IND vs WI: 'हम T20 में सबसे खतरनाक टीमों में से एक होंगे', श्रेयस अय्यर ने विरोधियों को दे डाली खुली चेतावनी
भारत ने लखनऊ में वेस्टइंडीज को पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में 8 विकेट से हरा दिया। कप्तान श्रेयस अय्यर (102*) ...और पढ़ें

श्रेयस अय्यर
HighLights
भारत ने पहले टी20 में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराया
श्रेयस अय्यर ने बतौर कप्तान पहला टी20 शतक जमाया
भारत टी20 की सबसे खतरनाक टीमों में से एक: अय्यर
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। श्रेयस अय्यर (102*) की कप्तानी पारी की बदौलत भारत ने पहले टी20 में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हरा दिया। अय्यर ने कहा कि अगर हम इसी मानसिकता के साथ खेलें तो टी20 की सबसे खतरनाक टीमों में से एक होंगे।
याद दिला दें कि लखनऊ के इकाना स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी की और पूरी टीम 19.1 ओवर में 171 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारत ने 14.4 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। मेजबान की टीम में अहम भूमिका श्रेयस अय्यर ने निभाई, जिन्होंने 43 गेंदों में 10 चौके और छह छक्के की मदद से नाबाद शतक जमाया।
श्रेयस अय्यर ने जीत के बाद क्या कहा
एशियन गेम्स के बाद यात्रा की, जिससे काफी थकान हो गई। ईमानदारी से कहूं तो मुझे एहसास नहीं हुआ कि हम कहां हैं। मेरे ख्याल से प्रत्येक दिन मैं ऐसे ही उठना चाहूंगा। मगर हां, मैंने पिच के अनुरूप खुद को जल्दी ठाना, परिस्थितियों को समझा और शायद पहले गेंदबाजी करने से मदद मिली। हम थकान को अपना बहाना नहीं बनाना चाहते। हम आकर किसी भी क्रिकेटर की तरह खेलना चाहते थे।'
उन्होंने आगे कहा, 'हमने वनडे में उत्साह देखा। टी20 में हमें पता है कि वेस्टइंडीज कितनी खतरनाक टीम है। इसलिए हमारे लिए जरूरी था कि प्रक्रिया पर टिके रहे और यही हमने आज किया। टीम के हर सदस्य ने अच्छा प्रयास दिखाया।'
सपने सच होते हैं
श्रेयस अय्यर ने अपने पहले टी20 इंटरनेशनल शतक के बारे में खुलकर बातचीत की। उन्होंने कहा, 'मेरा प्रदर्शन शानदार रहा। निश्चित ही मैंने अपने पहले शतक के बारे में सोचा और ऐसा हुआ भी। इसलिए मैं निश्चित ही कहता हूं कि सपने सच होते हैं।'
ड्रेसिंग रूम की बातचीत का खुलासा
श्रेयस अय्यर ने ड्रेसिंग रूम में बातचीत का भी खुलासा किया। उन्होंने कहा, 'जीत का अलग स्वाद होता है। हम ड्रेसिंग रूम में इसी बारे में बात करते हैं। अगर आपका दिन है तो सुनिश्चित करें कि आप टीम के लिए मैच जीते। आज मेरा दिन था। पिछले कुछ मैचों में बल्लेबाजों ने मैच खत्म किए। वैसे, हमारा सभी विभागों में प्रदर्शन अच्छा रहा।'
सबसे खतरनाक टीम
श्रेयस अय्यर अपनी टीम के प्रदर्शन से काफी संतुष्ट नजर आए। उन्होंने कहा कि अगर इसी मानसिकता के साथ टीम खेली तो टी20 में भारत सबसे खतरनाक टीमों में से एक होगा। भारतीय टी20 कप्तान ने कहा, 'मेरे ख्याल से अगर हम इसी मानसिकता के साथ खेले तो टी20 में सबसे खतरनाक टीमों में से एक होंगे।'
नमन धीर ने किया प्रभावित
श्रेयस अय्यर ने डेब्यूटेंट नमन धीर की भी जमकर तारीफ की, जिन्होंने तीन विकेट चटकाए। उन्होंने कहा, 'नमन धीर विशेष खिलाड़ी है। उन्होंने अहम मौकों पर गेंदबाजी की। उन्हें एहसास हुआ कि गेंद स्पिन हो रही है तो इसका पूरा फायदा उठाया। उनका प्रदर्शन शानदार रहा और मुझे उनका एटीट्यूड काफी पसंद आया। मुझे तो अब नींद आ रही है। मैंने देखा कि अक्षर की आंखें भी लाल है। मुझे भरोसा है कि हमारे सभी खिलाड़ी अच्छी नींद लेकर अपनी थकान मिटाएंगे।'
