वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे T20I मैच से पहले टीम इंडिया को सता रहा डर, तिलक वर्मा ने बताया क्या होगा सबसे बड़ा खतरा?
भारतीय उप-कप्तान तिलक वर्मा ने वेस्टइंडीज की विस्फोटक बल्लेबाजी के खिलाफ विकेट लेने पर जोर दिया, ताकि चौथे टी-20 मुकाबले में अजेय बढ़त हासिल की जा सके।

तिलक वर्मा

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, हैदराबाद। भारतीय उप-कप्तान तिलक वर्मा ने मंगलवार को कहा कि भारत को वेस्टइंडीज की विस्फोटक बल्लेबाजी पर अंकुश लगाने के बजाय विकेट लेने पर ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि पांच मैच की टी-20 सीरीज के चौथे मुकाबले में ही जीत दर्ज कर अजेय बढ़त हासिल करने के लिए गेंदबाजी योजनाओं को सही तरीके से लागू करना महत्वपूर्ण होगा।
भारत सीरीज में 2-1 से आगे है और बुधवार को जीत से वह अजेय बढ़त हासिल कर लेगा। वहीं, वेस्टइंडीज की टीम सीरीज में बराबरी करने के इरादे से उतरेगी। तिलक ने कहा कि भारत ऐसी टीम के विरुद्ध ढिलाई नहीं बरत सकता जिसके आखिरी बल्लेबाज के पास भी बड़े शॉट खेलने की क्षमता है।
तिलक वर्मा ने बताई टीम इंडिया की रणनीति
तिलक ने मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाताओं से कहा कि वेस्टइंडीज बहुत अच्छी टीम है, विशेषकर टी-20 प्रारूप में। उसके खिलाड़ी काफी फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलते हैं इसलिए उन्हें इस प्रारूप की अच्छी समझ है। उनकी ताकत अविश्वसनीय है। उन्होंने कहा कि उनका हर खिलाड़ी बड़े शॉट खेल सकता है।
ऐसा नहीं है कि सिर्फ प्रारंभिक बल्लेबाज या तीसरे-चौथे नंबर के बल्लेबाज ही ऐसा कर सकते हैं। उनके सभी खिलाड़ी गेंद को अच्छी तरह हिट कर सकते हैं और 11वें नंबर का बल्लेबाज भी आकर बड़े शॉट लगा सकता है। जब तक सभी 10 विकेट नहीं गिर जाते, मैच खत्म नहीं होता। हम ढिलाई नहीं बरत सकते।
भारतीय टीम पावरप्ले में हम पर भारी पड़ रही हैं: सैमी
वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डेरेन सैमी ने मौजूदा टी-20 सीरीज के शुरुआती छह ओवरों को काफी अहम करार देते हुए कहा कि भारत को उसी की धरती पर हराने के लिए उनकी टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में पावरप्ले जीतने होंगे। भारत पांच मैच की सीरीज में 2-1 से आगे है।
सैमी ने कहा कि गेंदबाजी के दौरान पावरप्ले में काफी रन लुटाने के कारण वेस्टइंडीज को हर बार मैच में वापसी करने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ी है। सैमी ने कहा कि मुझे लगता है कि पावरप्ले में हम पिछड़ रहे है। इसी वजह से हम सीरीज में 2-1 की बढ़त नहीं बना पाए है। हम भी 2-1 से आगे हो सकते थे।
पावरप्ले में बेहतर रणनीति बनानी होगी
उन्होंने बताया कि वेस्टइंडीज की टीम पावरप्ले के बाद के तीनों चरणों में भारत की रन गति को 10 रन प्रति ओवर से नीचे रखने में सफल रही है लेकिन पावरप्ले में भारतीय बल्लेबाजों ने लगभग 14.5 रन प्रति ओवर की दर से रन बनाए। उन्होंने कहा कि हमारे लिए पावरप्ले को नियंत्रित करना अहम है। अब तक हर बार हमें मैच में वापसी करने के लिए संघर्ष करना पड़ा है। यह ऐसा क्षेत्र है, जिसमें हमें सुधार करने की जरूरत है।
सैमी ने कहा कि भारत को भारत में हराने के लिए आपको बल्लेबाजी और गेंदबाजी, दोनों के पावरप्ले जीतने होंगे। सैमी का मानना है कि सीरीज में वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी भारत के मुकाबले अच्छी रही है। कुछ मुकाबलों में उनकी टीम ने भारत से अधिक छक्के भी लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम बल्लेबाजी के अनुकूल परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाने की कोशिश कर रही है, क्योंकि आपको हमेशा ऐसी पिचों पर खेलने का मौका नहीं मिलता है।
