धोनी को लेकर मनोज तिवारी ने पहले उगला जहर, बाद में दी ये सफाई !
धोनी की कप्तानी में मनोज तिवारी ने वर्ष 2008 में वनडे में डेब्यू किया था।
नई दिल्ली, जेएनएन। भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के संन्यास को लेकर काफी खबरें सामने आईं। विश्व कप के बाद कहा जाने लगा कि वो क्रिकेट को अलविदा कह देंगे पर ऐसा नहीं हुआ और वो सेना के साथ ट्रेनिंग लेने चले गए। हालांकि इसकी वजह से उन्होंने वेस्टइंडीज दौरे के लिए खुद को उपलब्ध नहीं बताया था। अब धोनी के क्रिकेट करियर को लेकर मनोज तिवारी नें एक बड़ी बात कह डाली है। कमाल की बात ये है कि मनोज तिवारी ने धोनी की कप्तानी में ही टीम इंडिया में डेब्यू किया था। मनोज तिवारी ने कहा कि भारतीय कप्तान विराट कोहली को अब भी धोनी की जरूरत है, लेकिन अब समय आ गया है जब कड़े कदम उठाने चाहिए।
न्यूज स्टेट पर जारी हुए एक वीडियो में मनोज तिवारी (Manoj Tiwari) ने कहा कि धोनी ने टीम इंडिया के लिए काफी योगदान किया है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत कुछ किया है, लेकिन मेरा ये मानना है कि सेलेक्टर्स को अब कड़ा कदम उठाने की जरूरत है। बेशक विराट कोहली ये कह रहे हैं कि धोनी की जरूरत उन्हें है, लेकिन अब समय आ गया है जब उन्हें लेकर कोई बड़ा फैसला किया जाए।
मनोज तिवारी ने कहा कि अब धोनी का प्रदर्शन पहले जैसा नहीं रहा है और इसमें लगातार गिरावट होती जा रही है। कोई भी टीम अपने इनफॉर्म खिलाड़ी के साथ ही मैदान पर उतरना चाहती है। ऐसे में जो इस वक्त अच्छा प्रदर्शन कर रहा है उसे टीम में जगह मिलनी चाहिए। मुझे ये नहीं पता कि क्या धोनी को पहले के प्रदर्शन के आधार पर लगातार टीम में जगह दी जा रही है। मनोज तिवारी ने धोनी की कप्तानी में ही वनडे डेब्यू किया था। लगातार चोटिल होने की वजह से उनका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट ज्यादा लंबा नहीं चल पाया था। मनोज ने 12 वनडे मैच खेले थे जिसमें उनके नाम पर एक शतक और एक अर्धशतक था।
जब मनोज तिवारी की ये बातें सबके सामने आई तो उन्होंने तुरंत ही अपने ट्विटर अकाउंट पर एक पोस्ट के जरिए अपनी सफाई पेश की। मनोज तिवारी के मुताबिक उन्होंने धोनी के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया है।
मनोज तिवारी ने लिखा कि इंटरनेट पर आप जो कुछ पढ़ते हैं उस पर सिर्फ एक तस्वीर और बयान होने से भरोसा मत कीजिए। इंटरनेट पर बयानों के साथ दिक्कत ये है कि वे कभी भी प्रमाणिक नहीं हो सकते हैं। खामोशी को कभी गलत बयान नहीं कहा जा सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।