IND vs NZ: टीम इंडिया ने पहाड़ जैसा स्कोर बना रचा नया कीर्तिमान, देखती रह गई दुनिया; किसी को नहीं थी उम्मीद
भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन टेस्ट में 720/9 रन बनाकर कई रिकॉर्ड तोड़े। यह भारत का न्यूजीलैंड में और विदेशी धरती पर अब तक का सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर है, जिसने सभी उम्मीदों को पार कर दिया।
-1795316614335_m.webp)
भारतीय टीम ने किया कमाल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जब टेस्ट मैच न्यूजीलैंड जैसे देश में होता है तो उम्मीद की जाती है कि यहां बल्लेबाजों को परेशानी होगी और गेंदबाज विकेट चटकाएंगे। किसी भी उपमहाद्वीप की टीम से बड़े स्कोर की उम्मीद नहीं होती है, लेकिन टीम इंडिया ने सभी की उम्मीदों से उलट काम किया है। वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहाड़ जैसा स्कोर बनाया है और कई रिकॉर्ड स्थापित किए हैं।
टीम इंडिया ने मैच के चौथे दिन रविवार को अपनी पहली पारी नौ विकेट के नुकसान पर 720 रनों पर घोषित कर दी। इसी के साथ टीम इंडिया ने वो काम कर दिया जिसकी उम्मीद किसी ने नहीं की थी। किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि भारतीय बल्लेबाज न्यूजीलैंड में इतना बड़ा स्कोर करेंगे, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने ये कमाल कर दिया।
न्यूजीलैंड में पहली बार हुआ ऐसा
टीम इंडिया का यह स्कोर उसका टेस्ट में एक पारी में उसका तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं, यह भारत का न्यूजीलैंड में और विदेशी जमीन पर टेस्ट में एक पारी में अभी तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले भारत का विदेशों में टेस्ट में एक पारी में सबसे बड़ा स्कोर 707 था जो उसने श्रीलंका के खिलाफ साल 2010 में बनाया था। यह न्यूजीलैंड के खिलाफ भी उसका टेस्ट में अभी तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
यह न्यूजीलैंड में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर भी है। भारत ने न्यूजीलैंड को ही इस मामले में पीछे छोड़ा है। न्यूजीलैंड ने साल 2019 में हेमिल्टन में बांग्लादेश के खिलाफ छह विकेट के नुकसान पर 715 रन बनाए थे।
इस मामले में नंबर-2
इसी के साथ टीम इंडिया टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा बार 700 से ज्यादा रन बनाने के मामले में नंबर-2 बन गई है। यह पांचवीं बार है जब भारत ने यह स्कोर किया है। इस मामले में श्रीलंका नंबर-1 है। श्रीलंका ने सात बार टेस्ट की एक पारी में 700 से ज्यादा का स्कोर किया। तीसरे नंबर पर इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज हैं। इन तीनों ने चार-चार बार ऐसा किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।