विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

IND vs NZ: मैच से पहले ही गर्म हुआ माहौल, वैभव सूर्यवंशी को लेकर श्रेयस अय्यर और सैंटनर के बीच तीखी बहस

Published: Wed, 21 Oct 2026 11:57 PM (IST)

भारत-न्यूजीलैंड टी-20 सीरीज से पहले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की टीम में जगह को लेकर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर और कीवी कप्तान मिशेल सैंटनर के अलग-अलग विचार सामने आए हैं।

वैभव सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से क्रिकेट प्रेमियों के बीच खास पहचान बना ली है। उनके सामने कोई भी टीम हो, प्रशंसक उनकी बल्लेबाजी देखने के लिए उत्साहित रहते हैं। हालांकि, न्यूजीलैंड के विरुद्ध टी-20 मुकाबले का रोमांच शुरू होने से पहले वैभव को लेकर कीवी कप्तान मिशेल सैंटनर और भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर की अलग-अलग राय सामने आई है।

सैंटनर ने कहा कि अगर वैभव सूर्यवंशी गुरुवार से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज में भारत की अंतिम एकादश में जगह बनाते हैं तो उन्हें रोकना मुश्किल होगा लेकिन उनकी टीम ने इस युवा बल्लेबाज के लिए कुछ रणनीति तैयार की हैं। वहीं, श्रेयस ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी को अभी अंतिम एकादश में आसानी से जगह नहीं मिल सकती, क्योंकि अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन प्रारंभिक बल्लेबाज के रूप में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

श्रेयस अय्यर ने दी प्रतिक्रिया

हालांकि, उन्होंने कहा कि इस युवा बल्लेबाज को सही समय पर उचित मौके जरूर मिलेंगे। आगे उन्होंने कहा कि सूर्यवंशी को विदेशी परिस्थितियों का अनुभव हासिल करने से भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि जब भी वह विदेश की यात्रा करेगा तो उसे इस तरह के विकटों पर खेलने का अच्छा अंदाजा हो जाएगा। ऐसे में अगली बार जब वह विदेश दौरे पर आएगा तो वह पूरी तरह से तैयार होगा और वह पहली बार दौरा करने वाले खिलाड़ियों के साथ भी अपना अनुभव साझा कर सकता है।

सूर्यवंशी को इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए टीम में चुना गया था। भारत ने तब से जो 21 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं उनमें से सूर्यवंशी ने केवल आठ में हिस्सा लिया है, क्योंकि नियमित प्रारंभिक बल्लेबाज अभिषेक और सैमसन लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

भारतीय गेंदबाजी को अनुभव देंगे भुवनेश्वर: अय्यर

भारतीय टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने बुधवार को कहा कि हाल के दिनों में टीम के गेंदबाजी आक्रमण में अनुभव की कमी रही है और अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की वापसी से इसे दूर करने में मदद मिलेगी। भुवनेश्वर ने चार साल बाद भारतीय टी-20 टीम में वापसी की है। इस 36 वर्षीय तेज गेंदबाज को न्यूजीलैंड के विरुद्ध गुरुवार से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है।

अय्यर ने पहले मैच की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा कि भुवी की वापसी से भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण को काफी अनुभव मिला है। आईपीएल के बाद हमें इसकी कमी खल रही थी क्योंकि टीम में काफी नए तेज गेंदबाजों को शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर ने पिछले दो वर्ष में आइपीएल में अच्छा प्रदर्शन किया है। इसलिए वह जानते हैं कि इस प्रारूप में दबदबा बनाने के लिए क्या करना होता है।

यह भी पढ़ें- SA vs AUS 2nd Test: साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को किया शर्मसार, मैच के चौथे दिन 'ड्राइविंग सीट' पर प्रोटियाज

यह भी पढ़ें- Ranji Trophy Round-up: मुंबई ने हिमाचल को पारी से रौंदा, बडोनी का दोहरा शतक भी दिल्ली को नहीं दिला सका जीत