'बच्चे के जन्म के लिए अस्पताल में था, शार्दुल-सुंदर की बैटिंग देख रहा था', कोहली ने याद किया 2021 गाबा टेस्ट का वो खास लम्हा
विराट कोहली ने 2021 गाबा टेस्ट की जीत को याद किया, जब वह अपने बच्चे के जन्म के लिए अस्पताल में थे और फोन पर मैच देख रहे थे।
-1795889619082_m.webp)
कोहली ने याद किया 2021 का वो खास लम्हा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत में अगले साल बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2027 का रोमांच देखने को मिलेगा, जहां शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम अपनी घरेलू धरती पर खिताब बचाने के इरादे से उतरेगी। इस ऐतिहासिक सीरीज की जब भी बात होती है तो, फैंस के दिमाग में 2021 में गाबा में भारतीय टीम की जीत का पल जरूर आता है।
जियोस्टार को दिए एक खास इंटरव्यू में पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली, पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत और हनुमा विहारी के उस अविश्वसनीय सीरीज जीत के पीछे के जज्बे, निडर सोच और दृढ़ संकल्प को याद किया।
अस्पताल में फोन पर मैच देख रहे थे विराट कोहली
कोहली ने 2020-21 बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के गाबा टेस्ट को याद करते हुए एक भावुक किस्सा साझा किया। उन्होंने कहा, 'मैं अपने बच्चे के जन्म के लिए अस्पताल में था और अपने फोन पर मैच देख रहा था। डिलीवरी के लिए अंदर जाने से करीब 15 मिनट पहले तक मैंने शार्दुल और सुंदर की साझेदारी देखी। वह साझेदारी इतनी खास थी, जब किसी ने हमें जीत का दावेदार नहीं माना था, तब युवा खिलाड़ियों ने आगे बढ़कर जो जज्बा दिखाया, उसने इसे सबसे खास जीत बना दिया। मुझे नहीं लगता इससे बढ़कर कोई दूसरी जीत रही है।'
क्रिकेट ने ऐसा पहले कभी नहीं देखा: रवि शास्त्री
पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने गाबा की इस जीत को क्रिकेट इतिहास का अविश्वसनीय घटना बताया। उन्होंने कहा, 'टी ब्रेक के समय में हमें साफ पता था कि ऋषभ पंत लक्ष्य का पीछा करने जा रहे हैं। आखिरी एक घंटे में सुंदर और पंत ने जिस तरह बल्लेबाजी की और एक-दूसरे का साथ दिया, वह अविश्वसनीय था। उनके खेल में कोई डर नहीं था और न ही वे ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजी से घबराए। मैं तो एक कदम आगे बढ़कर कहूंगा कि क्रिकेट ने ऐसा पहले कभी कुछ नहीं देखा है।'
पंत ने बताया आखिरी पलों में नवदीप सैनी को क्या कहा था
गाबा जीत के हीरो रहे पंत ने मैच के आखिरी पलों में चोटिल नवदीप सैनी के साथ बनाई गई अपनी योजना का खुलासा किया। पंत ने बताया, 'मेरे दिमाग में कुछ चल रहा था, इसलिए मैंने नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े सैनी को बात करने के लिए बुलाया। उनकी हैमस्ट्रिंग खिंची हुई थी। मैंने उनसे कहा कि तुम जहां भी हो, बस जितनी तेज हो सके भागना। मुझे लगा था कि शायद वह रनआउट हो जाएं, लेकिन हमें इससे कोई दिक्कत नहीं होती क्योंकि तब भी हमारे आठ विकेट गिरते और मुझे भरोसा था कि मैं अपनी क्रीज तक पहुंच जाऊंगा।'
हम किसी युद्ध के मैदान जैसा महसूस कर रहे थे: हनुमा विहारी
बल्लेबाज हनुमा विहारी ने उस समय टीम के सामने मौजूद चुनौतियों और जुझारूपन को याद किया। उन्होंने कहा, 'मुझे ठीक से याद है जब हम 2021 में गाबा टेस्ट के लिए गए थे। मैं अश्विन भाई से बात कर रहा था कि ऐसा लग रहा है जैसे हम किसी युद्ध में आए हैं। हम चोटिल थे और दर्द में थे, लेकिन हार मानने को तैयार नहीं थे। हमारे कई मुख्य खिलाड़ी उपलब्ध नहीं थे और यह हिम्मत की परीक्षा थी। उन परिस्थितियों में शार्दुल ठाकुर और वॉशिंगटन सुंदर ने जिस तरह की साझेदारी की- खासकर शार्दुल ने जिस आक्रामक अंदाज में खेला, उसने हमें मैच में जीवित राखा।'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।