Exclusive: भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले डर में कीवी कप्तान टॉम लाथम, बुमराह को लेकर अपनी टीम को दी चेतावनी
न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लाथम ने भारत के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज को लेकर कहा कि उनकी टीम को घरेलू परिस्थितियों के साथ खुद को ढालना होगा।

टॉम लाथम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अभिषेक त्रिपाठी, जागरण। भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड की कप्तानी कर रहे टॉम लाथम ने कहा कि उनकी टीम खुद घर में 12 महीने बाद टेस्ट सीरीज खेल रही है। ऐसे में भारत के साथ उनकी टीम को भी परिस्थितियों के साथ खुद को ढालना होगा। उनका मानना है कि इस टेस्ट सीरीज में दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट देखने को मिलेगा।
इस सीरीज में केवल तेज गेंदबाज नहीं, बल्कि बल्लेबाजों की भूमिका भी काफी अहम होने वाली है। लाथम ने भारत से तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने की भी बात कही। आगामी टेस्ट सीरीज को लेकर टाम लाथम से अभिषेक त्रिपाठी ने विशेष बातचीत की। पेश हैं प्रमुख अंश:-
न्यूजीलैंड ने 2024 में भारत को उसी की धरती पर 3-0 से हराकर इतिहास रचा था। टीम के लिए वह उपलब्धि कितनी खास थी और क्या उस जीत से इस सीरीज में खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा?
यह निश्चित रूप से हमारी टीम के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि थी। मुझे विश्वास है कि उस दौरे पर टीम का हिस्सा रहे कई खिलाड़ी उस जीत को हमेशा अच्छी यादों के रूप में याद करेंगे। हालांकि, हमें यह भी समझना होगा कि उस सीरीज को हुए अब करीब दो साल हो चुके हैं। इस बार परिस्थितियां पूरी तरह अलग हैं और भारतीय टीम का संयोजन भी कुछ बदला हुआ है। किसी भी टीम के विरुद्ध पिछले प्रदर्शन से आत्मविश्वास जरूर मिलता है, लेकिन तब से अब तक काफी क्रिकेट खेली जा चुकी है। परिस्थितियों के लिहाज से भी दोनों दौरों में काफी अंतर है। इस बार वही टीम बेहतर स्थिति में होगी, जो यहां की परिस्थितियों के अनुसार जल्द से जल्द खुद को ढाल लेगी।
ये सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिए भी काफी महत्वपूर्ण है। क्या आपको लगता है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज पर्याप्त है या आप दोनों देशों के बीच लंबी टेस्ट सीरीज देखना चाहेंगे?
मेरे विचार से किसी भी देश के विरुद्ध जितनी अधिक टेस्ट क्रिकेट खेलने का मौका मिले, वह उतना ही अच्छा है। न्यूजीलैंड आमतौर पर दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलता है, लेकिन जब तीन टेस्ट मैच खेलने का अवसर मिलता है तो हमें बहुत अच्छा लगता है। पहले दो मैचों के परिणामों के आधार पर तीसरा टेस्ट भी काफी महत्वपूर्ण हो सकता है। मेरे हिसाब से हम जितनी अधिक टेस्ट क्रिकेट खेलेंगे, उतना ही बेहतर होगा।
भारत पहले टेस्ट में चार तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकता है। वनडे सीरीज में भारतीय तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन देखने के बाद दोनों टीमों के तेज गेंदबाजी आक्रमण के बीच मुकाबले को कैसे देखते हैं?
अगर आप पहले यहां दौरा कर चुकी टीमों को देखें तो उन्होंने अपने गेंदबाजी आक्रमण में परिस्थितियों के अनुसार संतुलन बनाने की कोशिश की है। दोनों टीमों के पास बेहतरीन तेज गेंदबाज हैं। हमारे पास भी कुछ शानदार व्यक्तिगत प्रतिभाएं हैं और भारत के पास भी। दोनों टीमों के गेंदबाज अपना दिन होने पर परिस्थितियों का अच्छा फायदा उठा सकते हैं। बल्लेबाजों के लिए यह निश्चित रूप से चुनौतीपूर्ण होगा। हालांकि, न्यूजीलैंड की पिचों पर आमतौर पर मैच आगे बढ़ने के साथ बल्लेबाजी आसान होती जाती है। ऐसे में जब कोई बल्लेबाज क्रीज पर जम जाता है तो उसके लिए महत्वपूर्ण योगदान देना जरूरी होता है। यह जरूरी नहीं कि हर बार बड़ा स्कोर ही बनाया जाए। छोटी-छोटी साझेदारियां और उपयोगी पारियां भी मैच में बड़ा अंतर पैदा कर सकती हैं। हमने न्यूजीलैंड में करीब 12 महीने से टेस्ट क्रिकेट नहीं खेली है इसलिए हमारे लिए भी यहां की परिस्थितियों और भारतीय गेंदबाजों के अनुरूप खुद को ढालना महत्वपूर्ण होगा।
भारत का बल्लेबाजी क्रम काफी मजबूत है, लेकिन न्यूजीलैंड का तेज गेंदबाजी आक्रमण घरेलू परिस्थितियों में हमेशा प्रभावी रहा है। क्या आपको लगता है कि आपके तेज गेंदबाज सीरीज में बड़ा अंतर पैदा कर सकते हैं?
मुझे लगता है कि यह पूरी टीम का सामूहिक प्रयास होगा। केवल तेज गेंदबाजों पर निर्भर रहने से काम नहीं चलेगा। बल्लेबाजों की भी जिम्मेदारी होगी कि वे गेंदबाजों को पर्याप्त रन दें, ताकि वे विपक्षी टीम पर दबाव बना सकें। जैसा कि मैंने कहा, जो टीम परिस्थितियों के अनुसार जल्दी ढल जाएगी, उसके पास बेहतर मौका होगा। यह हमारी घरेलू परिस्थितियां हैं और पिछले कई वर्षों में हमने यहां अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन हमारे लिए जरूरी है कि हम अपनी रणनीति और खेल के तरीके पर कायम रहें तथा लंबे समय तक अच्छा क्रिकेट खेलें। हम जानते हैं कि भारत के पास बेहतरीन बल्लेबाज हैं, जिन्होंने दुनिया भर में अच्छा प्रदर्शन किया है। उसके पास ऐसे विस्फोटक बल्लेबाज भी हैं, जो कुछ ही समय में मैच का रुख बदल सकते हैं इसलिए हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। हम इस चुनौती के लिए उत्साहित हैं।
शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ियों को देखते हुए भारतीय टीम से आपको किस तरह की चुनौती मिलने की उम्मीद है?
भारतीय बल्लेबाजी की बात करें तो उसमें काफी ताकत है। उसके पास ऐसे खिलाड़ी हैं, जो अपने दिन बेहद आक्रामक बल्लेबाजी कर सकते हैं। साथ ही कुछ ऐसे बल्लेबाज भी हैं, जो लंबे समय तक क्रीज पर टिककर खेलना जानते हैं। उन्होंने पिछले कई वर्षों में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में ऐसा करके दिखाया है। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाज हैं। उनकी क्षमता और कौशल से हर कोई परिचित है। मेरे विचार से वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में शामिल हैं और उनके आंकड़े भी इसकी गवाही देते हैं। उनका गेंदबाजी एक्शन थोड़ा अलग है, इसलिए बल्लेबाजों को उनके सामने अलग तरह की चुनौती मिलती है। इसके अलावा भारत के तीन अन्य तेज गेंदबाज भी अलग-अलग तरह की मुश्किलें पैदा कर सकते हैं। वनडे सीरीज में हमने इनमें से कुछ गेंदबाजों का सामना किया है और पहले भी उनके खिलाफ खेल चुके हैं। यह अनुभव हमारे काम आ सकता है।
बेसिन रिजर्व में पिछले कुछ वर्षों में कई शानदार टेस्ट मैच और बड़ी बल्लेबाजी पारियां देखने को मिली हैं। पहले टेस्ट के लिए यहां की पिच से क्या उम्मीद करनी चाहिए?
मुझे लगता है कि वेलिंगटन की पिच पारंपरिक मिजाज की होगी। भारतीय टीम ने पिच को अच्छी तरह देखा होगा। अगर इसके पुराने रिकॉर्ड पर नजर डालें तो यह पिच आमतौर पर हरी रहती है। शुरुआती दो दिन यहां बल्लेबाजी चुनौतीपूर्ण हो सकती है। हालांकि, किसी भी पिच पर खेलने के लिए आपको अपनी रणनीति बनानी होती है। आपको जैसी पिच मिलती है, उसी के अनुसार खेलना पड़ता है। उम्मीद है कि हम ऐसा करने में सफल रहेंगे।
रचिन रवींद्र ने भी कहा था कि न्यूजीलैंड की पिचों पर घास हो सकती है, जिससे शुरुआती समय में तेज गेंदबाजों को मदद मिलेगी, लेकिन मैच आगे बढ़ने के साथ बल्लेबाजी आसान हो जाएगी। क्या आप उनकी बात से सहमत हैं? भारतीय बल्लेबाजों को इन परिस्थितियों में किस तरह खेलना चाहिए?
मैं भारतीय बल्लेबाजों को यह नहीं बताना चाहूंगा कि उन्हें किस तरह खेलना चाहिए (हंसते हुए) लेकिन हां, रचिन की बात बिल्कुल सही है। शुरुआती दो दिन बल्लेबाजी काफी मुश्किल हो सकती है, लेकिन इसके बाद पिच सपाट होने लगती है। यहां आमतौर पर बहुत ज्यादा स्पिन भी नहीं मिलती। हमारी टीम में भी लगातार इस बात पर चर्चा होती है कि किसी भी पिच पर खुद को उसके अनुरूप ढालना कितना महत्वपूर्ण है। हमें यहां पहले खेले गए मैचों और क्राइस्टचर्च में मिले अनुभवों से सीख लेनी होगी। उम्मीद है कि हम उन अनुभवों का फायदा उठा पाएंगे। अगर हम अच्छा क्रिकेट खेलते हैं तो मैच के अंत में खुद को बेहतर स्थिति में पाएंगे।
न्यूजीलैंड में शुरुआती 10 से 15 ओवर, बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए काफी चुनौतीपूर्ण होते हैं। इस सीरीज में नई गेंद के विरुद्ध बेहतर प्रदर्शन करना कितना महत्वपूर्ण होगा?
किसी भी पारी की शुरुआत अच्छी करना जरूरी होता है, चाहे आप बल्लेबाजी कर रहे हों या गेंदबाजी। जैसा कि आपने कहा, शुरुआती 15 से 20 ओवर चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, लेकिन यह मुश्किल दौर इससे अधिक समय तक भी चल सकता है। बल्लेबाजों के लिए जरूरी है कि वे अपनी भूमिका को अच्छी तरह समझें और उसी के अनुसार खेलें। यह भूमिका मैच की शुरुआत और अंतिम चरण में अलग-अलग हो सकती है। गेंदबाजों के लिए लंबे समय तक विपक्षी बल्लेबाजों से सवाल पूछते रहना जरूरी है। अगर हम दोनों छोर से लगातार दबाव बनाए रख पाए तो हमारे गेंदबाज इन परिस्थितियों का फायदा उठाने में सक्षम हैं।
टॉम ब्लंडेल, डेवोन कॉन्वे और रचिन चोट से उबरकर वापसी कर रहे हैं। पहले टेस्ट के लिए अपनी सबसे मजबूत एकादश उपलब्ध होने को लेकर आप कितने आश्वस्त हैं?
मैं इसे लेकर बेहद आश्वस्त हूं। इन सभी खिलाड़ियों ने पहले टेस्ट के लिए खुद को तैयार करने के लिए जरूरी मेहनत की है। उन्होंने पर्दे के पीछे काफी काम किया है और अब वे खेलने के लिए तैयार हैं।
मार्च तक न्यूजीलैंड को 10 टेस्ट मैच खेलने हैं। डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचने की आपकी उम्मीदों के लिहाज से यह सीरीज कितनी महत्वपूर्ण है?
मेरा मानना है कि हर टेस्ट मैच महत्वपूर्ण होता है। डब्ल्यूटीसी में हर मैच के अंक काफी मायने रखते हैं। घरेलू मैदान पर होने वाले मुकाबले और भी महत्वपूर्ण हो जाते हैं, क्योंकि विदेशी धरती पर जीत हासिल करना आसान नहीं होता। पिछले कुछ वर्षों में हमने भी इसका अनुभव किया है। हम फिलहाल डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में शीर्ष पर हैं, लेकिन हमारा ध्यान अपनी शैली के अनुसार क्रिकेट खेलने पर है, जो हमारी टीम के लिए महत्वपूर्ण हैं। अगर हम ऐसा कर पाए तो अंत में खुद को उस स्थिति में पाएंगे, जहां हम पहुंचना चाहते हैं।
न्यूजीलैंड ने भारत को उसकी धरती पर हराया है और इंग्लैंड में भी ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। क्या मौजूदा टीम में न्यूजीलैंड क्रिकेट इतिहास की सर्वश्रेष्ठ टेस्ट टीमों में शामिल होने की क्षमता है?
पिछली पीढ़ी के खिलाड़ियों ने जो उपलब्धियां हासिल कीं, वे शानदार थीं। उन्होंने जिस तरह की क्रिकेट खेली और जिस रास्ते पर आगे बढ़े, उसने हमारे लिए एक मजबूत आधार तैयार किया। उन्होंने ऐसी क्रिकेट खेलने की परंपरा बनाई, जिसे न्यूजीलैंड के लोग पसंद करते हैं और जिस पर हमें गर्व है। अब हमारे पास उसी रास्ते पर आगे बढ़ने का अवसर है। हमारी टीम में अपार प्रतिभा है। अगर हम अपनी शैली के अनुसार क्रिकेट खेलते रहे और उन चीजों पर ध्यान दिया, जो हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं तो निश्चित रूप से अच्छे नतीजे हासिल कर सकते हैं।
आप भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों से क्या कहना चाहेंगे, जो 2024 में मिली 0-3 की हार का बदला लेते हुए अपनी टीम को देखना चाहते हैं?
मैं बस यही उम्मीद करता हूं कि यह एक शानदार सीरीज हो। मुझे पूरा विश्वास है कि ऐसा ही होगा। दोनों टीमें एक-दूसरे का बहुत सम्मान करती हैं और हमने विश्व कप सहित अलग-अलग प्रारूपों में कई बार एक-दूसरे के विरुद्ध क्रिकेट खेली है। चाहे मुकाबले भारत में हुए हों या न्यूजीलैंड में, दोनों टीमों के बीच अच्छी प्रतिस्पर्धा रही है। दोनों मजबूत टीमें हैं और मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को एक रोमांचक सीरीज देखने को मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।