विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सबसे बुरे समय से गुजर रहे हैं...', मोहम्‍मद सिराज को बाहर किए जाने पर भड़के रविचंद्रन अश्विन

Published: Sat, 28 Nov 2026 06:40 PM (IST)

रविचंद्रन अश्विन ने मोहम्‍मद सिराज से सहानुभूति जताते हुए कहा कि तेज गेंदबाज अपने सबसे बुरे समय से गुजर रहे हैं। सिराज को लगातार दूसरे टेस्‍ट में बाहर बैठाया गया।

मोहम्‍मद सिराज

मोहम्‍मद सिराज

HighLights

  1. मोहम्‍मद सिराज को बाहर बैठाने पर भड़के अश्विन

  2. अश्विन ने कहा कि सिराज बुरे समय से गुजर रहे हैं

  3. अश्विन ने सफल होने के लिए सिराज को सीख दी

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्‍मद सिराज लगातार अनदेखी से जूझ रहे हैं। न्‍यूजीलैंड के खिलाफ लगातार दूसरे टेस्‍ट में सिराज को बेंच पर बिठाया गया। पता हो कि मौजूदा विश्‍व टेस्‍ट चैंपियनशिप में सिराज सबसे ज्‍यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं। उन्‍होंने 11 टेस्‍ट में 43 विकेट झटके।

भारतीय टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने मोहम्‍मद सिराज के प्रति सहानुभूति प्रकट की। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'संदेश यही बाहर आ रहा है कि सिराज प्‍लेइंग 11 में खेलने लायक नहीं हैं। संभवत: वह गेंदबाजी के मामले में नीतिश कुमार रेड्डी से भी पीछे हैं। सिराज निश्चित ही सबसे बुरे समय से गुजर रहे हैं।'

अश्विन ने आगे कहा, 'मुझे उम्‍मीद है कि कोई सिराज से बातचीत करेगा। उन्‍हें शिकायत करने की जगह देगा और उन्‍हें दिशा दिखाएगा। मुझे नहीं लगता कि सिराज के लिए यह अच्‍छा अंत है। मुझे सिराज के लिए महसूस हो रहा है क्‍योंकि वो भावनात्‍मक व्‍यक्ति है। आज सिराज है, कल कोई और होगा।'

अस्थिरता का माहौल

पूर्व ऑलराउंडर ने कहा, 'भारतीय टीम में अस्थिरता का माहौल बनाया गया है। मैंने गुरनूर बराड़ के बारे में कई आर्टिकल पढ़ें, जब वो टेस्‍ट स्‍क्‍वाड में जगह बनाने वाले सातवें गेंदबाज बने। मुझे तभी से अंदाजा हो गया था कि सिराज इस मैच में नहीं खेलेगा।'

करना होगा कमाल

रविचंद्रन अश्विन ने सिराज को एक सुझाव दिया कि कुछ विशेष करने पर ही वो लंबे समय तक टीम के साथ टिक पाएंगे। अश्विन ने कहा, 'सिराज के पास कोई विकल्‍प नहीं, लेकिन जब अगली बार मौका मिले तो उन्‍हें 145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करनी होगी और पारी में पांच विकेट चटकाने होंगे। ऐसा स्‍पष्‍ट नजर आता है कि टीम प्रबंधन उनके पूर्व प्रदर्शनों को ध्‍यान में बिना रखे आगे बढ़ चुका है। यह सिराज के लिए अच्‍छा अंत नहीं हैं।'

याद दिला दें भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच दूसरा व अंतिम टेस्‍ट क्राइस्‍टचर्च में खेला जा रहा है। मोहम्‍मद सिराज को जब लगातार दूसरे टेस्‍ट में मौका नहीं मिला तो उन्‍होंने अपनी आंखें सनग्‍लासेस से ढकी। कमेंटेटर्स ने इसे नोटिस किया और सवाल किया कि सिराज अपने आंसू छिपा रहे हैं। हालांकि, सभी की बातों से लगा कि सिराज के बाहर होने पर किसी को खुशी नहीं है।

यह भी पढ़ें- सिराज को बाहर करने पर भड़के मोहम्मद कैफ, मुनाफ पटेल का भी फूटा गुस्सा

यह भी पढ़ें- IND vs NZ: टीम से बाहर किए जाने के बाद रोने लगे मोहम्मद सिराज? पूर्व भारतीय स्पिनर ने कही दिल छूने वाली बात

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।