'हमेशा बंदूक तनी रहती है', टीम इंडिया के हेड कोच को लेकर रवि शास्त्री ने बयां किया दर्द; बताया क्या है सबसे मस्त जिंदगी
पूर्व भारतीय क्रिकेट कोच रवि शास्त्री ने कहा कि क्रिकेट में कोचिंग सबसे मुश्किल काम है, क्योंकि मैदान पर खिलाड़ियों के जाने के बाद कोच का नियंत्रण नहीं रहता।

रवि शास्त्री टीम इंडिया के कोच रह चुके हैं

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच और कप्तान रवि शास्त्री अपने मुंहफट वाले अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वह बिना झिझक अपने दिल की बात कह देते हैं। किसी भी मुद्दे पर वह खुलकर अपने विचार रखते हैं। एक बार फिर शास्त्री ने कुछ ऐसा ही किया है। उनसे जब क्रिकेट में सबसे मुश्किल कामों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कोचिंग को पहले नंबर पर रखा।
शास्त्री लंबे समय तक टीम इंडिया के कोच और डायरेक्टर भी रहे। उनकी कोचिंग के समय भारत ने टेस्ट में शानदार खेल दिखाया और काफी सफल टीमों में गिनी जाती रही। शास्त्री इस समय भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज में कमेंटेटर की भूमिका में हैं।
रहता है दबाव
शास्त्री टीम इंडिया के लिए खेल चुके हैं। इसके बाद वह कमेंट्री में आए और फिर कोच बने। अब एक बार फिर वह कमेंट्री में दिखाई दे रहे हैं। तीसरे वनडे के दौरान इयान स्मिथ ने स्काई स्पोर्ट्स के शो पर शास्त्री से तीनों में से सबसे मुश्किल काम के बारे में पूछा तो उन्होंने कोचिंग बताया। उन्होंने कहा, "हां, सबसे मुश्किल कोचिंग है क्योंकि आपके नियंत्रण में कुछ भी नहीं है। जब आप खेलते हो तो बल्ला या गेंद आपके हाथ में होता है। जब आप ब्रॉडकास्टर होते हैं तो माइक आपके हाथ में होता है, लेकिन एक बार जब खिलाड़ी मैदान पर गए तो आप सिर्फ हाथ मल सकते हैं। उम्मीद होती है कि कोविड हो या न हो आपको जीतना है।"
उन्होंने कहा, "आपके सिर पर हमेशा बंदूक तनी रहती है। अगर आपने इसे हटा दिया तो आप सफल हैं। यह इनाम है। इससे आपको काफी इज्जत मिलती है।"
ब्रॉडकास्टर की जिंदगी मस्त
शास्त्री ने कहा कि वह बतौर ब्रॉडकास्टर अपनी जिंदगी जीना ज्यादा पसंद करते हैं। उन्होंने कहा, "यह शानदार जीवन है जहां आप अलग-अलग जगह जाते हैं, खासतौर पर क्रिकेटिंग लाइफ। आप खेल को पसंद करते हैं। इससे आप खेल से जुड़े रहते हैं। आपके पास मौका भी होता है कि इससे दूर जाकर आप काफी कुछ कर सकें।"
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।