IND vs NZ: केन विलियमसन की मदद से न्यूजीलैंड को पस्त करेंगे गिल, तैयार किया प्लान
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने कहा है कि शुभमन गिल के अंदर सुधार करने की भूख है और इसी कारण वह लगातार आगे बढ़ रहे हैं।
-1794903520756_m.webp)
शुभमन गिल ने ली केन विलियमसन की मदद

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड उन देशों में से है जहां बल्लेबाजी करना आसान नहीं होता है। यहां की पिचों पर गेंद लहराती है और बाउंस भी लेती है जो उपमहाद्वीप के बल्लेबाजों को खासा परेशान करता है। भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल इस बात से वाकिफ हैं और इसलिए उन्होंने एक ऐसे शख्स की मदद ली जिसने इन्हीं पिचों पर खेलते हुए अपने खेल को परिपक्व किया और दुनिया भर में नाम कमाया। यह खिलाड़ी हैं न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन।
विलियमसन महान बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। हालांकि, अब वह संन्यास ले चुके हैं, लेकिन बीते डेढ़ दशक के दिग्गज बल्लेबाजी गिनती होगी तो विलियमसन उसमें आगे की लाइन में खड़े दिखेंगे। टेस्ट में इस बल्लेबाज ने गजब का खेल दिखाया और इसलिए गिल ने भी उनकी मदद ली है।
लगातार करते हैं बात
विलियमसन ने अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में कहा कि गिल के अंदर लगातार सुधार करने की भूख है और यही उन्हें अच्छा क्रिकेटर बनाती है। विलियमसन ने बताया कि गिल टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए काफी पहले ही न्यूजीलैंड आ गए थे और ऐसे में उन्होंने भारतीय कप्तान की मदद भी की थी।
विलियमसन ने कहा, "वह शानदार इंसान हैं और खेल के एक विशुद्ध छात्र हैं। हमारी दोस्ती तब से है जब हम गुजरात टाइटंस में थे। वह समय-समय पर मुझसे बल्लेबाजी को लेकर बात करते रहते हैं। हमने खेल के अलग-अलग पहेलूओं पर कई बार बात की है। उनकी एक बल्लेबाज के तौर पर आगे बढ़ने और बेहतर करने की भूख शानदार है।"
विलियमसन ने प्रैक्टिस में की मदद
गिल न्यूजीलैंड सीरीज की तैयारी के लिए सबसे पहले यहां आए थे। ऐसे में विलियमसन ने अभ्यास के इंतजाम करने के लिए उनकी मदद की थी। उन्होंने कहा, "वह काफी पहले ऑकलैंड आ गए थे और लंबी सीरीज के लिए पहले से तैयारी करना चाहते थे। तो मैंने कुछ प्रैक्टिस सेशन की व्यवस्था करने में उनकी मदद की ताकि सीरीज शुरू होने से पहले उन्हें पर्याप्त समय मिल सके। वह लगातार सुधार करना चाहते हैं। इसलिए इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है कि उनका करियर आगे की तरफ जा रहा है।"
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।