सुनील गावस्कर कॉलम: विराट कोहली के 100 शतक और टीम का हित, पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने रखी अपनी बेबाक राय
सुनील गावस्कर ने क्रिकेट में व्यक्तिगत उपलब्धि और टीम हित के बीच संतुलन पर अपनी राय रखी। उन्होंने विराट कोहली ...और पढ़ें

सुनील गावस्कर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
सुनील गावस्कर कॉलम। न्यूजीलैंड के विरुद्ध पहले वनडे में भारत की आसान जीत ने सीरीज के लिए अच्छी शुरुआत तय कर दी है। टी-20 सीरीज में भी भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की थी। ऐसे में लग रहा है कि भारतीय टीम वनडे सीरीज भी अपने नाम कर सकती है। पहले मैच में कप्तान गिल और उनके बाद बल्लेबाजी करने आए श्रेयस अय्यर के सामने एक मुश्किल स्थिति थी। दूसरी ओर विराट कोहली बेहद तेज गति से रन बना रहे थे।
वह अपना अर्धशतक पूरा कर चुके थे और जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे, उससे एक और शतक की उम्मीद बढ़ गई थी। लेकिन बारिश के कारण खेल रुकने के बाद लक्ष्य में कटौती हो गई थी। ऐसे में कोहली के शतक और टीम के लक्ष्य के बीच का अंतर लगातार कम होता जा रहा था।
सुनील गावस्कर ने दिया उदाहरण
ऐसी परिस्थिति में दूसरे छोर पर बल्लेबाजी कर रहे खिलाड़ी के लिए फैसला करना आसान नहीं होता। गिल और अय्यर के सामने भी यही दुविधा रही होगी कि वे अपने रन बनाने की गति कैसी रखें, क्योंकि उनके हर रन के साथ कोहली के शतक और टीम की जीत के लक्ष्य के बीच का अंतर कम होता जा रहा था। यह स्थिति मुझे 1984 में लॉर्ड्स में खेले गए टेस्ट मैच की याद दिलाती है। उस मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान डेविड गावर ने अंतिम दिन वेस्टइंडीज के सामने 341 रन का लक्ष्य रखा था।
गार्डन ग्रीनिज ने आक्रामक शुरुआत की और शानदार दोहरा शतक लगाकर वेस्टइंडीज को आसानी से जीत दिलाई। लैरी गोम्स के साथ उनकी बड़ी साझेदारी ने इंग्लैंड की वापसी की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया था। मैच के अंतिम चरण में वेस्टइंडीज को जीत के लिए करीब 12 रन की जरूरत थी और काफी ओवर बाकी थे। ग्रीनिज अपना दोहरा शतक पूरा कर चुके थे, जबकि गोम्स अपने शतक से केवल आठ रन दूर थे। उस समय मैं वेस्टइंडीज के ड्रेसिंग रूम में मौजूद था। वहां इस बात को लेकर चर्चा हो रही थी कि क्या गोम्स को शतक पूरा करने का मौका दिया जाना चाहिए या व्यक्तिगत उपलब्धि की परवाह किए बिना टीम को जीत दिलाई जानी चाहिए।
ध्यान देने वाली बात यह थी कि न तो समय का दबाव था और न ही ओवर खत्म होने की चिंता। ग्रीनिज दोहरा शतक लगा चुके थे और टीम को जीत के लिए लगभग 12 रन चाहिए थे। गोम्स 92 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। लेकिन इसके बाद ग्रीनिज ने लगातार तीन चौके लगाए और मैच खत्म कर दिया। गोम्स अपना शतक पूरा नहीं कर सके और 92 रन पर नाबाद रह गए। इसमें कोई संदेह नहीं कि टीम हमेशा पहले आती है। लेकिन क्रिकेट ऐसा खेल भी है, जिसमें खिलाड़ियों को एक-दूसरे का ध्यान रखना चाहिए।
व्यक्तिगत उपलब्धि और टीम हितों को लेकर गावस्कर की राय
इससे टीम भावना मजबूत होती है और मुश्किल परिस्थितियों में सभी मिलकर बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं। अगर किसी खिलाड़ी की व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल करने की कोशिश से टीम के हितों को नुकसान नहीं पहुंचता है तो इसमें कोई बुराई नहीं होनी चाहिए। भले ही बाहर बैठे लोगों की इस पर अलग-अलग राय हो। याद कीजिए, पाकिस्तान में खेले गए एक टेस्ट मैच में राहुल द्रविड़ ने भारतीय पारी घोषित कर दी थी, जबकि सचिन तेंदुलकर दोहरा शतक पूरा करने से सिर्फ छह रन दूर थे। इन दोनों महान खिलाड़ियों की टीम के प्रति प्रतिबद्धता और समर्पण पर कभी सवाल नहीं उठाया जा सकता।
इसके बावजूद पारी घोषित होने के बाद भारतीय ड्रेसिंग रूम में एक-दो दिन तक बेचैनी का माहौल रहा था। हालांकि भारत ने वह मुकाबला आसानी से जीत लिया था और उसके पास काफी समय भी बचा था। न्यूजीलैंड के विरुद्ध मुकाबले में कोहली 70 रन के आसपास आउट हो गए। ऐसे में गिल और अय्यर को उस संभावित आलोचना का सामना नहीं करना पड़ा, जो तब होती अगर कोहली 90 से अधिक रन पर नाबाद रहते और उनके रहते जीत के लिए जरूरी रन बना दिए जाते।
विराट कोहली को 100 शतक पूरा करना चाहिए
हां, क्रिकेट टीम का खेल है, लेकिन टीम के लिए भी यह अच्छी बात होती है कि उसका कोई खिलाड़ी, खासकर कोई बड़ा स्टार, टीम की जीत की संभावनाओं को प्रभावित किए बिना अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल कर ले। ऐसा कोई भारतीय क्रिकेट प्रशंसक नहीं होगा, जो विराट कोहली को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 शतक पूरे करते हुए नहीं देखना चाहता हो।
हम सभी उनके इस मुकाम तक पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में अगर कभी कोई ऐसा मौका आता है, जब उनका कोई साथी खिलाड़ी उन्हें इस उपलब्धि तक पहुंचाने के लिए अपने कुछ रन कुर्बान कर देता है, तो उस उपलब्धि का गौरव केवल कोहली का नहीं, बल्कि पूरे भारतीय क्रिकेट परिवार और उनके प्रशंसकों का भी होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।