IND vs NZ: जीत रह गई दूर तो पिच को दोष देने लगे शुभमन गिल, समय से पहले हथियार डालने की भी बताई वजह
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने पहला टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बाद पिच को कोसा है और उम्मीद जताई है कि अगले मैच में पिच से गेंदबाजों को मदद मिलेगी।
-1795412055635_m.webp)
शुभमन गिल ने पिच को दिया दोष

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन सोमवार को जब मैदान पर उतरी थी तो जीत की दावेदार थी। उसकी जीत लगभग सुनिश्चित लग रही थी, लेकिन डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की साझेदारी ने मैच ड्रॉ कर दिया। इसके बाद टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने पिच को दोष दिया है।
आखिरी दिन न्यूजीलैंड की टीम भारत से 233 रन पीछे थी। टीम इंडिया को इससे पहले ही मेजबान टीम के बचे हुए आठ विकेट निकालने थे जो वह निकाल नहीं पाई और मैच ड्ऱॉ हो गया। न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट खोकर 239 रन बनाए। डेरिल मिचेल 186 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 49 रन बनाने में सफल रहे। ग्लेन फिलिप्स ने 126 गेंदों पर दो चौकों की मदद से नाबाद 26 रन बनाए।
पिच से नहीं मिली मदद
मैच ड्ऱॉ होने के बाद गिल ने कहा कि उनकी टीम ने अच्छा खेल दिखाया, लेकिन पिच से मदद नहीं मिली और इसी कारण वह जीत का मौका गंवा बैठे। गिल ने साथ ही बताया कि उन्होंने समय से पहले मैच खत्म करने के न्यूजीलैंड के प्रस्ताव को क्यों कबूल किया।
गिल ने कहा, "हमें पता था कि इस पिच पर 10 विकेट लेना चुनौती होगा। मैदान पर हमारा दिन अच्छा रहा। मुझे लगता है कि घर से बाहर हमारा खेल अच्छा रहा है। हमने हर क्षेत्र में उनको चुनौती दी। पहली पारी में गेंद से हमने अच्छा खेल दिखाया। इसके बाद बल्ले से भी हमने दो शतकों के साथ ही 700 से ज्यादा का स्कोर किया।"
उन्होंने कहा, "उम्मीद है कि क्राइस्टचर्च में गेंदबाजों को विकेट से मदद मिलेगी। अगर यहां पिच में गेंदबाजों के लिए मदद होती तो हम खेलना जारी रखते, लेकिन 5-10 ओवरों से कुछ नहीं होने वाला था।"
ऐसा रहा मैच
न्यूजीलैंड ने इस मैच में पहली पारी खेली थी और 368 रन बनाए थे। टीम इंडिया ने अपने बल्लेबाजों के दम पर नौ विकेट खोकर 720 रनों पर पारी घोषित कर दी और न्यूजीलैंड पर 352 रनों की बढ़त ले ली। न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट खोकर 239 रन बनाए। भारत के लिए इस मैच में केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतक जमाए। राहुल ने 290 गेंदों पर नौ चौके और दो छक्कों की मदद से 136 रनों की पारी खेली। वहीं, पंत ने 153 गेंदों पर 128 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और छह छक्के शामिल रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।