'पूरे बिहार को गर्व है', BCA अध्यक्ष ने रिकॉर्डतोड़ दोहरा शतक लगाने पर वैभव सूर्यवंशी की तारीफ में बांधे पुल
वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ 53 गेंदों में 204 रन बनाकर ऐतिहासिक दोहरा शतक जड़ा। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने इस असाधारण उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी।
-1795590399691_m.webp)
बीसीए अध्यक्ष ने की वैभव की तारीफ (फोटो-BCCI)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, पटना। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के अध्यक्ष श्री हर्ष वर्धन ने मंगलवार को दोहा में आयोजित एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ ऐतिहासिक दोहरा शतक लगाने वाले बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को बधाई दी।
15 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को हैरान करते हुए महज 53 गेंदों में 204 रन बनाए। अपनी इस असाधारण पारी के दौरान उन्होंने 28 छक्के और सात चौके लगाए।
इस पारी में वैभव ने लिस्ट ए क्रिकेट में महज 28 गेंदों में शतक पूरा कर सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसके बाद उन्होंने केवल 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर इस प्रारूप में एक और विश्व रिकॉर्ड कायम किया।
बीसीए अध्यक्ष ने की जमकर तारीफ
वैभव की इस ऐतिहासिक पारी की बदौलत इंडिया ए ने मुकाबले में सात विकेट से शानदार जीत दर्ज की। UAE द्वारा दिए गए 249/8 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंडिया ए ने महज 14.2 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 254 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस सफल रन चेज में वैभव की भूमिका निर्णायक रही।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर BCA अध्यक्ष श्री हर्ष वर्धन ने वैभव को बधाई देते हुए कहा, “वैभव सूर्यवंशी ने अपने असाधारण बल्लेबाजी प्रदर्शन से इतिहास रच दिया है और बिहार के प्रत्येक क्रिकेट प्रेमी को अपार गर्व का अवसर दिया है। महज 53 गेंदों में 204 रन बनाना और लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड कायम करना असाधारण उपलब्धि है। उनकी निडर बल्लेबाजी, अद्भुत क्षमता और आत्मविश्वास उनकी अपार प्रतिभा को दर्शाता है।”
उन्होंने आगे कहा, “वैभव की यह उपलब्धि बिहार क्रिकेट के लिए विशेष महत्व रखती है। वह राज्य के हजारों युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणास्रोत बन गए हैं, जो देश का प्रतिनिधित्व करने का सपना देखते हैं। उनका सफर दर्शाता है कि समर्पण, कड़ी मेहनत और सही अवसर मिलने पर बिहार की युवा प्रतिभाएं भी सबसे बड़े मंचों पर अपनी पहचान बना सकती हैं। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से मैं उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं और उनके निरंतर सफल क्रिकेटिंग सफर की कामना करता हूं। उम्मीद है कि वह भविष्य में भी कई नए कीर्तिमान स्थापित कर बिहार और भारतीय क्रिकेट को गौरवान्वित करेंगे।”
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि एसोसिएशन राज्य की युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
यह भी पढ़ें- रवींद्र जडेजा ने एकदम अनोखे अंदाज में वैभव सूर्यवंशी की तारीफ की, पोस्ट देख हंसी रोक पाना होगा मुश्किल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।