा दिया। न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व में खेले जा रहे मैच में गिल बेहद करीब आकर शतक पूरा करने से चूक गए।
मैच के तीसरे दिन गिल 98 रनों पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। उन्हें जैकब डफी ने 125वें ओवर की चौथी गेंद पर बोल्ड कर दिया। इसी के साथ गिल का डेब्यू मैच में शतक पूरा करने का सपना भी टूट गया। यह गिल का न्यूजीलैंड में डेब्यू टेस्ट है और इसमें अगर वह शतक जमा देते तो इसकी कहानी अलग ही होती। हालांकि, ऐसा हो नहीं सका और गिल को मायूस होकर लौटना पड़ा।
धोनी, सचिन की लिस्ट में आया नाम
इसी के साथ गिल का नाम उन भारतीय कप्तानों की लिस्ट में आ गया है जो टेस्ट मैच में नर्वस नाइंटीज का शिकार हुए हैं। इस मामले में एमएस धोनी पहले नंबर पर हैं जो चार बार नाइंटीज में आउट हुए। उनके बाद सचिन तेंदुलकर का नंबर आता है जो दो बार नाइंटीज में आउट हुए। गिल के साथ नारी कॉन्ट्रैक्टर, मंसूर अली खां पटौदी, अजीत वाडेकर, कपिल देव, मोहम्मद अजहरुद्दीन, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, विराट कोहली ऐसे भारतीय कप्तान रहे हैं जो टेस्ट में नाइंटीज का शिकार हुए हैं।
चौथे नंबर पर पहुंचे गिल
हालांकि, गिल का नाम एक अच्छी लिस्ट में भी आ गया है। गिल द्वारा बनाया गया स्कोर न्यूजीलैंड में किसी भी भारतीय कप्तान का टेस्ट में चौथा सबसे बड़ा स्कोर है। पहले नंबर पर अजहरुद्दीन हैं जिन्होंने 1990 में ऑकलैंड में 192 रनों की पारी खेली थी। उनके बाद सुनील गावस्कर का नाम है जिन्होंने ऑकलैंड में ही साल 1976 में 116 रन बनाए थे। तीसरे नंबर पर फिर अजहरुद्दीन हैं जिन्होंने 1998 में वेलिंग्टन में नाबाद 103 रन बनाए थे। उनके बाद गिल हैं। यानी अगर गिल शतक बना लेते तो वह न्यूजीलैंड में टेस्ट शतक जमाने वाले भारत के सिर्फ तीसरे ही कप्तान होते। गिल आगे के मैचों में यह काम कर सकते हैं।
गिल बेशक शतक पूरा नहीं कर पाए, लेकिन उनकी पारी ने भारत को मजबूत करने में अहम रोल निभाया है। भारत ने तीसरे दिन का अंत चार विकेट के नुकसान पर 486 रनों के साथ किया है। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड पर 118 रनों की बढ़त भी ले ली है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।