विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गैराज के अभ्यास से टेस्ट क्रिकेट के शिखर तक, सर रिचर्ड हैडली ने याद किए अपने पुराने दिन

By Abhishek TripathiEdited By: Praveen Kumar Mishra
Published: Mon, 30 Nov 2026 05:00 AM (IST)

सर रिचर्ड हैडली ने अपने नाम वाले रिटायरमेंट विलेज में अपने क्रिकेट सफर और बचपन की यादें साझा कीं। उन्होंने गैराज में अभ्यास से लेकर अंतरराष्ट्रीय करियर और मजेदार किस्सों तक का जिक्र किया, जिसमें 1990 में संन्यास के बाद भी चैरिटी मैच शामिल हैं।

सर रिचर्ड हैडली

सर रिचर्ड हैडली

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

अभिषेक त्रिपाठी, क्राइस्टचर्च। न्यूजीलैंड के महान तेज गेंदबाज सर रिचर्ड हैडली के लिए अपने नाम वाले रिटायरमेंट विलेज में बोलना खास अनुभव रहा। राइमैन रिचर्ड हैडली रिटायरमेंट विलेज, राइमैन हेल्थकेयर की ओर से संचालित रिटायरमेंट कम्युनिटी है। इसके विलेज सेंटर की शुरुआत अक्टूबर 2026 में हुई थी।

हैडली ने इसे बड़े सम्मान की बात बताया। उन्होंने कहा कि शुरुआत में वह प्रस्ताव से हैरान और थोड़ा असमंजस में थे, लेकिन सोच-विचार के बाद उन्हें लगा कि उन्होंने सही फैसला किया। वह इस तरह की रिटायरमेंट कम्युनिटी से जुड़ने वाले न्यूजीलैंड के दूसरे क्रिकेटर हैं। उनसे पहले महान क्रिकेटर बर्ट सटक्लिफ के नाम पर ऐसी कम्युनिटी शुरू की गई थी।

सटक्लिफ ने 1940 और 1950 के दशक के साथ 1960 के शुरुआती वर्षों में क्रिकेट खेला था। उन्होंने 1949 में हैडली के पिता के साथ इंग्लैंड का दौरा किया था और उसी साल न्यूजीलैंड के पहले स्पोर्ट्समैन ऑफ द ईयर बने थे।

गैराज में शतक लगाने का सपना देखते थे

74 वर्षीय हैडली ने अपने क्रिकेट सफर की शुरुआत याद करते हुए बताया कि बचपन में वह गैराज में छत से रस्सी के सहारे लटकी गेंद पर घंटों अभ्यास करते थे। पिता की क्रिकेट कैप, बड़े पैड और दस्ताने पहनकर वह गेंद को बार-बार मारते। काल्पनिक टेस्ट शतक पूरा होने पर वह टोपी उतारकर बल्ला उठाते, जैसा उन्होंने मैदान पर खिलाड़ियों को करते देखा था।

घर के पिछवाड़े में गोल्फ की गेंद से भी खेलते और खुद को विकेटकीपर मानकर कैच पकड़ने का अभ्यास करते थे। उनके इस काल्पनिक मैच में न्यूजीलैंड हमेशा ऑस्ट्रेलिया को हराता और वह 20 विकेट लेते थे। हैडली ने कहा कि 12 साल की उम्र में वह लैंकेस्टर पार्क में दर्शकों को कार्यक्रम पुस्तिकाएं बेचते थे। 16 साल की उम्र में टेस्ट मैच के दौरान स्कोरबोर्ड चलाने की जिम्मेदारी मिली। मैदान को देखकर वह सोचते थे कि एक दिन अपने देश के लिए टेस्ट खेलेंगे।

पाकिस्तान के खिलाफ खेला पहला टेस्ट मैच

21 साल की उम्र में 1972-73 में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने पहला टेस्ट खेला। कुछ विकेट और रन बनाने के बावजूद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। उन्होंने महान डॉन ब्रैडमैन का उदाहरण देते हुए कहा कि अपने पहले टेस्ट में ब्रैडमैन ने भी 18 और एक रन बनाया था और उन्हें भी बाहर होना पड़ा था।

साझा किए कई मजेदार किस्से

हैडली ने पहचान को लेकर कई मजेदार किस्से साझा किए। एक बार उनके पड़ोसी का आठ साल का बेटा दोस्तों के साथ उनके घर आया। दरवाजा खोलने वाले हैडली से उसने पूछा कि क्या रिचर्ड हैडली यहां रहते हैं। जवाब हां में मिलने पर बच्चे ने पूछा, क्या आप उनके पिता हैं? वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े। ऑस्ट्रेलिया की यात्रा के दौरान एक फ्लाइट के मुख्य परिचारक ने उनसे कहा कि उनका चेहरा रिचर्ड हैडली से काफी मिलता-जुलता है। हैडली ने बताया कि वह खुद रिचर्ड हैडली हैं।

परिचारक ने बोर्डिंग पास पर नाम देखा और जवाब दिया, यह सुनकर दुख हुआ। एक अन्य बार महिला ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज डेनिस लिली समझकर अपने बेटे के लिए तस्वीर पर ऑटोग्राफ मांगा। हैडली ने अपनी पहचान बताई तो महिला ने कहा कि कोई बात नहीं, उनका बेटा पढ़ नहीं सकता।

1990 में कहा इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा

हैडली ने बताया कि 1990 में 18 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहने के बाद भी वह लगातार छह बार ऑस्ट्रेलिया में चैरिटी क्रिकेट मैच खेलने गए। इन मुकाबलों से मल्टीपल स्क्लेरोसिस (एमएस) के लिए धन जुटाया जाता था। उन्होंने एक पुलिसकर्मी का किस्सा भी सुनाया, जिसने पूछा था कि क्या वह गेंदबाजी जितनी तेजी से गाड़ी चला रहे हैं। हैडली ने जवाब दिया, अगर ऐसा होता तो आप मुझे पकड़ ही नहीं पाते।

यह भी पढ़ें- साउथ एशिया ने जीता पहला 'टेस्ट ट्वेंटी' खिताब, विराट कोहली के भांजे ने गेंद से किया कमाल

यह भी पढ़ें- IND vs NZ: भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट मैच में चौथे और पांचवें दिन कैसा रहेगा पिच का मिजाज? टीम इंडिया के लिए जगी उम्मीद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।