IND vs NZ: टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया ने बनाया जबरदस्त प्लान, तीन तेज गेंदबाज कराएंगे बल्लेबाजों को खास तैयारी
भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) सीरीज की तैयारी के लिए तीन तेज गेंदबाजों - आकिब नबी, गुरनूर बराड़ और अर्शदीप सिंह को न्यूजीलैंड में रोकेगी।

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो: BCCI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, हैमिल्टन। तेज गेंदबाज आकिब नबी, गुरनूर बराड़ और अर्शदीप सिंह न्यूजीलैंड के विरुद्ध 19 नवंबर से शुरू होने वाली महत्वपूर्ण विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) सीरीज की तैयारी में भारतीय टेस्ट टीम की मदद के लिए न्यूजीलैंड में रुकेंगे। टीम के सहायक कोच सितांशु कोटक ने सोमवार को यह जानकारी दी।
ये तीनों तेज गेंदबाज फिलहाल न्यूजीलैंड के विरुद्ध पांच वनडे मैच की सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं। कोटक ने सोमवार को मैच से पहले संवाददाताओं से कहा कि मुझे लगता है कि तीन गेंदबाज यहां रुकने वाले हैं। गुरनूर, संभवत: नबी और मेरे ख्याल से अर्शदीप भी यहीं रुकेंगे। सौराष्ट्र के पूर्व बल्लेबाज ने बताया कि टेस्ट विशेषज्ञ खिलाड़ी 11 नवंबर से अपनी तैयारियां शुरू करेंगे।
शुभमन गिल टेस्ट टीम के साथ जुड़ेंगे
कप्तान शुभमन गिल, अनुभवी प्रारंभिक बल्लेबाज केएल राहुल, बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव और तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज मंगलवार को तीसरे वनडे के बाद वेलिंगटन रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर हमारी तैयारी काफी अच्छी रही है। इसके अलावा टेस्ट खिलाड़ी 11 नवंबर से शिविर में हिस्सा लेंगे जहां हमें पांच या छह अभ्यास सत्र मिलेंगे। उम्मीद है कि हम टेस्ट सीरीज के लिए भी पूरी तरह तैयार होंगे।
भारतीय टीम का कोचिंग स्टाफ भी दो हिस्सों में बंटेगा। मुख्य कोच गौतम गंभीर 13 और 15 नवंबर को टाउरंगा के माउंट मोनगानुई में होने वाले चौथे और पांचवें वनडे के लिए टीम के साथ रुकेंगे। कोटक ने कहा कि जहां तक मेरी जानकारी है, गौतम को आगामी विश्व कप के कारण यहां रुकना होगा। इसलिए वह यहीं रहेंगे। संभवत: साईराज बहुतुले भी यहां रुकेंगे।
कोटक ने बताया पूरा प्लान
उन्होंने कहा कि मोर्ने मोर्कल और सहयोगी स्टाफ के कुछ अन्य सदस्य वेलिंगटन जाएंगे। फिलहाल यही योजना है लेकिन जैसा कि मैंने कहा कि अंतिम फैसला गौतम को ही लेना है। इसलिए इसमें बदलाव भी हो सकता है। कोटक ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी कोच ल्यूक रोंची की इस बात से सहमति जताई कि ऑकलैंड के ईडन पार्क और वेलिंगटन के एचएनआरवाई स्टेडियम की चुनौतीपूर्ण पिचों पर खेलने से बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को टेस्ट मुकाबलों की बेहतर तैयारी करने में मदद मिली है।
उन्होंने कहा कि पीछे मुड़कर देखें तो यह अच्छी बात है क्योंकि टेस्ट मुकाबलों में भी इसी तरह की परिस्थितियां मिल सकती हैं। फर्क सिर्फ इतना होगा कि गेंद लाल होगी।
राहुल की प्रतिभा व धैर्य उन्हें बहुमूल्य खिलाड़ी बनाते हैं: कोटक
भारतीय टीम के सहायक कोच सितांशु कोटक ने टीम की जरूरतों के अनुसार खुद को ढालने की लोकेश राहुल की क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि यह अनुभवी बल्लेबाज टीम के लिए बेहद अहम है और चुनौतीपूर्ण पिचों पर अपनी बहुमुखी प्रतिभा साबित कर चुका है। राहुल टेस्ट क्रिकेट में प्रारंभिक बल्लेबाज की भूमिका निभाने में सक्षम हैं जबकि वनडे प्रारूप में मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हैं और पारी के अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी भी बखूबी निभा सकते हैं।
50 ओवर के क्रिकेट में वह बहुत कम मौकों पर नाकाम रहे हैं और कोटक का ध्यान भी इस ओर गया है। कोटक ने कहा कि मुझे लगता है कि केएल राहुल का सबसे बड़ा फायदा यह है कि वह लाल गेंद के क्रिकेट में पारी का आगाज कर सकते हैं और सफेद गेंद के क्रिकेट में मध्यक्रम में बल्लेबाजी कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर वह आखिरी पांच ओवर में भी तेजी से रन बना सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।