विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs NZ: जसप्रीत बुमराह की कमी खलेगी, टीम इंडिया का सिरदर्द बढ़ा सकती है अनुभवहीन गेंदबाजी

Published: Mon, 02 Nov 2026 09:17 PM (IST)

भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच बुधवार से पांच मैचों की वनडे सीरीज का आगाज होगा। भारतीय टीम को इसमें अनुभवहीन ...और पढ़ें

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज

HighLights

  1. भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज

  2. 51 वनडे का अनुभव सिराज के पास तो अर्शदीप के पास 18 मैचों का

  3. वहीं अंशुल, नबी, बराड़ और यश ने कुल मिलाकर खेले हैं केवल 11 वनडे मैच

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के विरुद्ध बुधवार से शुरू होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम प्रबंधन के सामने तेज गेंदबाजी आक्रमण को लेकर बड़ी चुनौती है। गेंदबाजों गुरनूर बराड़, अंशुल कंबोज, आकिब नबी और यश ठाकुर के पास कुल मिलाकर सिर्फ 11 वनडे मैचों का अनुभव है।

ऐसे में अनुभवी और संतुलित मानी जा रही न्यूजीलैंड की टीम के विरुद्ध भारतीय गेंदबाजों की परीक्षा होगी। इस सीरीज में भारत को कमजोर और अनुभवहीन गेंदबाजी संयोजन के साथ उतरना पड़ सकता है। इस सीरीज में टीम को जसप्रीत बुमराह की कमी खलेगी।

पहली वनडे सीरीज

भारतीय वनडे टीम में शामिल सभी गेंदबाज न्यूजीलैंड में अपनी पहली वनडे सीरीज खेलेंगे। टीम के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के भी शुरुआती तीन मैचों के बाद टेस्ट क्रिकेट की तैयारियों के लिए टीम से विदा होने की संभावना है।

वहीं, एकमात्र ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की तैयारियों के लिए पहले वनडे के बाद टीम से अलग हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में 18 वनडे खेल चुके अर्शदीप सिंह गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करेंगे। उनके अलावा गुरनूर बराड़ ने नौ, जबकि अंशुल कंबोज और आकिब नबी ने एक-एक वनडे खेला है।

यश ठाकुर को अभी वनडे पदार्पण करना है और उन्हें अंतिम दो मैचों के लिए चुना गया है। सिराज के पास 51 वनडे में 77 विकेट का अनुभव है, लेकिन उनकी उपलब्धता सीमित रहने की संभावना है।

तीसरा गेंदबाज चुनना चुनौती

भारत के सामने एक अहम प्रश्न तीसरे तेज गेंदबाज के चयन का होगा, खासकर उन मैदानों पर जहां बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान रहता है। आकलैंड का ईडन पार्क ऐसा ही मैदान है। यहां की सीमाएं न्यूजीलैंड के राष्ट्रीय खेल रग्बी को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं और क्रिकेट में मैदान की चौड़ाई कम होने के कारण दो रन लेना भी मुश्किल हो सकता है।

बल्लेबाजों के लिए अक्सर एक रन लेने या फिर गेंद को सीधे बाउंड्री के पार पहुंचाने का विकल्प अधिक व्यावहारिक रहता है। सिराज और अर्शदीप का खेलना लगभग तय माना जा रहा है। तीसरे तेज गेंदबाज के स्थान के लिए गुरनूर, कंबोज और नबी के बीच मुकाबला होगा।

गुरनूर ने नौ वनडे खेले हैं, लेकिन उनकी इकोनामी रेट 7.71 रन प्रति ओवर रही है। छह फुट पांच इंच लंबे गुरनूर के पास अतिरिक्त गति और उछाल हासिल करने की क्षमता है। हालांकि, उनकी स्वाभाविक गेंदबाजी लेंथ कुछ पीछे रहती है, जिससे बल्लेबाजों के गलत शॉट भी छक्के में बदल सकते हैं।

यश में अलग बात

कंबोज और नबी की औसत गति लगभग 135 किलोमीटर प्रति घंटा है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सीमित अनुभव उनके लिए चुनौती बन सकता है। दबाव की परिस्थितियों में सही योजना बनाना और उसे प्रभावी ढंग से लागू करना उनके सामने बड़ी परीक्षा होगी।

चार नए गेंदबाजों में यश ठाकुर के पास अलग तरह की विविधता है। वह गति में बदलाव करने के साथ-साथ पारंपरिक और वाइड यॉर्कर जैसी सटीक गेंदें डालने में सक्षम हैं। हालांकि, वह शुरुआती दो मैचों के लिए उपलब्ध नहीं हैं।

कुलदीप को मिल सकता है मौका

भारत के मौजूदा वनडे सेटअप में सबसे सफल गेंदबाज कुलदीप यादव भी टीम संयोजन के लिहाज से चर्चा में हैं। कुलदीप ने 124 वनडे मैचों में 201 विकेट लिए हैं, लेकिन उपमहाद्वीप से बाहर की परिस्थितियों में उनका चयन टीम संयोजन पर निर्भर कर सकता है। मुख्य कोच गौतम गंभीर की रणनीति बल्लेबाजी क्रम को आठवें नंबर तक मजबूत रखने की रही है।

ऐसे में कुलदीप के लिए अंतिम एकादश में जगह बनाना मुश्किल हो जाता है। हालांकि, गेंदबाजी आक्रमण में अनुभव की जरूरत को देखते हुए उन्हें इस सीरीज में खेलने का मौका मिलने की संभावना है। टी20 सीरीज में उन्हें बेंच पर बैठना पड़ा था, लेकिन वनडे में टीम प्रबंधन उन्हें मौका दे सकता है।

यह भी पढ़ें- रोहित और विराट में से न्यूजीलैंड में कौन जमाएगा सबसे ज्यादा शतक? पुजारा ने कर दी भविष्यवाणी

यह भी पढ़ें- IND vs NZ: रोहित-विराट को एक्शन में देखने के लिए कुर्बान करनी होगी नींद! वनडे सीरीज में बदल जाएगी टाइमिंग, देखें पूरा शेड्यूल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।