ओलिंपिक स्वर्ण पदक से पहले विश्व कप: क्रिस हैरिस
क्रिस हैरिस ने कहा कि उनके लिए विश्व कप जीतना पहली प्राथमिकता है, जिसके बाद ओलिंपिक स्वर्ण पदक का स्थान आता है।

क्रिस हैरिस का इंटरव्यू

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट क्राइस्टचर्च में खेला जा रहा है। यहां कमेंट्री कर रहे न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर क्रिस हैरिस ने 2028 लास एंजिलिस ओलिंपिक में क्रिकेट को शामिल किए जाने का समर्थन किया है।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट को वैश्विक मंच पर पहुंचाने का हर अवसर खेल के लिए फायदेमंद है। हैरिस के कहा कि उनके लिए फिलहाल विश्व कप जीतना पहली प्राथमिकता होगी, जबकि ओलिंपिक स्वर्ण पदक दूसरे स्थान पर रहेगा। न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर क्रिस हैरिस से अभिषेक त्रिपाठी ने विशेष बातचीत की। प्रस्तुत हैं प्रमुख अंश:--
क्या आपको लगता है कि आज के दौर में ऑलराउंडरों के लिए खेलना आसान नहीं रह गया है?
ऑलराउंडरों के लिए स्थिति इतनी खराब नहीं है, जितनी गेंदबाजों के लिए है। गेंदबाजों को भी अपने मौके मिलते हैं, क्योंकि आधुनिक बल्लेबाज बहुत आक्रामक होते हैं और इससे विकेट लेने के अवसर बनते हैं लेकिन जब कोई आधुनिक बल्लेबाज क्रीज पर जम जाता है तो उसे रोकना बेहद मुश्किल हो जाता है।
आज के बल्ले पहले से बेहतर लगते हैं। मैदान की बाउंड्री भी कुछ छोटी दिखाई देती हैं। उन्हें इतना बड़ा भी नहीं रखा जा सकता कि वे स्टेडियम के बिल्कुल किनारे तक पहुंच जाएं।
आधुनिक बल्लेबाज जिस तरह गेंद को हिट करते हैं, उसे देखते हुए लगता है कि दुनिया में कोई भी बाउंड्री इतनी बड़ी नहीं है कि उनके अच्छे दिन पर उन्हें रोक सके।
टेस्ट क्रिकेट में असली ऑलराउंडर बहुत कम सामने आ रहे हैं। बेन स्टोक्स शायद आखिरी बड़े ऑलराउंडर रहे हैं। मुझे लगता है कि आधुनिक क्रिकेट में टीमों के पास मुख्य रूप से पांच बल्लेबाज और गेंदबाज होते हैं।
कुछ गेंदबाज ऐसे भी होते हैं जो अच्छी बल्लेबाजी कर लेते हैं। खासकर सीमित ओवरों के क्रिकेट में अब खेल का जोर गेंद को ज्यादा से ज्यादा हिट करने पर है। शायद यही वजह है कि अब हमें पहले की तुलना में कम लराउंडर दिखाई देते हैं, क्योंकि हर विभाग में विशेषज्ञ खिलाड़ी नजर आ रहे हैं।
अब खिलाड़ी पहले की तरह लगातार क्रिकेट नहीं खेलते। वे चुनिंदा टूर्नामेंट खेलते हैं। जैसे अगर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल आने वाला हो तो वे टेस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता दे सकते हैं?
मेरे हिसाब से अगर आपकी टीम में एक अच्छा ऑलराउंडर है तो वह ऐसा होना चाहिए जो अपनी बल्लेबाजी के दम पर टीम में जगह बना सके या अपनी गेंदबाजी के दम पर भी टीम में शामिल हो सके।
बेन स्टोक्स और एंड्रयू फ्लिंटॉफ जैसे खिलाड़ियों को देखिए। वे ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपनी काबिलियत के दम पर बल्लेबाज या गेंदबाज के रूप में टीम में जगह बना सकते थे।
अगर कोई खिलाड़ी दोनों विभागों में इतना अच्छा है तो आप उसे हमेशा टीम में खेलते हुए देखना चाहेंगे, क्योंकि आप जानते हैं कि ऐसे खिलाड़ी कितने खास होते हैं।
हालांकि, मेरे जैसे ऑलराउंडरों की भूमिका थोड़ी कम हुई है, जो हर विभाग में थोड़ा-थोड़ा योगदान देते थे। लेकिन मेरा मानना है कि ज्यादातर खिलाड़ी आधुनिक क्रिकेट के माहौल में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं, क्योंकि यहां लगातार चुनौती मिलती है और हर समय दबाव बना रहता है।
मेरे दौर में सचिन तेंदुलकर या ब्रायन लारा जैसे बल्लेबाजों को आउट करने की कोशिश करना बड़ी चुनौती होती थी। अगर आप अपने प्रदर्शन से मैच का नतीजा बदलने में सफल हो जाते हैं तो वह बहुत खास एहसास होता है।
इन दिनों टेस्ट पिचें या तो बल्लेबाजों के लिए बहुत अनुकूल होती हैं या गेंदबाजों के लिए। क्या आपको लगता है कि हम खेल की संतुलित परिस्थितियों की परंपरा खो रहे हैं?
आपने बहुत अच्छी बात कही है और इस पर काफी चर्चा भी हुई है। आधुनिक तकनीक के कारण पिचें बेहतर हो गई हैं। उदाहरण के लिए ऑस्ट्रेलिया की बात करें तो पहले जब आप पर्थ जाते थे तो आपको पता होता था कि वहां तेज और उछाल वाली पिच मिलेगी।
मैच के आखिरी दिनों में पिच पर दरारें भी पड़ने लगती थीं। मैच का रुख किसी भी तरफ जा सकता था और यही चीज पर्थ को खास बनाती थी। इसी तरह सिडनी जाने पर पता होता था कि वहां स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिलेगी लेकिन अब तकनीक इतनी बेहतर हो गई है कि पिच तैयार करने वाले जानते हैं कि उसमें कितनी नमी होनी चाहिए और किस तरह की मिट्टी सबसे अच्छी रहेगी।
अब पिचें लंबे समय तक एक जैसी बनी रहती हैं और उनमें पहले की तरह टूट-फूट नहीं होती। कुछ लोगों का मानना है कि यह अच्छी बात नहीं है, क्योंकि इससे टेस्ट क्रिकेट की वह खासियत खत्म हो रही है, जो पहले पिचों के व्यवहार से जुड़ी होती थी।
हालांकि, मेरा मानना है कि अगर दो अच्छी टीमें आमने-सामने हों तो मुकाबला शानदार हो सकता है। मुझे लगता है कि यहां क्राइस्टचर्च में भी हमें एक अच्छी पिच पर बेहद रोमांचक टेस्ट मैच देखने को मिलेगा।
भारी पैसे और आर्थिक आजादी ने खिलाड़ियों को अपने करियर के बारे में पहले से अलग तरीके से सोचने का मौका दिया है?
बिल्कुल। मेरे दौर में, चाहे आप किसी भी देश से हों, अगर आपको क्रिकेट से अच्छी कमाई करनी थी और इसे अपना पेशा बनाना था तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना जरूरी था लेकिन अब खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना जरूरी नहीं रह गया है।
यही वजह है कि आज हमें बहुत सारे आक्रामक खिलाड़ी देखने को मिल रहे हैं। टी-20 क्रिकेट के कारण वनडे मैचों में भी रन बनाने की गति बढ़ी है। टेस्ट क्रिकेट में भी अब प्रति ओवर रन बनाने का औसत काफी ज्यादा हो गया है। मुझे लगता है कि इसकी वजह यही है कि अब अच्छी कमाई करने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना जरूरी नहीं है।
अगर आपको भी कुछ साल पहले आईपीएल खेलने का मौका मिला होता तो आपके लिए फ्रेंचाइजी के बीच बोली लगाने की होड़ मच सकती थी?
आपकी तारीफ के लिए धन्यवाद। बोली लगाने की होड़ तो बड़ी बात होती, मैं तो सिर्फ उससे ही खुश होता कि कोई टीम मेरे बारे में सोचती। सच कहूं तो मुझे टी-20 क्रिकेट बहुत पसंद आता। मुझे नहीं लगता कि मैं किसी एक विभाग में बहुत खास नजर आता, लेकिन मैं बल्लेबाजी कर सकता था, गेंदबाजी कर सकता था और अच्छी फील्डिंग भी कर सकता था। मेरा मानना है कि आधुनिक क्रिकेट में फील्डिंग बहुत महत्वपूर्ण है।
आज भी मुझे लगता है कि मैं अलग-अलग टीमों को फील्डिंग से जुड़ी कुछ नई चीजें और विचार दे सकता हूं। आधुनिक टी-20 खिलाड़ियों को किस तरह खेलना चाहिए और खुद को किस स्थिति में रखना चाहिए, इस बारे में भी मैं कुछ सुझाव दे सकता हूं। इसलिए हां, शायद मैं किसी भूमिका में योगदान दे सकता था।
वनडे क्रिकेट के भविष्य को लेकर आपकी क्या राय है? 2027 के बाद इसका भविष्य कैसा देखते हैं?
यह दिलचस्प है कि आपने यह सवाल पूछा, क्योंकि हम हर साल या हर दो साल में इस पर चर्चा करते हैं। लोग कहते हैं कि वनडे क्रिकेट संघर्ष कर रहा है। अब टी-20 आ गया है, जो आधुनिक वनडे क्रिकेट है। वहीं पारंपरिक टेस्ट क्रिकेट भी मौजूद है। ऐसे में लगता है कि क्रिकेट के सिर्फ दो प्रारूप रह गए हैं लेकिन जब विश्व कप आता है तो वह समय बेहद खास होता है।
हमें सफेद गेंद के क्रिकेट के कुछ बेहतरीन मुकाबले और शानदार फिनिश देखने को मिलते हैं। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले तो बेहद खास होते हैं। विश्व कप के दौरान हर कोई कहता है कि वनडे क्रिकेट को खत्म नहीं किया जा सकता, क्योंकि यह इतना खास प्रारूप है। हम इस बारे में काफी चर्चा करते हैं, लेकिन विश्व कप का रोमांच हमेशा अलग होता है इसीलिए मेरा मानना है कि वनडे क्रिकेट लंबे समय तक बना रहेगा।
क्रिकेट लास एंजिलिस ओलिंपिक में भी शामिल होने जा रहा है। क्या आपको लगता है कि ओलिंपिक में क्रिकेट के शामिल होने से इस खेल को वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय बनाने में मदद मिलेगी?
मेरा मानना है कि क्रिकेट को दुनिया के बड़े मंच पर पहुंचाने का हर अवसर इस खेल के लिए अच्छा है इसलिए बिल्कुल, ओलिंपिक में क्रिकेट के शामिल होने से खेल को फायदा होगा। फिलहाल मेरे लिए विश्व कप जीतना पहली प्राथमिकता होगी, लेकिन उसके ठीक बाद ओलिंपिक स्वर्ण पदक का स्थान होगा।
मैंने यह क्रम इसलिए रखा है, क्योंकि ओलिंपिक में स्वर्ण पदक क्रिकेट के लिए अभी नई उपलब्धि होगी, जबकि विश्व कप काफी समय से खेला जा रहा है। मुझे नहीं लगता कि आप किसी भी क्रिकेटर से पूछेंगे कि क्या वह विश्व कप जीतना चाहेगा और वह इसका जवाब ना में देगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।