वैभव सूर्यवंशी और भुवनेश्वर कुमार के खौफ में न्यूजीलैंड, कीवी कप्तान मिशेल सैंटनर ने बताई वजह
न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सैंटनर ने भारत के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज से पहले वैभव सूर्यवंशी को रोकने की रणनीति बनाने की बात कही है।

मिशेल सैंटनर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
पीटीआई, क्राइस्टचर्च। न्यूजीलैंड के कप्तान मिशेल सैंटनर ने स्वीकार किया कि अगर वैभव सूर्यवंशी गुरुवार से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज में भारत की अंतिम एकादश में जगह बनाते हैं तो उन्हें रोकना मुश्किल होगा लेकिन उनकी टीम ने इस युवा बल्लेबाज के लिए कुछ रणनीति तैयार की हैं।
सूर्यवंशी को इस साल की शुरुआत में ब्रिटेन दौरे के लिए चुने जाने के बाद से बहुत कम मौके मिले हैं, क्योंकि नियमित प्रारंभिक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई है।
वैभव सूर्यवंशी के लिए हम तैयार: मिशेल सैंटनर
सैंटनर ने पहले मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा कि सूर्यवंशी वेस्टइंडीज के विरुद्ध पिछली सीरीज में नहीं खेले थे लेकिन हमने आईपीएल में देखा है कि वह कितने अच्छे खिलाड़ी हैं। हम जानते हैं कि अभिषेक जैसे अन्य खिलाड़ी भी बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन सूर्यवंशी की भूमिका भी काफी बड़ी है।
उन्होंने कहा कि अगर उन्हें इस सीरीज में खेलने का मौका मिलता है तो हम जानते हैं कि वह क्या कर सकते हैं। गेंदबाजों के लिए उन्हें रोकना काफी मुश्किल रहा है। हमने आईपीएल में देखा कि वह कितनी आक्रामक बल्लेबाजी कर सकते हैं। अगर उन्हें खेलने का मौका मिलता है तो हमने उनके लिए रणनीति तैयार की है।
भुवनेश्वर कुमार को लेकर बोले सैंटनर
सैंटनर से अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की लगभग चार साल बाद भारतीय टी-20 टीम में वापसी के बारे में भी पूछा गया। न्यूजीलैंड के कप्तान ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भुवनेश्वर को यहां की परिस्थितियां पसंद आएंगी।
भारतीय गेंदबाजी को अनुभव देंगे भुवनेश्वर: अय्यर
भारतीय टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने बुधवार को कहा कि हाल के दिनों में टीम के गेंदबाजी आक्रमण में अनुभव की कमी रही है और अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की वापसी से इसे दूर करने में मदद मिलेगी। भुवनेश्वर ने चार साल बाद भारतीय टी-20 टीम में वापसी की है। इस 36 वर्षीय तेज गेंदबाज को न्यूजीलैंड के विरुद्ध गुरुवार से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है।
अय्यर ने पहले मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा कि भुवी की वापसी से भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को काफी अनुभव मिला है। आईपीएल के बाद हमें इसकी कमी खल रही थी क्योंकि टीम में काफी नए तेज गेंदबाजों को शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर ने पिछले दो वर्ष में आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन किया है। इसलिए वह जानते हैं कि इस प्रारूप में दबदबा बनाने के लिए क्या करना होता है।
