'अगर अचानक आपको बाहर निकाल दिया जाए', सूर्यकुमार यादव का फिर छलका दर्द; कमबैक पर भी दिया बड़ा बयान
सूर्यकुमार यादव का बल्ला सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में जमकर बोल रहा है। उन्होंने पांच पारियों में 230 के स्ट्राइक रेट से 204 रन बनाए हैं।

सूर्य कुमार यादव (P.C - Suryakumaryadav X)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पूर्व टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपने बल्ले से दमदार प्रदर्शन किया है। टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतने के बाद सूर्यकुमार यादव से ना सिर्फ कप्तानी छीनी गई, बल्कि उन्हें टीम से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। सूर्यकुमार यादव का टीम इंडिया से बाहर रखने का दर्द एक बार फिर सामने आया है।
सूर्यकुमार यादव ने नागपुर में कहा कि भले ही वे लंबे समय तक खराब फॉर्म से गुजरे हों, मगर उनकी बल्लेबाजी में कोई कमी नहीं थी। उन्होंने कहा कि घरेलू क्रिकेट में रन बनाने के बाद उन्हें भारतीय टीम में वापसी की उम्मीद है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी की पांच पारियों में 230 के स्ट्राइक रेट से सूर्यकुमार यादव ने 204 रन बनाए हैं।
मैं पिछले पांच सालों से इसी तरह खेल रहा हूं: सूर्यकुमार
सूर्यकुमार यादव ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि मेरी बैटिंग में कुछ भी गलत था। मैं पिछले पांच सालों से इसी तरह खेल रहा हूं, मैंने हर जगह बैटिंग का मज़ा लिया है, चाहे वह भारत के लिए खेलना हो या घरेलू टीम मुंबई के लिए। उन्होंने कहा कि मैने अपनी बल्लेबाजी के तरीके को नहीं बदला और पिछले कुछ हफ्तों में अपने खेल पर कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा, अभी भी मैं वही कर रहा हूं, मुझे लगता है कि इसमें बहुत सारी बल्लेबाजी प्रैक्टिस शामिल है, पिछले 8-10 हफ्तों में मैंने यही किया है, जिसका असर मैदान पर दिख रहा है।
पांच साल खेलने के बाद अचानक टीम से निकाले जाने पर बुरा लगता है: सूर्यकुमार
सूर्यकुमार यादव ने कहा कि भारतीय टीम से बाहर होना उनके लिए आसान नहीं रहा है, यह काफी तकलीफदेह है। उन्होंने कहा, भारतीय टीम से दूर रहना दुखद है, आप लगातार पांच साल तक खेलते हैं और फिर अचानक भारत के लिए नहीं खेलते तो बुरा लगता है, लेकिन खेल का यही दस्तूर है।
टीम इंडिया में वापसी पर क्या बोले सूर्या ?
भारत के पूर्व टी-20 कप्तान ने कहा, उन्होंने अपनी बल्लेबाजी के तरीके को नहीं बदला और पिछले कुछ हफ्तों में अपने खेल पर कड़ी मेहनत की है। सूर्यकुमार यादव ने कहा कि हर अंधेरी सुरंग के आखिर में रोशनी जरूर होती है, आप जितनी ज्यादा मेहनत करेंगे, किस्मत भी उतनी ही आपका साथ देगी, शो चलते रहना चाहिए। फिलहाल मेरी पहली प्राथमिकता मुंबई के लिए अच्छा प्रदर्शन करना है। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन उन्हें फिर से भारतीय टीम में वापसी का मौका दिला सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।