'ओ बाई गॉड चार्ली...' 25 साल बाद डीन ने किया कमाल, वनडे में हैट्रिक लेकर मचाया धमाल
इंग्लैंड की युवा स्पिनर चार्ली डीन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे हैट्रिक लेकर कमाल कर दिया। वह तीसरी इंग्लिश महिला क्रिकेटर बनीं जिन्होंने वनडे में हैट्रिक ली। इसके पहले 1993 में कैरोल होजेस ने पहली बार इंग्लैंड के लिए हैट्रिक ली थी। इसके बाद क्लेयर कॉनर ने 1999 में भारत के खिलाफ हैट्रिक ली थी। अब चार्ली ने 25 साल बाद यह कमाल किया है।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। चार्ली डीन वनडे में हैट्रिक लेने वाली केवल तीसरी इंग्लिश महिला खिलाड़ी बनीं। उन्होंने डरबन के किंग्समीड में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे में हैट्रिक ली। कैरोल होजेस इंग्लैंड की पहली गेंदबाज थीं जिन्होंने महिला वनडे में हैट्रिक ली थी, जब उन्होंने 1993 में डेनमार्क के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी।
इसके बाद क्लेयर कॉनर ने 1999 में भारत के खिलाफ हैट्रिक ली थी और 25 साल बाद 23 वर्षीय चार्ली डीन ने यह उपलब्धि हासिल की। मेंस क्रिकेट में, जेम्स एंडरसन इंग्लैंड के लिए सबसे पहले हैट्रिक लेने वाले खिलाड़ी थे, उन्होंने 2003 में केनिंग्टन ओवल में पाकिस्तान के खिलाफ हैट्रिक ली थी। इन दिग्गजों की लिस्ट में चार्ली डीन का भी नाम शामिल हो गया है।
फोटो- सोशल मीडिया
वनडे क्रिकेट में इंग्लैंड के लिए हैट्रिक लेने वाली महिला गेंदबाज
- कैरोल होजेस बनाम डेनमार्क महिला, 1993, बैनस्टीड
- क्लेयर कोनोर बनाम इंडिया विमेन, 1999, नॉर्थम्पटन
- चार्ली डीन बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला, 2024, डरबन
वनडे में इंग्लैंड के लिए हैट्रिक लेने वाले मेंस गेंदबाज
- जेम्स एंडरसन बनाम पाकिस्तान, 2003, लंदन
- स्टीव हार्मिसन बनाम इंडिया, 2004, नॉटिंघम
- एंड्रयू फ्लिंटॉफ बनाम वेस्टइंडीज, 2009, सेंट लूसिया
- स्टीवन फिन बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2015, मेलबर्न
चार्ली डीन ने अफ्रीका की बल्लेबाजी की ध्वस्त
टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला करने के बाद इंग्लैंड ने ताजमिन ब्रिट्स और पूर्व कप्तान सुने लुस के शुरुआती विकेट जल्दी-जल्दी चटकाए। इसके बाद लौरा वोल्वार्ड्ट और एनेरी डेरक्सन ने तीसरे विकेट के लिए 13.1 ओवर में 58 रन जोड़े।
इसके बाद चार्ली डीन ने शानदार प्रदर्शन किया और अफ्रीकी बल्लेबाजी लाइनअप को ध्वस्त कर दिया। 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने मारिजैन कैप का विकेट लिया। 19वें ओवर की पहली गेंद पर नादिन डी क्लार्क को आउट किया। दूसरी गेंद पर डीन ने सिनालो जाफ्ता को आउट करके हैट्रिक ली।
इंग्लैंड ने दर्ज की जीत
दूसरे वनडे मैच में इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका को 6 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका महिला टीम 135 रन ही बना सकी थी। लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड विमेंस ने 24 ओवर में चार विकेट खोकर 137 रन बनाकर मैच जीत लिया। तीन मैच की सीरीज में फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।