IND vs NZ: 'कोई फर्क नहीं पड़ता', मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को बाहर करने पर शुभमन गिल ने दी सफाई
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को न खिलाने को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
-1795415612386_m.webp)
मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को लेकर गिल ने तोड़ी चुप्पी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को बाहर रखने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। गिल ने कहा है कि इन दोनों को ही मैच से पहले बता दिया गया था कि क्यों प्लेइंग-11 में इन्हें जगह नहीं मिलेगी।
सिराज और जडेजा दोनों ही प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं थे और टीम मैनेजमेंट के इस फैसले की जमकर आलोचना हुई थी। पहला मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ और इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए गिल ने कहा कि इन दोनों को बाहर करने का फैसला काफी मुश्किल था, लेकिन टीम संयोजन को देखते हुए ऐसा किया गया।
गिल ने दी सफाई
मैच के आखिरी दिन सोमवार को भारत को न्यूजीलैंड के आठ विकेट और गिराने थे जिसमें वह असफल रहा और डेरिल मिचेल-ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने विकेट पर पैर जमाते हुए मैच ड्रॉ करा दिया। मैच के बाद गिल से प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिराज और जडेजा को बाहर करने को लेकर सवाल किया गया। इस पर गिल ने कहा, "सिराज मेरे काफी करीबी दोस्त हैं और उनको टीम से बाहर करना मेरे लिए काफी मुश्किल फैसला था। यही बात जडेजा पर भी लागू होती है। हमने काफी सारी क्रिकेट साथ में खेली है और मैं उन्हें लंबे समय से जानता हूं। मैंने टेस्ट से पहले दोनों से बात की थी और इस फैसले के पीछे की वजह बताई थी। दोनों ने स्थिति को समझा था।"
गिल ने कहा, "हर खिलाड़ी इस दौर से गुजरता है जब वह अपनी बेस्ट फॉर्म में नहीं होता और हमने मौजूदा फॉर्म को लेकर टीम चुनी थी। मुझे नहीं लगता कि जडेजा और सिराज के टीम में होने से कोई ज्यादा अंतर पड़ता।"
ऐसा रहा मैच
इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 368 रन बनाए थे। जवाब में टीम इंडिया ने विशाल स्कोर खड़ा किया और अपनी पहली पारी नौ विकेट के नुकसान पर 720 रनों पर घोषित कर मेजबान टीम पर 352 रनों की बढ़त ले ली थी। न्यूजीलैंड की टीम आखिरी दिन इस स्कोर को पार नहीं कर पाई और न ही टीम इंडिया इस स्कोर से पहले न्यूजीलैंड को ऑल आउट कर पाई जिसके चलते मैच ड्रॉ पर समाप्त हो गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।