'जड्डू भाई को ड्रॉप नहीं किया', विंडीज से हार के बाद शुभमन गिल ने बताई जडेजा को बाहर बिठाने की असली वजह
शनिवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के तीसरे वनडे मैच में सीनियर ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया गया।

रवींद्र जडेजा और गिल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। मुल्लनपुर में शनिवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के तीसरे वनडे मैच में सीनियर ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया गया। वनडे में उनके गिरते प्रदर्शन के आंकड़े निश्चित रूप से चिंता का विषय थे, लेकिन गुवाहाटी में खेले गए दूसरे मैच में इस अनुभवी खिलाड़ी ने दो विकेट लिए थे।
अक्षर-सुंदर जापान में थे
जापान में चल रहे एशियाई खेलों के कारण अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर की अनुपलब्धता को देखते हुए उम्मीद थी कि जडेजा प्लेइंग 11 में अपनी जगह बनाए रखेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उनकी जगह अंशुल कंबोज को टीम में शामिल किया गया।
भारत को मिली हार
तीसरे वनडे में भारत को वेस्टइंडीज के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। हार के बाद भारत के कप्तान शुभमन गिल ने इस बात को मानने से इनकार कर दिया कि जडेजा को प्लेइंग 11 से बाहर किया गया था। उन्होंने वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए दूसरे खिलाड़ियों को मौका देने की अहमियत पर जोर दिया।
गिल ने यह भी कहा कि वे वर्ल्ड कप के लिए टीम पर चर्चा करने के लिए सेलेक्टर के साथ मीटिंग करने की योजना बना रहे हैं। इस दौरान उन्होंने इशारों-इशारों में संकेत दिया कि शायद जडेजा उनकी योजनाओं का हिस्सा न हों।
उन्हें आराम दिया गया
गिल ने मैच के बाद कहा, "सबसे पहले, मुझे नहीं लगता कि जड्डू भाई को टीम से बाहर किया गया था। हमने उन्हें आराम देने का फैसला किया क्योंकि आज हमारे पास दूसरे खिलाड़ियों को खेलने का मौका देने का अवसर था। जब कोई सीरीज सिर्फ तीन मैचों की होती है, तो बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को जरूरी अनुभव देना बहुत मुश्किल हो जाता है।"
इस बारें में चर्चा होगी
उन्होंने कहा, "आगे चलकर, मुझे लगता है कि हम सेलेक्टर के साथ इस बारे में चर्चा करेंगे कि वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए, कौन सा खिलाड़ी अपनी स्किल के आधार पर उन हालात में टीम के लिए ज्यादा योगदान दे सकता है। फिर हम तय करेंगे कि हम किसे टीम में शामिल करना चाहते हैं।"
इनका हुआ डेब्यू
जसप्रीत बुमराह और हर्षित राणा की गैर-मौजूदगी में भारत ने इस सीरीज में आकिब नबी और अंशुल कंबोज को डेब्यू करने का मौका दिया। नबी ने दूसरा मैच खेला, लेकिन 8.5 ओवर में 84 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। तीसरा मैच खेलने वाले कंबोज ने अपने नौ ओवर में 82 रन दिए। इस तरह डेब्यू करने वाले दोनों खिलाड़ियों के लिए यह अनुभव अच्छा नहीं रहा।
