न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय बल्लेबाज होंगे बुरी तरह फ्लॉप? पूर्व कीवी गेंदबाज ने टीम इंडिया को दी चेतावनी
भारत को इसी महीने न्यूजीलैंड का दौरा करना है, जहां पर टी20, वनडे और टेस्ट सीरीज खेली जानी है। इससे ...और पढ़ें

भारतीय क्रिकेट टीम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
खेल संवाददाता, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टिम साउदी का मानना है कि न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में भारतीय बल्लेबाजों के लिए नई गेंद का सामना करना सबसे बड़ी चुनौती होगी। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन विदेशी परिस्थितियों में सफल होने के लिए बल्लेबाजों को अपने खेल और रणनीति में बदलाव करने के लिए तैयार रहना होगा।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज 22 अक्टूबर से शुरू होगी, जिसका प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। साउदी ने गुरुवार को वर्चुअल बातचीत में दैनिक जागरण के प्रश्न पर कहा, भारत में बल्लेबाजी के लिए सबसे आसान समय नई गेंद का सामना करना होता है, क्योंकि शुरुआत में पिचें अच्छी होती हैं। बाद में उनमें टर्न और स्पिन मिलने लगती है। न्यूजीलैंड में स्थिति इसके बिल्कुल उलट है।
टिम साउदी ने भारतीय बल्लेबाजों को चेताया
यहां नई गेंद के सामने बल्लेबाजी करना सबसे मुश्किल होता है, लेकिन अगर बल्लेबाज शुरुआती चुनौती से पार पा लेते हैं तो उसके बाद बल्लेबाजी अपेक्षाकृत आसान हो जाती है। उन्होंने कहा कि भारतीय बल्लेबाज न्यूजीलैंड की परिस्थितियों और वहां टेस्ट क्रिकेट खेलने के तरीके का अध्ययन जरूर करेंगे।
साउदी के मुताबिक, अच्छी टीमों और बेहतरीन खिलाड़ियों की पहचान यही है कि वे दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में अपनी रणनीति के अनुसार ढल सकें। उन्होंने भरोसा जताया कि भारतीय बल्लेबाज भी ऐसा करने में सक्षम हैं, हालांकि कुछ खिलाड़ियों के लिए न्यूजीलैंड का पहला दौरा चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
गेंदबाजों के वर्कलोड पर भी जताई चिंता
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रम और गेंदबाजों को आराम देने की जरूरत पर साउदी ने कहा कि सभी प्रारूपों में लगातार खेलने वाले गेंदबाजों के लिए फिटनेस और रिकवरी का संतुलन बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट का कैलेंडर काफी व्यस्त है। ऐसे में टीम में पर्याप्त विकल्प और गेंदबाजों की गहराई होना जरूरी है, ताकि खिलाड़ियों का इस्तेमाल अलग-अलग परिस्थितियों में किया जा सके।
