विराट-रोहित से निपटने के लिए तैयार न्यूजीलैंड की टीम, फिन एलन ने वनडे सीरीज से पहले दी चुनौती
न्यूजीलैंड के बल्लेबाज फिन एलन ने आगामी वनडे सीरीज में भारत को कड़ी चुनौती देने का दावा किया है। उन्होंने ...और पढ़ें

रोहित शर्मा-विराट कोहली

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
नितिन नागर, जागरण, नई दिल्ली। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज फिन एलन का कहना है कि टी-20 सीरीज में अंतिम दो मैच जीतने के बाद उनकी टीम बुधवार से शुरू हो रही पांच मैचों की वनडे सीरीज में भी भारत को कड़ी चुनौती देगी। फिन का कहना है कि रोहित और विराट के आने से भारतीय टीम को मजबूती मिलेगी, लेकिन हमारे गेंदबाजों ने भी उनसे निपटने की स्पष्ट रणनीति बनाई है। आगामी वनडे सीरीज को लेकर फिन एलन से नितिन नागर ने विशेष बातचीत की। पेश हैं प्रमुख अंश:-
रोहित और विराट के पास वनडे क्रिकेट का अपार अनुभव है। कीवी टीम इनसे कैसे निपटेगी?
अच्छी बात यह है कि इन दोनों के विरुद्ध गेंदबाजी की जिम्मेदारी हमारे गेंदबाजों की है। रोहित और विराट प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और लंबे समय से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके लंबे करियर का एक फायदा यह है कि हमारे खिलाड़ियों ने उन्हें काफी देखा है। इससे उनकी बल्लेबाजी को समझने, उसका विश्लेषण करने और रणनीति बनाने के अवसर मिलते हैं। मैं टीम की बैठकों का हिस्सा नहीं होता, इसलिए नहीं जानता कि वहां इस पर कितनी चर्चा हुई है। हालांकि, हमारे गेंदबाज आपस में बात करते हैं और उनकी अच्छी समझ है। मुझे भरोसा है कि गेंदबाज पूरी तैयारी और स्पष्ट योजना के साथ उतरेंगे। दोनों के विरुद्ध खेलना रोमांचक होगा।
शुभमन, रोहित और विराट जैसे बल्लेबाजों के रहते भारतीय बल्लेबाजी में न्यूजीलैंड के लिए सबसे बड़ी चुनौती क्या होगी?
इन तीनों के पास काफी अनुभव है। दबाव झेलने, परिस्थिति के मुताबिक जवाब देने और जरूरत पड़ने पर आक्रामक होने की उनकी क्षमता उन्हें खास बनाती है। वे ऐसी परिस्थितियों से कई बार गुजर चुके हैं, इसलिए उनकी तैयारी और दिनचर्या में निरंतरता है। लगातार रन बनाने वाले बल्लेबाज विपक्षी टीम के लिए खतरा होते हैं। इन तीनों में जरूरत पड़ने पर बल्लेबाजी की गति बढ़ाकर छठे गियर में जाने की क्षमता है। हालांकि, हमारे गेंदबाज भी भारतीय बल्लेबाजों को कड़ी चुनौती दे सकते हैं, खासकर अपनी घरेलू परिस्थितियों में। मैं दोनों टीमों के मुकाबले को देखने के लिए उत्साहित हूं।
आप आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। वनडे में पारी संभालने और तेजी से रन बनाने के बीच संतुलन कितना अहम है?
मेरे लिए आक्रामक इरादा बनाए रखना जरूरी है, लेकिन वनडे में परिस्थिति के अनुसार जोखिम लेना चाहिए। हर गेंद पर छक्का लगाने के बजाय गैप में शॉट खेलना और गेंद को जमीन के साथ सीमा रेखा तक पहुंचाना बेहतर विकल्प हो सकता है। विकेटों के बीच तेजी से दौड़ना और स्ट्राइक बदलते रहना भी अहम है। मैंने टी20 क्रिकेट में इस पर काफी काम किया है और वनडे में भी इसका फायदा उठाना चाहता हूं। मध्य ओवरों में रन बनाते रहना और गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखना मेरी कोशिश होगी।
वनडे में बड़े स्कोर लगातार बन रहे हैं। क्या इसकी वजह सपाट पिचें और छोटी बाउंड्री हैं या बल्लेबाजों का बदलता अंदाज भी जिम्मेदार है?
आजकल बल्लेबाज ज्यादा निडर हो गए हैं। उन्हें भरोसा है कि वे आक्रामक शॉट खेलकर भी निरंतर रन बना सकते हैं। वनडे में मध्य ओवरों के दौरान 30 गज के घेरे के बाहर केवल चार क्षेत्ररक्षक होने से मैदान में गैप मिलते हैं, जिसका बल्लेबाज फायदा उठाते हैं। हमने भी इस पहलू पर चर्चा की है। अब पारी के हर चरण में तेजी से रन बनाने की क्षमता महत्वपूर्ण हो गई है। मैं भी अपनी टीम के लिए इसी तरह योगदान देना चाहता हूं।
भारतीय गेंदबाजों की विविधता से निपटने के लिए आपकी क्या योजना होगी?
मेरा ध्यान अपनी तकनीक और मानसिकता मजबूत रखने पर रहता है। इससे गेंद स्विंग होने या सीम मूवमेंट मिलने पर खुद को ढालने में मदद मिलती है। विपक्षी गेंदबाजों के बारे में जरूरत से ज्यादा सोचने से दबाव बढ़ सकता है। टी20 सीरीज में भुवनेश्वर कुमार ने स्विंग और सीम मूवमेंट से अलग-अलग तरह की चुनौती पेश की। इसलिए मैं अपनी खूबियों पर भरोसा करते हुए खेलने पर ध्यान देता हूं।
टी-20 सीरीज के बाद क्या न्यूजीलैंड को वनडे में बेहतर प्रदर्शन के लिए अतिरिक्त प्रेरणा मिलेगी?
देश के लिए खेलना ही सबसे बड़ी प्रेरणा है। भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ घरेलू मैदान पर उतरना बड़ी चुनौती है। इसलिए मुझे नहीं लगता कि टी-20 सीरीज के नतीजों के कारण हमें अतिरिक्त प्रेरणा की जरूरत है। हालांकि, अच्छा प्रदर्शन करने की भूख और बढ़ सकती है। हमारी टीम पहले से ही पूरी तरह प्रेरित है।
भारत और न्यूजीलैंड वनडे सीरीज का प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा।
यह भी पढ़ें- Ranji Trophy Round-up: हर्ष दुबे का ऐतिहासिक करिश्मा, एक ही पारी में झटके 9 विकेट; मोहम्मद शमी ने भी दिखाया जलवा
यह भी पढ़ें- IND vs NZ: जसप्रीत बुमराह की कमी खलेगी, टीम इंडिया का सिरदर्द बढ़ा सकती है अनुभवहीन गेंदबाजी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।